IPO GMP बताने वालों पर SEBI सख्त, वेबसाइट और सोशल मीडिया से हटाने होंगे ग्रे मार्केट प्रीमियम के आंकड़े

SEBI ने IPO के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) को लेकर सख्त एडवाइजरी जारी की है. बाजार नियामक ने रजिस्टर्ड इंटरमीडियरीज और मार्केट प्रतिभागियों से वेबसाइट, ईमेल, SMS और सोशल मीडिया पर GMP के आंकड़े प्रकाशित और प्रसारित नहीं करने को कहा है. SEBI ने निवेशकों को भी GMP के आधार पर IPO में निवेश करने से बचने की सलाह दी है.

GMP Image Credit: @AI/Money9live

शेयर बाजार में IPO के जरिए कमाई की उम्मीद लगाने वाले निवेशकों के लिए बड़ी खबर है. SEBI ने IPO के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) को लेकर सख्त रुख अपनाया है. मार्केट रेगुलेटर ने 23 नवंबर को जारी एडवाइजरी में मार्केट इंटरमीडियरीज और अन्य मार्केट पार्टिसिपेंट से अनऑफिशियल GMP के आंकड़ों का प्रकाशन और प्रसार बंद करने को कहा है. इसमें वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म, ईमेल, SMS और सोशल मीडिया के जरिए GMP की जानकारी साझा करना भी शामिल है. SEBI ने निवेशकों को भी चेतावनी दी है कि वे GMP को किसी IPO की संभावित लिस्टिंग कीमत या उससे होने वाले मुनाफे का संकेत न मानें.

GMP दिखाने वालों को सलाह

SEBI के मुताबिक, IPO के अनलिस्टेड शेयरों के संभावित प्रीमियम यानी ग्रे मार्केट प्रीमियम के आंकड़े कई वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म, अखबारों और सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर प्रसारित किए जा रहे हैं. कुछ SEBI में रजिस्टर्ड इंटरमीडियरीज और बाजार प्रतिभागी भी इन आंकड़ों को प्रकाशित कर रहे हैं.

नियामक ने कहा है कि इस तरह के अनियमित प्री-लिस्टिंग प्रीमियम का प्रकाशन, प्रदर्शन, प्रसार या किसी भी माध्यम से प्रचार बंद किया जाना चाहिए. SEBI ने रजिस्टर्ड इंटरमीडियरीज और मार्केट पार्टिसिपेंट को अपनी वेबसाइट और प्लेटफॉर्म के साथ-साथ ईमेल, SMS और सोशल मीडिया पर भी GMP के आंकड़े साझा नहीं करने की सलाह दी है.

क्या होता है IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम?

जब किसी कंपनी का IPO शेयर बाजार में लिस्ट होने से पहले निवेशकों के बीच चर्चा में आता है, तो उसके शेयरों की अनऑफिशियल खरीद-बिक्री ग्रे मार्केट में होती है. इस बाजार में IPO के शेयरों के लिए इश्यू प्राइस से ऊपर या नीचे जो अतिरिक्त कीमत बताई जाती है, उसे ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP कहते हैं.

उदाहरण के लिए, अगर किसी IPO का इश्यू प्राइस 100 रुपये है और उसका GMP 30 रुपये बताया जा रहा है, तो इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट में उस शेयर की संभावित कीमत 130 रुपये मानी जा रही है. हालांकि, यह कोई आधिकारिक कीमत नहीं होती. न ही इससे यह गारंटी मिलती है कि शेयर की लिस्टिंग 130 रुपये पर ही होगी.

GMP को लेकर SEBI को क्यों हुई चिंता?

SEBI का कहना है कि ग्रे मार्केट में होने वाले सौदे मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंज के दायरे से बाहर होते हैं. इन पर नियामक की निगरानी नहीं होती और न ही इनमें निवेशकों को किसी तरह की सेटलमेंट गारंटी या औपचारिक सुरक्षा मिलती है.

इसके अलावा, ग्रे मार्केट में कीमत तय करने की कोई आधिकारिक प्रक्रिया भी नहीं है. ऐसे में वहां बताए जाने वाले GMP के आंकड़े अप्रमाणित होते हैं. SEBI को चिंता है कि निवेशक इन आंकड़ों को IPO की मांग, संभावित लिस्टिंग प्राइस और कमाई का भरोसेमंद संकेत समझ सकते हैं. इससे निवेशकों के हितों को नुकसान पहुंच सकता है और बाजार में पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है.

GMP के आधार पर निवेश करने से बचें निवेशक

SEBI ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे किसी IPO में निवेश का फैसला केवल GMP के आधार पर न लें. ग्रे मार्केट प्रीमियम किसी शेयर की वास्तविक लिस्टिंग कीमत या संभावित रिटर्न की गारंटी नहीं देता. नियामक ने निवेशकों से GMP से जुड़े अनऑफिशियल सौदों से भी दूर रहने को कहा है.

निवेशकों को IPO में आवेदन के लिए SEBI में रजिस्टर्ड इंटरमीडियरीज और अधिकृत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे निवेशक नियामकीय सुरक्षा के दायरे में रहेंगे.

ये भी पढ़ें- Jensen Huang Networth: 31% उछला एनवीडिया का शेयर, 1 दिन में $33.7 अरब बढ़ी जेन्सेन हुआंग की दौलत

ग्रे मार्केट में नुकसान हुआ तो नहीं मिलेगी मदद

SEBI ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्रे मार्केट के अनऑफिशियल सौदों में विवाद होने पर निवेशकों को औपचारिक शिकायत निवारण और विवाद समाधान की सुविधा नहीं मिलेगी. ऐसे निवेशक SEBI या स्टॉक एक्सचेंज के तहत मिलने वाले निवेशक संरक्षण का लाभ नहीं उठा सकेंगे.