Nifty Outlook July 3: 24200 के ऊपर निकलते ही बाजार में आ सकती है नई तेजी, जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट
लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ निफ्टी 24,175.70 पर बंद हुआ. बाजार जानकारों के मुताबिक 24200 से 24250 के ऊपर निर्णायक बढ़त मिलने पर निफ्टी 24,350 से 24,500 और 24,600 तक जा सकता है. फिलहाल 24,000 मजबूत सपोर्ट बना हुआ है. वहीं India VIX में गिरावट और बेहतर PCR बाजार में मजबूती का संकेत दे रहे हैं.

Nifty Outlook: लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ निफ्टी 24,175.70 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान इंडेक्स में 169.85 अंक यानी 0.71 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. निफ्टी ने 50-DEMA (50 दिन का डबल एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज) के पास सपोर्ट लेने के बाद 100-DEMA के ऊपर बंद होने में सफलता हासिल की. साथ ही इंडेक्स ने Inverted Head & Shoulders पैटर्न का भी ब्रेकआउट दिया. अब बाजार की नजर 24,200 के लेवल पर है. एक्सपर्ट का कहना है कि अगर निफ्टी इस लेवल के ऊपर मजबूती से बंद होता है तो बाजार में तेजी का नया दौर शुरू हो सकता है.
24,200 का स्तर क्यों है अहम?
SAMCO Securities के डेरिवेटिव रिसर्च एनालिस्ट धुपेश धमेजा के मुताबिक, निफ्टी ने लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की है. 50-DEMA के पास मिले सपोर्ट के बाद इंडेक्स 100-DEMA के ऊपर बंद हुआ है. इसके साथ ही Inverted Head & Shoulders पैटर्न का ब्रेकआउट भी देखने को मिला है. यह आने वाले समय में मार्केट की दिशा मजबूत होने का संकेत देता है.
उनके मुताबिक, इस ब्रेकआउट के बाद बाजार की बनावट पहले से बेहतर हुई है. लगातार हाई लेवल पर सपोर्ट बन रहे हैं और खरीदारी भी बनी हुई है. अब निफ्टी 24,200 के रेजिस्टेंस के करीब पहुंच गया है. अगर इंडेक्स इस लेवल के ऊपर रूप से बंद होता है तो ब्रेकआउट की पुष्टि हो जाएगी और इसके बाद निफ्टी 24,350 और फिर 24,500 तक जा सकता है.
उन्होंने बताया कि RSI करीब 55 पर पहुंच गया है और यह अपने मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है. साथ ही यह अभी ओवरबॉट स्थिति से दूर है. इसका मतलब है कि बाजार में आगे भी तेजी की गुंजाइश बनी हुई है.
डेरिवेटिव आंकड़े क्या बता रहे हैं?
धुपेश धमेजा के मुताबिक, India VIX 7.21 फीसदी गिरकर 12.29 पर आ गया है. यह बाजार में घटती अस्थिरता का संकेत है. वहीं Put-Call Ratio (PCR) बढ़कर 1.18 हो गया है, जो बाजार में तेजी का संकेत देता है. ऑप्शन चेन के आंकड़ों के मुताबिक 24,000 के स्तर पर सबसे ज्यादा पुट ओपन इंटरेस्ट है. इससे यह लेवल मजबूत सपोर्ट बनता है. वहीं 24,500 पर सबसे ज्यादा कॉल ओपन इंटरेस्ट है, जिससे यह तत्काल रेजिस्टेंस बना हुआ है. इसके अलावा 24,100 से 24,200 के आसपास नए पुट कॉन्ट्रैक्ट जुड़े हैं. इससे पता चलता है कि ट्रेडर्स अब सपोर्ट को हाई लेवल पर शिफ्ट कर रहे हैं.
आने वाले समय में 24,000 का लेवल, जो 50-DEMA के भी करीब है, पहला अहम सपोर्ट रहेगा. इसके बाद 23,850 का लेवल महत्वपूर्ण होगा. वहीं 24,200 ब्रेकआउट की पुष्टि के लिए सबसे अहम लेवल बना रहेगा. अगर निफ्टी इसके ऊपर टिकता है तो 24,350-24,500 तक तेजी देखने को मिल सकती है.
HDFC Securities की क्या है राय?
HDFC Securities के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागराज शेट्टी के मुताबिक, बुधवार को निफ्टी ने 23,800 के लेवल से अच्छी रिकवरी दिखाई थी. इसके बाद गुरुवार को भी बाजार में तेजी जारी रही. आईटी सेक्टर में मजबूत खरीदारी की वजह से निफ्टी 169 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ.
उन्होंने कहा कि फिलहाल 24,200 से 23,800 का दायरा बना हुआ है. पिछले दो कारोबारी सत्र की तेजी ने निफ्टी को एक बार फिर 24,200 के जरूरी लेवल के करीब पहुंचा दिया है. इस दायरे में रहते हुए भी बाजार का रुख पॉजिटिव बना हुआ है.
उनके मुताबिक, अगर निफ्टी 24200 से 24250 के ऊपर निर्णायक ब्रेकआउट देता है तो कम समय में तेज तेजी देखने को मिल सकती है. ऐसी स्थिति में इंडेक्स 24,500 से 24,600 तक पहुंच सकता है. वहीं नीचे की ओर 24,000 का लेवल तत्काल सपोर्ट बना हुआ है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.