पावर ट्रांसमिशन सेक्टर के इन 4 स्टॉक्स पर रखें नजर, दमदार है ग्रोथ प्लान, 75 देशों में फैला है कारोबार
भारत में बिजली उत्पादन के साथ-साथ अब ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है. बढ़ती बिजली मांग और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को देखते हुए सरकार और निजी कंपनियां बड़े निवेश कर रही हैं. टाटा पावर, पावर ग्रिड, टोरेंट पावर, कल्पतरु प्रोजेक्ट्स जैसी कंपनियां इस क्षेत्र में आक्रामक विस्तार योजनाओं के जरिए भविष्य की तैयारियों में जुटी हैं.

Power Transmission Stocks : भारत में बिजली उत्पादन के साथ-साथ अब बिजली को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वाले ट्रांसमिशन नेटवर्क पर भी तेजी से काम हो रहा है. सरकार 2030 तक 500 गीगावॉट नॉन फॉसिल फ्यूल क्षमता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. इसके लिए ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार बेहद जरूरी हो गया है. ऐसे में कई बड़ी कंपनियां इस क्षेत्र में बड़े निवेश और विस्तार योजनाओं पर काम कर रही हैं.
Tata Power
टाटा पावर देश की सबसे बड़ी इंटिग्रेटेड बिजली कंपनियों में शामिल है. कंपनी के पास हजारों किलोमीटर का ट्रांसमिशन नेटवर्क है और कई परियोजनाओं पर काम चल रहे हैं. कंपनी का लक्ष्य 2030 तक अपनी कुल बिजली क्षमता का 70 प्रतिशत हिस्सा स्वच्छ और हरित ऊर्जा स्रोतों से हासिल करना है. इसके अलावा कंपनी आने वाले वर्षों में धीरे-धीरे थर्मल पावर पर निर्भरता कम करने की योजना बना रही है.
Kalpataru Projects International
कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल (KPIL) बिजली ट्रांसमिशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से विस्तार कर रही है. कंपनी 75 देशों में काम कर रही है और उसके पास मजबूत ऑर्डर बुक है. कंपनी पश्चिम एशिया और अफ्रीका में सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान दे रही है, जिससे भविष्य में उसकी आय बढ़ने की उम्मीद है.
Power Grid Corporation
पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया देश के इंटर-स्टेट ट्रांसमिशन नेटवर्क का बड़ा हिस्सा संचालित करती है. कंपनी के पास आने वाले वर्षों के लिए लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की मजबूत पाइपलाइन है. वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी ने 37,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश का लक्ष्य तय किया है.
Torrent Power
टोरेंट पावर अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को तेजी से बढ़ा रही है. कंपनी सौर, पवन और हाइब्रिड परियोजनाओं में निवेश कर रही है. इसके अलावा महाराष्ट्र में 3 गीगावॉट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना भी विकसित की जा रही है. कंपनी ने गुजरात और महाराष्ट्र में कई महत्वपूर्ण ट्रांसमिशन परियोजनाएं भी हासिल की हैं.
भारत में बिजली की बढ़ती मांग और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार के कारण पावर ट्रांसमिशन सेक्टर के लिए आने वाले वर्षों में बड़े अवसर दिखाई दे रहे हैं. सरकार और निजी कंपनियों के बढ़ते निवेश से इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों को लगातार नए प्रोजेक्ट्स मिलने की संभावना है, जिससे उनके विकास की रफ्तार और तेज हो सकती है.
यह भी पढ़ें: CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में CNG फिर महंगी, तीसरी बार बढ़े दाम, अब 81.09 रुपये किलो
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.