RBI के नए ECL नियम से PNB पर बढ़ेगा बोझ, 5000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) को RBI के नए ECL फ्रेमवर्क के तहत करीब 5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान करना पड़ सकता है. बैंक के MD अशोक चंद्रा के मुताबिक, इससे मुनाफे और कैपिटल पोजीशन पर बड़ा असर नहीं होगा. 1 अप्रैल 2027 से लागू होने वाले इस नियम के लिए बैंक पहले ही 3,710 करोड़ रुपये का प्रावधान कर चुका है.
Highlights
- PNB को ECL फ्रेमवर्क लागू होने पर 4,500 से 5,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान करना पड़ सकता है.
- बैंक का CAR 17.95 फीसदी से घटकर करीब 17.5 फीसदी रहने का अनुमान है.
- क्रेडिट कार्ड और कैश मैनेजमेंट कारोबार से हर तिमाही 200-200 करोड़ रुपये मुनाफे का लक्ष्य.
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए Expected Credit Loss (ECL) फ्रेमवर्क में जाने पर करीब 4500 से 5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान करना पड़ सकता है. हालांकि, बैंक के MD और CEO अशोक चंद्रा का कहना है कि इससे बैंक की मुनाफा कमाने की क्षमता और कैपिटल पोजीशन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा. यह नया फ्रेमवर्क 1 अप्रैल 2027 से लागू होना है. बैंक ने इसके लिए पहले से ही प्रावधान करना शुरू कर दिया है. इसके साथ ही PNB क्रेडिट कार्ड, सप्लाई चेन फाइनेंस और कैश मैनेजमेंट कारोबार के जरिए अपनी कमाई बढ़ाने की तैयारी कर रहा है.
ECL प्रावधान का शुरुआती अनुमान
PNB के MD अशोक चंद्रा ने PTI को दिए इंटरव्यू में बताया कि बैंक ने शुरुआती मैनुअल कैलकुलेशन में ECL फ्रेमवर्क के लिए 9000 से 10000 करोड़ रुपये के प्रावधान की जरूरत का अनुमान लगाया था. लेकिन डिजिटल सिस्टम से विस्तृत आकलन के बाद यह घटकर करीब 8000 करोड़ रुपये रह गया है.
चंद्रा के मुताबिक, पिछले छह साल में बैंक की मजबूत अंडरराइटिंग प्रक्रिया के कारण अनुमान में करीब 1000 से 1500 करोड़ रुपये की कमी आई है. बैंक पहले ही 2560 करोड़ रुपये का फ्लोटिंग ECL प्रावधान और स्टैंडर्ड एसेट्स में 1150 करोड़ रुपये का अलग प्रावधान कर चुका है. इन्हें घटाने के बाद अतिरिक्त जरूरत करीब 4500 से 5000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है.
CAR पर कितना पड़ेगा असर?
बैंक ने अभी तय नहीं किया है कि अतिरिक्त प्रावधान की पूरी रकम एक साथ रखी जाएगी या इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा. चंद्रा के मुताबिक, अगर बैंक पहले साल में ही पूरी तरह ECL फ्रेमवर्क में चला जाता है, तो उसके कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (CAR) में करीब 52 से 53 बेसिस पॉइंट की कमी आएगी. फिलहाल 17.95 फीसदी के आसपास मौजूद CAR इसके बाद भी करीब 17.5 फीसदी रहेगा.
क्या है ECL फ्रेमवर्क?
ECL यानी Expected Credit Loss फ्रेमवर्क के तहत बैंकों को भविष्य में होने वाले संभावित कर्ज नुकसान का अनुमान लगाकर पहले से प्रावधान करना होगा. मौजूदा व्यवस्था में बैंक मुख्य रूप से नुकसान सामने आने या उसके संकेत मिलने पर प्रावधान करते हैं. नया नियम 1 अप्रैल 2027 से लागू होगा.
क्रेडिट कार्ड और कैश मैनेजमेंट से 200 करोड़ कमाई का लक्ष्य
PNB अगले वित्त वर्ष से क्रेडिट कार्ड और कैश मैनेजमेंट सर्विसेज कारोबार से हर तिमाही करीब 200-200 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाने का लक्ष्य बना रहा है. मार्च 2025 तक बैंक के पास 6.04 लाख क्रेडिट कार्ड थे. डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू होने के बाद नौ महीने में 5 लाख नए कार्ड जुड़े और कुल संख्या करीब 11 लाख हो गई. बैंक का लक्ष्य मार्च 2027 तक इसे 13 लाख से ज्यादा करना है. प्रीमियम PNB Metal Credit Card Luxura के अब तक 27,140 ग्राहक हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें- आज शेयर बाजार में छुट्टी, BSE-NSE पर नहीं होगा कारोबार, जानें कमोडिटी मार्केट का टाइम
सप्लाई चेन फाइनेंस में 7800 करोड़ रुपये के लोन मंजूर
बैंक ने डीलर और वेंडर फाइनेंसिंग के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है. इसके तहत नौ महीने में करीब 7800 करोड़ रुपये के लोन मंजूर किए गए हैं और 5200 करोड़ रुपये का बकाया पोर्टफोलियो है. वहीं, कैश मैनेजमेंट कारोबार फिलहाल हर तिमाही 130-140 करोड़ रुपये का मुनाफा दे रहा है. बैंक को अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही से इसे 200 करोड़ रुपये तक पहुंचाने की उम्मीद है. इन तीनों कारोबारों के जरिए PNB अपनी फीस आधारित और नॉन-इंटरेस्ट इनकम बढ़ाना चाहता है.
Latest Stories
Jensen Huang Networth: 31% उछला एनवीडिया का शेयर, 1 दिन में $33.7 अरब बढ़ी जेन्सेन हुआंग की दौलत
RBI की नई लिस्ट जारी, SBI-HDFC और ICICI बैंक D-SIB में बरकरार, जानें कितना रखना होगा अतिरिक्त पैसा
पहले इस्तीफा, फिर वापसी! Nvidia के CEO बने Jensen Huang, जानिए क्यों बदला फैसला
