क्या कल रक्षा बंधन पर खुलेगा शेयर बाजार, यहां है पूरी छुट्टियों की लिस्ट
Raksha Bandhan 2026 के मौके पर 28 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार बंद नहीं रहेगा. NSE और BSE में सामान्य ट्रेडिंग, क्लियरिंग और सेटलमेंट होगा. MCX और NCDEX भी खुले रहेंगे. साल 2026 में शेयर बाजार के लिए कुल 16 छुट्टियां तय हैं, जिनमें से 10 बीत चुकी हैं. अब निवेशकों को सितंबर से दिसंबर के बीच गणेश चतुर्थी, गांधी जयंती, दशहरा, दिवाली बलिप्रतिपदा, गुरु नानक जयंती और क्रिसमस समेत 6 छुट्टियां मिलेंगी.

Stock Market Holiday 2026: रक्षाबंधन के मौके पर कई राज्यों में छुट्टी रहती है, लेकिन निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या 28 अगस्त को शेयर बाजार बंद रहेगा. इसका जवाब है नहीं. शुक्रवार 28 अगस्त 2026 को भारतीय शेयर बाजार में सामान्य कारोबार होगा. NSE और BSE दोनों खुले रहेंगे और ट्रेडिंग, क्लियरिंग और सेटलमेंट का काम सामान्य तरीके से जारी रहेगा. MCX और NCDEX में भी कारोबार बंद नहीं होगा. ऐसे में निवेशक इस दिन सामान्य दिनों की तरह शेयर और कमोडिटी में ट्रेडिंग कर सकेंगे.
28 अगस्त को खुला रहेगा शेयर बाजार
रक्षाबंधन के मौके पर 28 अगस्त को NSE और BSE में किसी तरह की ट्रेडिंग छुट्टी नहीं है. शेयर बाजार में इक्विटी और अन्य सेगमेंट में सामान्य कारोबार होगा. इस दिन क्लियरिंग और सेटलमेंट का काम भी सामान्य तरीके से जारी रहने की बात कही गई है. यानी निवेशकों को किसी अतिरिक्त मार्केट हॉलिडे का सामना नहीं करना पडेगा. शुक्रवार होने के कारण सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार सामान्य समय पर खुलेंगे.
MCX और NCDEX में भी होगा सामान्य कारोबार
कमोडिटी बाजार के निवेशकों के लिए भी 28 अगस्त को राहत की खबर है. देश का प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज MCX शुक्रवार को दोनों सेशन में खुला रहेगा. सुबह और शाम दोनों सत्रों में सामान्य कारोबार होगा. वहीं NCDEX भी पूरे दिन काम करेगा. यानी सोना, चांदी और अन्य कमोडिटी में ट्रेडिंग करने वाले निवेशक सामान्य समय के अनुसार कारोबार कर सकेंगे. रक्षाबंधन का त्योहार होने के बावजूद कमोडिटी एक्सचेंजों में छुट्टी नहीं है.
2026 में कुल 16 दिन बंद रहेंगे बाजार
साल 2026 के लिए शेयर बाजार की कुल 16 छुट्टियां तय की गई हैं. इनमें से 10 छुट्टियां पहले ही बीत चुकी हैं. अप्रैल में गुड फ्राइडे और डॉ बी आर अंबेडकर जयंती के कारण बाजार बंद रहा था. इसके बाद महाराष्ट्र दिवस, बकरीद और मुहर्रम पर भी ट्रेडिंग नहीं हुई. अब अगस्त के बाद साल खत्म होने तक निवेशकों को 6 और मार्केट हॉलिडे मिलेंगे.
अगली छुट्टी गणेश चतुर्थी पर
रक्षाबंधन के बाद शेयर बाजार की अगली छुट्टी 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर होगी. इसके बाद 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर बाजार बंद रहेगा. अक्टूबर में 20 तारीख को दशहरा के कारण भी NSE और BSE में कारोबार नहीं होगा. निवेशकों को इन छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए अपनी ट्रेडिंग और निवेश की योजना बनानी चाहिए. खासतौर पर शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए लगातार आने वाली छुट्टियों का असर सेटलमेंट और पोजीशन पर पड सकता है.
यह भी पढ़ें- Closing Bell: एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 539 अंक गिरा, निफ्टी 24150 के नीचे बंद हुआ; हिंडाल्को 3% और M&M 2% टूटे
नवंबर और दिसंबर में भी तीन छुट्टियां
साल के आखिरी महीनों में भी शेयर बाजार कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा. 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा के कारण ट्रेडिंग नहीं होगी. इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती पर बाजार बंद रहेगा. साल की आखिरी मार्केट हॉलिडे 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर होगी. इस तरह सितंबर से दिसंबर के बीच कुल 6 ट्रेडिंग हॉलिडे रहेंगे.