Paras Defence का सेमीकंडक्टर में बड़ा दांव, ₹6200 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए मध्य प्रदेश सरकार से किया समझौता; रखें नजर

Paras Defence and Space Technologies ने मध्य प्रदेश सरकार के साथ 6200 करोड़ रुपये के एडवांस्ड IC पैकेजिंग OSAT प्रोजेक्ट के लिए MoU पर हस्ताक्षर किए हैं. कंपनी की सहायक इकाई इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग सुविधा स्थापित करेगी.

पारस डिफेंस Image Credit: Paras Defence

Paras Defence and Space Technologies: भारत में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. डिफेंस सेक्टर की प्रमुख कंपनी Paras Defence and Space Technologies अब सेमीकंडक्टर उद्योग में भी प्रवेश करने जा रही है. कंपनी की सहायक कंपनी Paras सेमीकंडक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड ने मध्य प्रदेश सरकार के साथ लगभग 6200 करोड़ रुपये के ग्रीनफील्ड एडवांस्ड आईसी पैकेजिंग OSAT (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट) प्रोजेक्ट के लिए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं. यह निवेश कंपनी के लिए डिफेंस कारोबार से बाहर सबसे बड़े डाइवर्सिफिकेशन में से एक माना जा रहा है.

मध्य प्रदेश में बनेगी अत्याधुनिक OSAT सुविधा

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसकी सहायक कंपनी ने मध्य प्रदेश सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी तथा एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPSeDC) के साथ समझौता किया है. इस समझौते के तहत इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में एक अत्याधुनिक एडवांस्ड आईसी पैकेजिंग OSAT फैसिलिटी स्थापित की जाएगी.

यह संयंत्र सेमीकंडक्टर वेफर का निर्माण नहीं करेगा, बल्कि तैयार चिप्स की असेंबली, पैकेजिंग, टेस्टिंग और वैलिडेशन जैसे अत्यधिक तकनीकी कार्य करेगा. वर्तमान समय में वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग में एडवांस्ड पैकेजिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है और इसे चिप वैल्यू चेन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.

इन अत्याधुनिक तकनीकों पर रहेगा फोकस

कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित सुविधा में कई आधुनिक सेमीकंडक्टर पैकेजिंग तकनीकों का उपयोग किया जाएगा. इनमें 3D हेटेरोजीनियस इंटीग्रेशन, 2.5D एवं 3D एडवांस्ड पैकेजिंग, हाइब्रिड बॉन्डिंग, अल्ट्रा हाई डेंसिटी फैन-आउट पैकेजिंग, चिपलेट इंटीग्रेशन, वेफर बंपिंग, फ्लिप-चिप असेंबली, सेमीकंडक्टर टेस्टिंग तथा रिलायबिलिटी सर्विसेज जैसी अत्याधुनिक क्षमताएं विकसित की जाएंगी.

इन तकनीकों का उपयोग आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, टेलीकम्युनिकेशंस, एयरोस्पेस और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले हाई-एंड चिप्स के निर्माण में किया जाता है.

डिफेंस से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी कंपनी बनने की तैयारी

अब तक Paras Defence मुख्य रूप से डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, डिफेंस ऑप्टिक्स, हेवी इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक पल्स प्रोटेक्शन समाधान उपलब्ध कराती रही है. हालांकि, सेमीकंडक्टर OSAT कारोबार में प्रवेश कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

विशेषज्ञों के अनुसार, दुनिया भर में चिप निर्माण उद्योग अब केवल वेफर फैब्रिकेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि एडवांस्ड पैकेजिंग सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में शामिल हो चुकी है. ऐसे में Paras Defence ने अपेक्षाकृत कम जटिल लेकिन उच्च मूल्य वाले OSAT सेगमेंट को चुना है, जो भविष्य में कंपनी के लिए नए रेवेन्यू स्रोत तैयार कर सकता है.

वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत

कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत रहा है. वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 58.3 फीसदी बढ़कर 171 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 108 करोड़ रुपये था. इसी अवधि में ऑपरेटिंग प्रॉफिट 53.6 फीसदी बढ़कर 43 करोड़ रुपये हो गया, जबकि ऑपरेटिंग मार्जिन 25 फीसदी पर बना रहा.

प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) में 77.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 48 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. वहीं, नेट प्रॉफिट 85.7 फीसदी बढ़कर 39 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का ईपीएस भी 2.45 रुपये से बढ़कर 4.27 रुपये हो गया. कंपनी की बैलेंस शीट भी मजबूत बनी हुई है. डेट-टू-इक्विटी रेशियो केवल 0.04 है, जबकि आरओसीई 16.9 फीसदी और आरओई 12.14 फीसदी है. इसके अलावा कंपनी के पास 119 करोड़ रुपये की नकद राशि तथा 476 करोड़ रुपये का वर्किंग कैपिटल उपलब्ध है.

कैसा है शेयर का हाल

Paras Defence and Space Technologies का शेयर बुधवार को 0.44 फीसदी बढ़कर 1228 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 0.57 फीसदी की तेजी आई है. वहीं, पिछले एक महीने में इसमें 13.29 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि बीते तीन महीनों में यह 55.80 फीसदी चढ़ चुका है.

यह भी पढ़ें: Trump के टैरिफ ऐलान से धड़ाम हुए फार्मा शेयर, 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट; देखें लिस्ट

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.