MCX Q2 Results: मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़कर 455 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में भी 114% का उछाल
MCX Q2 Results: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा बढ़कर 454.57 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, रेवेन्यू 114 फीसदी बढ़कर 799.66 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA मार्जिन में भी सुधार हुआ है.

कमोडिटी एक्सचेंज MCX ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा बढ़कर 454.57 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 197.47 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. कंपनी के मुनाफे के साथ रेवेन्यू और ऑपरेटिंग कमाई में भी जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके अलावा ब्रोकरेज फर्म SBI Securities ने MCX के शेयर में 14 फीसदी तक की तेजी की संभावना जताई है.
114 फीसदी बढ़ा MCX का रेवेन्यू
MCX की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 799.66 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 374.23 करोड़ रुपये था. इस तरह कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर करीब 114 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
वहीं, कंपनी का EBITDA भी बढ़कर 611.24 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 243.63 करोड़ रुपये था. EBITDA मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है. यह पिछले साल के 65.1 फीसदी से बढ़कर 76.4 फीसदी हो गया.
पहली छमाही में भी शानदार प्रदर्शन
MCX ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी मजबूत प्रदर्शन किया है. अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना आधार पर 100.8 फीसदी बढ़कर 1,502 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, EBITDA में 121.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 1,206 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
इस दौरान कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स यानी PAT भी 116.4 फीसदी बढ़कर 868 करोड़ रुपये हो गया. पहली छमाही में एक्सचेंज की ट्रेडिंग एक्टिविटी में भी तेजी देखने को मिली. फ्यूचर कारोबार का औसत दैनिक टर्नओवर 61280 करोड़ रुपये रहा, जबकि ऑप्शन कारोबार का औसत दैनिक टर्नओवर 10,96,529 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
कोल एक्सचेंज सब्सिडियरी में 51.5 करोड़ का निवेश
MCX ने सितंबर तिमाही के दौरान अपनी सब्सिडियरी MCX Coal Exchange of India Ltd में अतिरिक्त 51.50 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इसके साथ ही इस सब्सिडियरी में कंपनी का कुल निवेश 30 सितंबर 2026 तक 52.50 करोड़ रुपये हो गया है. यह निवेश 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले 5.25 करोड़ शेयरों के बराबर है.
ये भी पढ़ें- Stock to Watch: आज इन शेयरों पर रहेगी नजर, NSE-SBI से लेकर MCX तक में हलचल; जानें वजह
SBI Securities को MCX में 14% तेजी की उम्मीद
ब्रोकरेज फर्म SBI Securities ने MCX के शेयर के लिए 3633 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है. यह मौजूदा स्तर से करीब 14 फीसदी की तेजी की संभावना दिखाता है.
ब्रोकरेज के मुताबिक, MCX को वैश्विक कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा फायदा मिल सकता है. खासतौर पर एनर्जी और बुलियन यानी सोना-चांदी जैसी कमोडिटीज में उतार-चढ़ाव और बाजार में बढ़ती भागीदारी से एक्सचेंज का औसत दैनिक कारोबार मजबूत बने रहने की उम्मीद है.
MCX के शेयरों में नतीजों से पहले ही अच्छी तेजी देखने को मिली. मंगलवार, 3 नवंबर को कंपनी का शेयर 7.42 फीसदी चढ़कर 3,490.10 रुपये पर बंद हुआ. इस दौरान शेयर में 241.10 रुपये की बढ़त दर्ज की गई.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. Money9 अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.