RIL में कमाई का मौका, Goldman Sachs समेत 12 ब्रोकरेज ने दी खरीदारी की सलाह; आज 8% तक भागा शेयर
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई और भाव 1234 रुपये तक पहुंच गया. सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद Goldman Sachs, Citi, Jefferies और Nomura समेत करीब 12 ब्रोकरेज फर्मों ने शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है. Goldman Sachs ने 1840 रुपये का टारगेट दिया है.

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली कंपनी का शेयर करीब 6 फीसदी उछलकर 1234 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्मों का भरोसा रिलायंस पर बना हुआ है. Goldman Sachs, Citi, Jefferies और Nomura समेत करीब 12 ब्रोकरेज फर्मों ने शेयर पर खरीदारी की सलाह दी है. इन ब्रोकरेज के मुताबिक, आने वाले 12 महीनों में शेयर में अच्छी तेजी की संभावना है. Goldman Sachs ने 1840 रुपये का टारगेट दिया है, जो बाजार में सबसे हाई टारगेट है.
86405 करोड़ रुपये बढ़ा मार्केट कैप
सोमवार को BSE पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 6.05 फीसदी चढ़कर 1234 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया. इस तेजी से कंपनी के मार्केट कैप में एक ही दिन में 86405 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. शुक्रवार को कंपनी का मार्केट कैप 15.74 लाख करोड़ रुपये था, जो सोमवार को कारोबार के दौरान बढ़कर 16.60 लाख करोड़ रुपये हो गया.
सितंबर तिमाही के नतीजों में कंपनी के टेलीकॉम कारोबार ने ग्रोथ को सहारा दिया. वहीं, रिटेल कारोबार का प्रदर्शन कमजोर रहा. ब्रोकरेज के मुताबिक, त्योहारों की तारीखों में बदलाव और डिजिटल कॉमर्स में निवेश का असर रिटेल कारोबार पर पड़ा.
Goldman Sachs का सबसे हाई टारगेट
Goldman Sachs ने रिलायंस इंडस्ट्रीज पर खरीदारी की सलाह बरकरार रखते हुए 1840 रुपये का टारगेट दिया है. यह मौजूदा बाजार भाव के मुकाबले करीब 58 फीसदी की तेजी का संकेत देता है. यह शेयर के लिए ब्रोकरेज फर्मों के बीच सबसे हाई टारगेट है.
दूसरी ओर, Avendus Spark ने शेयर पर Add रेटिंग के साथ 1280 रुपये का टारगेट दिया है. यह बाजार में सबसे कम टारगेट है, लेकिन मौजूदा स्तर से इसमें भी करीब 10 फीसदी की संभावित तेजी का अनुमान है.
O2C कारोबार ने नतीजों को दिया सहारा
Emkay Global के मुताबिक, रिलायंस ने सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड EBITDA में 8 फीसदी और एडजस्टेड मुनाफे में 10 फीसदी की बढ़त दर्ज की. इसका मुख्य कारण ऑयल-टू-केमिकल्स यानी O2C कारोबार का बेहतर प्रदर्शन रहा. इस सेगमेंट का EBITDA पिछली तिमाही के मुकाबले 48 फीसदी बढ़ा. रिफाइनिंग मार्जिन में सुधार और गैसीफायर के बेहतर प्रदर्शन से कंपनी को फायदा हुआ.
पेट्रोकेमिकल कारोबार में भी बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला. वहीं, Jio का EBITDA अनुमान से 1 फीसदी अधिक रहा. बेहतर ARPU और मार्जिन ने इस कारोबार को सहारा दिया. दूसरी ओर, रिटेल कारोबार में कमजोरी रही. इसकी इनकम सालाना आधार पर 1 फीसदी बढ़ी, जबकि EBITDA में 10 फीसदी की गिरावट आई.
Jefferies ने भी O2C कारोबार के प्रदर्शन को मजबूत बताया. उसके मुताबिक, इस सेगमेंट की बेहतर कमाई के कारण कंपनी का कंसोलिडेटेड EBITDA उसके अनुमान से 6 फीसदी अधिक रहा. हालांकि, रिटेल कारोबार का प्रदर्शन उसके अनुमान से 6 फीसदी कमजोर रहा.
Jefferies और Nomura ने भी दिया खरीदारी का सुझाव
Jefferies ने रिलायंस पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 1710 रुपये का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि रिफाइनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान के कारण सर्दियों में O2C कारोबार की प्रोफिबिलिटी बेहतर रह सकती है. वहीं, रिटेल कारोबार में त्योहारों की तारीखों में बदलाव और क्विक कॉमर्स में निवेश का दबाव बना हुआ है.
Nomura ने भी रिलायंस पर पॉजिटिव रुख बनाए रखा है. हालांकि, उसने अपना टारगेट घटाकर 1560 रुपये कर दिया है. ब्रोकरेज ने FY27 और FY28 के लिए कंपनी के EBITDA अनुमानों में बदलाव किया है. O2C कारोबार के बेहतर अनुमान के साथ रिटेल कारोबार के कमजोर प्रदर्शन को भी इसमें शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें- Opening Bell: सेंसेक्स में 900 अंकों से अधिक का उछाल, निफ्टी 23200 के ऊपर; ऑटो और PSU बैंक के शेयरों में तेजी
न्यू एनर्जी कारोबार से FY28 से कमाई की उम्मीद
Nuvama Institutional Equities के मुताबिक, रिलायंस के न्यू एनर्जी प्रोजेक्ट्स के शुरू होने की रफ्तार तेज हो सकती है. कंपनी के मैनेजमेंट ने FY28 से इस कारोबार का कमाई में योगदान शुरू होने का संकेत दिया है.
ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी की सोलर मॉड्यूल और सेल क्षमता को बढ़ाने की योजना है. इसके अलावा 40 GWh बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम यानी BESS प्रोजेक्ट FY27 में शुरू होने की उम्मीद है, जिसे आगे चलकर 120 GWh तक बढ़ाया जा सकता है. कंपनी ट्रांसमिशन क्षमता और रिन्यूएबल पावर प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है.
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.