अमेरिकी क्लाइंट को लगा झटका और टूटकर बिखर गया यह दिग्गज शेयर, एक साल में आ चुकी है 280% की तेजी
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के बाद MTAR Tech के शेयरों में दो दिनों में 13 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है और गुरुवार सुबह ये 6,470 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे. MTAR टेक्नोलॉजीज ने मई की शुरुआत में मार्च तिमाही के लिए मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी की जानकारी दी.

गुरुवार को MTAR टेक्नोलॉजीज के शेयरों में लगभग 10 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई. शेयरों में गिरावट के पीछे इसके अमेरिकी क्लाइंट, ब्लूम एनर्जी के शेयरों में रातों-रात 10 फीसदी की गिरावट देखी गई. ब्लूम एनर्जी से जुड़े एक अहम डेटा सेंटर प्रोजेक्ट को अचानक रोक दिए जाने के बाद निवेशकों का भरोसा डगमगा गया.
ब्लूम एनर्जी पर क्यों पड़ा असर
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रूसो एनर्जी सिस्टम्स LLC, जो OpenAI और Microsoft जैसी कंपनियों के लिए डेटा सेंटर बनाती है, ने व्योमिंग के शयेन में 1.8-गीगावाट के डेटा सेंटर कैंपस बनाने का काम रोक दिया है. इस प्रोजेक्ट को ग्रिड से मिलने वाली बिजली के साथ-साथ ब्लूम एनर्जी के 900 MW के फ्यूल सेल से बिजली मिलने की उम्मीद थी.
MTAR की मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर
खास बात यह है कि MTAR Tech, Bloom Energy के लिए एक अहम मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर है. यह US की इस कंपनी के लिए जरूरी असेंबली बनाती और तैयार करती है. MTAR Tech की वेबसाइट के अनुसार, Bloom Energy के सर्वर दुनिया के सबसे कुशल एनर्जी जनरेटर में से हैं, जो बिजली की लागत को काफी कम करते हैं और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को भी घटाते हैं.
अमेरिकी क्लाइंट से आता है कमाई का बड़ा हिस्सा
MTAR पिछले 9 साल से अधिक समय से अमेरिका की कंपनी Bloom Energy को पावर यूनिट्स, खासकर ‘हॉट बॉक्स’ सप्लाई कर रही है और कंपनी की कमाई का एक बड़ा हिस्सा इसी अमेरिकी क्लाइंट से आता है. अभी MTAR इस कंपनी के लिए हाइड्रोजन बॉक्स और इलेक्ट्रोलाइजर भी बना रही है.
MTAR Tech के शेयर की कीमत
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के बाद MTAR Tech के शेयरों में दो दिनों में 13 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है और गुरुवार सुबह ये 6,470 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे. हाल की गिरावट के बावजूद, इस स्टॉक में 2026 में अब तक 174 फीसदी और एक साल में 280 फीसदी से ज़्यादा की तेजी आई है़. कंपनी के शेयरों में तीन साल में 241 फीसदी और पांच साल में 539 फीसदी की उछाल आया. MTAR Tech का मार्केट कैपिटलाइजेशन अभी करीब 8,450 करोड़ रुपये है.
MTAR Tech के Q4 नतीजे
MTAR टेक्नोलॉजीज ने मई की शुरुआत में मार्च तिमाही के लिए मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी की जानकारी दी. इसकी वजह ऑपरेशन्स से होने वाली कमाई में मजबूत ग्रोथ और सभी बिजनेस में बेहतर ऑपरेटिंग लेवरेज थी. हैदराबाद की इस प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी ने Q4 के लिए 44.28 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 13.72 करोड़ रुपये था. यानी इसमें लगभग 223% की बढ़ोतरी हुई है.
ऑपरेशनल कमाई
मार्च 2026 में खत्म हुई तिमाही में ऑपरेशन से होने वाली कमाई तेजी से बढ़कर 306 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 183 करोड़ रुपये थी. इसमें लगभग 67 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से ज्यादा प्रोडक्ट बिक्री की वजह से हुई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 179 करोड़ रुपये के मुकाबले 303 करोड़ रुपये रही.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.