SEBI का JP Morgan की यूनिट और Mansi Share पर एक्शन, ₹3.68 करोड़ जब्त करने का आदेश; हेरफेर का मामला
यह आदेश एकतरफा अंतरिम आदेश के बाद दिया गया, जिसमें 13 अगस्त, 2026 को इंडेक्स की एक्सपायरी के दिन 'क्लोजिंग ऑक्शन सेशन' (CAS) के दौरान सेंसेक्स में हेरफेर के शुरुआती सबूत मिले थे. SEBI ने कहा कि कीमत में बदलाव होने के बाद Copthall ने इन ऑर्डर्स का एक बड़ा हिस्सा रद्द कर दिया.

मार्केट रेगुलेटर ‘सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया’ (SEBI) ने दो कंपनियों को सिक्योरिटीज मार्केट से रोक दिया है और कथित तौर पर गलत तरीके से कमाए गए 3.68 करोड़ रुपये जब्त करने का आदेश दिया है. यह आदेश एकतरफा अंतरिम आदेश के बाद दिया गया, जिसमें 13 अगस्त, 2026 को इंडेक्स की एक्सपायरी के दिन ‘क्लोजिंग ऑक्शन सेशन’ (CAS) के दौरान सेंसेक्स में हेरफेर के शुरुआती सबूत मिले थे.
19 अगस्त को जारी हुआ आदेश
SEBI के होल-टाइम मेंबर कमलेश चंद्र वार्ष्णेय द्वारा 19 अगस्त को जारी यह आदेश, कथित ट्रेड के छह दिनों के भीतर आया है. रेगुलेटर ने JP मॉर्गन की कंपनी ‘कॉपथॉल मॉरीशस इन्वेस्टमेंट लिमिटेड’ से 2.96 करोड़ रुपये और ‘मानसी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड’ से 71.65 लाख रुपये जब्त करने का आदेश दिया है.
सर्विलांस सिस्टम ने की पहचान
SEBI के सर्विलांस सिस्टम ने दोपहर 3:20 से 3:30 बजे के बीच CAS विंडो में सेंसेक्स की इंडिकेटिव इक्विलिब्रियम प्राइस (IEP) में तीन बड़े उतार-चढ़ाव की पहचान की. इनमें 362.02 पॉइंट, 132.67 पॉइंट और 405.08 पॉइंट के उतार-चढ़ाव शामिल थे, जो दो सेकेंड से लेकर 28 सेकेंड तक की अवधि में हुए.
आखिर में सेंसेक्स 78,080 पर बंद हुआ, जो निफ्टी में इसी तरह के उतार-चढ़ाव के आधार पर SEBI द्वारा कैलकुलेट किए गए लेवल से लगभग 240 पॉइंट ज्यादा था.
एग्रेसिव बाय ऑर्डर
ऑर्डर के अनुसार, तेजी से ऊपर की ओर होने वाले उतार-चढ़ाव के दौरान बड़े पैमाने पर एग्रेसिव बाय ऑर्डर (तेजी से खरीदारी के ऑर्डर) के लिए कोप्थॉल मॉरीशस जिम्मेदार था. एक दो-सेकेंड की अवधि के दौरान बाय-ऑर्डर वैल्यू में इसकी हिस्सेदारी 99.91 फीसदी और दूसरी अवधि में 96.09 फीसदी थी, जबकि एक अलग अवधि में यह 85.21 फीसदी थी.
ये ऑर्डर रेफरेंस प्राइस से 3 प्रतिशत ऊपर की सीमा (सीलिंग) या उसके आसपास दिए गए थे और कुछ ही सेकेंड में सेंसेक्स की लगभग सभी कंपनियों (कॉन्स्टिट्यूएंट्स) में फैल गए थे.
कीमत बदलते ही रद्द हुआ ऑर्डर
SEBI ने कहा कि कीमत में बदलाव होने के बाद Copthall ने इन ऑर्डर्स का एक बड़ा हिस्सा रद्द कर दिया. उनकी डेरिवेटिव्स पोजीशन में सेंसेक्स ऑप्शंस में ‘लॉन्ग कॉल’ और ‘शॉर्ट पुट’ पोजीशन शामिल थीं, जिन्हें इंडेक्स के ऊंचे स्तर पर बंद होने से फायदा होता.
जांच में क्या पता चला?
रेगुलेटर ने यह भी पाया कि Mansi Share and Stock Broking ने रेफरेंस प्राइस से काफी कम कीमत पर बड़े सेल ऑर्डर्स दिए. SEBI के अनुसार, इन ऑर्डर्स ने लगभग पांच मिनट तक इंडेक्स को नीचे दबाए रखा और फिर लगभग सभी ऑर्डर्स रद्द कर दिए गए.
Mansi की डेरिवेटिव्स पोजीशन में ‘पुट ऑप्शंस’ शामिल थे, जिन्हें सेंसेक्स के निचले स्तर पर बंद होने से फायदा होता. SEBI ने Copthall के लिए 2.96 करोड़ रुपये और Mansi के लिए 71.64 लाख रुपये के कथित गलत मुनाफे का हिसाब लगाया.
हालांकि, आदेश में यह आरोप नहीं लगाया गया है कि दोनों संस्थाओं ने मिलकर काम किया. SEBI का शुरुआती आकलन यह है कि संस्थाओं ने स्वतंत्र रूप से इंडेक्स को अपनी-अपनी डेरिवेटिव्स पोजीशन के अनुकूल दिशाओं में प्रभावित किया.
मार्केट में भाग लेने पर रोक
आगे की जांच लंबित रहने तक, SEBI ने दोनों संस्थाओं को प्रतिभूति बाजार तक पहुंचने और CAS में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेने से रोक दिया है. मानसी के मामले में, ये पाबंदियां उसके प्रोप्राइटरी ट्रेडिंग अकाउंट पर लागू होती हैं. रेगुलेटर ने उनके बैंक और डीमैट अकाउंट से डेबिट करने पर भी रोक लगा दी है, SEBI की इजाजत के बिना एसेट्स को बेचने या ट्रांसफर करने पर पाबंदी लगा दी है, और उन्हें 15 दिनों के अंदर अपनी एसेट्स, बैंक अकाउंट, डीमैट अकाउंट, सिक्योरिटीज और इन्वेस्टमेंट की पूरी लिस्ट जमा करने का निर्देश दिया है. SEBI ने कहा है कि उसकी विस्तृत जांच जारी रहेगी.