नवरत्न PSU कंपनी NBCC की बड़ी छलांग, एक दशक में ऑर्डर बुक में आया दमदार उछाल; निवेशक रखें रडार पर
नवरत्न PSU कंपनी NBCC ने बीते 10 वर्षों में अपने ऑर्डर बुक में जबरदस्त मजबूती दिखाई है. वित्त वर्ष 15 में 18,181 करोड़ रुपये से शुरू हुआ ऑर्डर बुक दिसंबर 2025 तक बढ़कर 1,26,790 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. हाल के वर्षों में ऑर्डर बुक में आए उतार-चढ़ाव के बाद वित्त वर्ष 25 में रिकॉर्ड उछाल देखने को मिला.
NBCC Order Book Growth: नवरत्न PSU कंपनी NBCC (India) Limited ने बीते एक दशक में अपने ऑर्डर बुक में जबरदस्त बढ़ोतरी की है. वित्त वर्ष 15 में जहां कंपनी का ऑर्डर बुक केवल 18,181 करोड़ रुपये था, वहीं दिसंबर 2025 तक यह बढ़कर लगभग 1,26,790 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया. यह बढ़ोतरी न केवल कंपनी की मजबूत प्रोजेक्ट पाइपलाइन को दिखा रहा है, बल्कि सरकारी और संस्थागत परियोजनाओं में उसकी बढ़ती भूमिका का भी संकेत देती है. NBCC मुख्य रूप से तीन प्रमुख सेगमेंट में काम करती है, जिनमें प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी, रियल एस्टेट डेवलपमेंट और इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन शामिल हैं.
दस वर्षों में ऑर्डर बुक का सफर
tradebrain की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 15 में 18,181.2 करोड़ रुपये से शुरू हुआ NBCC का ऑर्डर बुक वित्त वर्ष 16 में तेजी से बढ़कर 29,782.8 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसी वर्ष कंपनी को 17,516.53 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले. वित्त वर्ष 17 में यह आंकड़ा और मजबूत होकर 65,937.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इसके बाद वित्त वर्ष 18 में ऑर्डर बुक 70,000 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 19 में लगभग 80,000 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
मार्च 2020 तक कंपनी का ऑर्डर बुक करीब 71,000 करोड़ रुपये था. हालांकि, इसके बाद कुछ वर्षों में इसमें गिरावट देखने को मिली. वित्त वर्ष 21 के अंत तक ऑर्डर बुक घटकर 60,000 करोड़ रुपये रह गया, जबकि वित्त वर्ष 22 में यह 46,480 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 23 में 45,275 करोड़ रुपये पर आ गया.
वित्त वर्ष 25 में ऐतिहासिक उछाल
वित्त वर्ष 24 में NBCC के ऑर्डर बुक में फिर से सुधार देखने को मिला और यह बढ़कर 52,242 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसी वर्ष कंपनी ने स्टैंडअलोन आधार पर 18,400 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर हासिल किए. वित्त वर्ष 25 कंपनी के लिए मील का पत्थर साबित हुआ, जब उसका कंसॉलिडेटेड ऑर्डर बुक अब तक के सबसे ज्यादा 1,20,533 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
दिसंबर 2025 तक कंसॉलिडेटेड ऑर्डर बुक 1,26,790 करोड़ रुपये रहा. इसमें NBCC का हिस्सा करीब 1,12,640 करोड़ रुपये था, जबकि उसकी सहायक कंपनियों HSCC, HSCL और NSL ने क्रमशः 7,827 करोड़ रुपये, 6,016 करोड़ रुपये और 307 करोड़ रुपये का योगदान दिया.
कैसा है शेयर का हाल
बुधवार को NBCC के शेयर में तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर 0.22 फीसदी बढ़कर 94.63 रुपये पर पहुंच गया. बीते एक साल में कंपनी के शेयर में 18.02 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है, जबकि 5 वर्षों में इसमें 253 फीसदी की तेजी आई है.
यह भी पढ़ें: Stocks to Watch: 26 फरवरी को IRFC, Lupin, Tata Capital समेत फोकस में रहेंगे ये शेयर; दिखेगा तगड़ा एक्शन!
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
