दिवाली के बाद इन मेटल शेयरों पर रखें नजर, 1,400 रुपये तक जा सकता है JSW Steel

संवत 2083 में मेटल सेक्टर के शेयर निवेशकों के लिए कमाई का मौका बन सकते हैं. एक्सपर्ट्स ने JSW Steel, Tata Steel, NMDC और Welspun Corp को लेकर सकारात्मक नजरिया जताया है. JSW Steel के लिए 1,400 रुपये और NMDC के लिए 78 रुपये का टारगेट दिया गया है. जानिए स्टॉप लॉस और निवेश की रणनीति.

मेटल सेक्टर Image Credit:

शेयर बाजार में संवत 2083 की शुरुआत के साथ ही निवेशकों की नजर ऐसे शेयरों पर है, जिनमें आने वाले एक साल में अच्छी कमाई का मौका मिल सकता है. इस बार मेटल सेक्टर के शेयरों को लेकर बाजार के जानकार सकारात्मक नजर आ रहे हैं. इसमें JSW Steel, Tata Steel, NMDC और Welspun Corp जैसे शेयर चर्चा में हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में मांग बढ़ने और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च जारी रहने से मेटल कंपनियों को फायदा मिल सकता है.

मेटल शेयरों में तेजी की क्या है वजह?

मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से शेयर बाजार का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है. ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.

इसके अलावा चीन समेत एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के कई देशों में मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है. इससे स्टील और दूसरे मेटल की मांग में इजाफा हो सकता है. ऐसे में मेटल कंपनियों के कारोबार और कमाई को सपोर्ट मिल सकता है.

किस निवेशक के लिए कौन-सा शेयर बेहतर?

मार्केट एक्सपर्ट अविनाश गोरक्षकर के मुताबिक, मेटल शेयरों का चुनाव निवेश के उद्देश्य के आधार पर करना चाहिए.

  • NMDC: अगर निवेशक शेयर की कीमत में तेजी के अलावा डिविडेंड से नियमित कमाई चाहते हैं, तो NMDC पर नजर रख सकते हैं. यह ज्यादा डिविडेंड देने वाली कंपनियों में शामिल है.
  • JSW Steel और Tata Steel: लंबी अवधि में पोर्टफोलियो की ग्रोथ और कंपनी के कैपेसिटी एक्सपेंशन का फायदा उठाने वाले निवेशकों के लिए ये शेयर बेहतर विकल्प हो सकते हैं.
  • Welspun Corp: मिडकैप सेगमेंट में बेहतर रिटर्न की तलाश करने वाले निवेशकों के लिए यह शेयर आकर्षक माना जा रहा है.

JSW Steel का 1,400 रुपये का टारगेट

मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने संवत 2083 के लिए JSW Steel को मेटल सेक्टर की प्रमुख पसंद बताया है. उनके मुताबिक, कंपनी की मजबूत बाजार स्थिति, बेहतर ऑपरेशनल प्रदर्शन और घरेलू इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बढ़ती मांग इसे लंबी अवधि के लिए बेहतर विकल्प बनाती है.

वहीं, केसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एंड बिजनेस डेवलपमेंट वाइस प्रेसिडेंट महेश एम ओझा के मुताबिक, JSW Steel के शेयर में 1,324 रुपये पर मजबूत सपोर्ट है. वहीं, 1,376 रुपये पर रेजिस्टेंस है. इस स्तर के ऊपर निकलने पर शेयर 1,400 रुपये तक पहुंच सकता है.

मौजूदा निवेशकों को 1,324 रुपये का स्टॉप लॉस रखते हुए शेयर होल्ड करने की सलाह दी गई है. नए निवेशक भी इसी स्टॉप लॉस के साथ 1,400 रुपये के टारगेट के लिए खरीदारी पर विचार कर सकते हैं.

NMDC में 78 रुपये तक जाने की उम्मीद

NMDC को डिविडेंड और स्थिर कमाई के लिहाज से अहम विकल्प माना जा रहा है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसे JSW Steel के साथ पोर्टफोलियो में शामिल करने से मेटल सेक्टर में निवेश का संतुलन बेहतर हो सकता है.

महेश ओझा के मुताबिक, NMDC के शेयर में 68 रुपये पर मजबूत सपोर्ट है. उन्होंने मौजूदा निवेशकों को 68 रुपये का स्टॉप लॉस रखते हुए शेयर होल्ड करने की सलाह दी है. वहीं, नए निवेशक भी 78 रुपये के टारगेट के लिए इस शेयर पर नजर रख सकते हैं.

यह भी पढ़ें- किसी को छोड़नी पड़ी कुर्सी तो किसी की टूटी शादी! Jensen Huang से पहले इन कंपनियों के CEO के अफेयर आ चुके हैं सामने