चीन की नई चिप तकनीक से बढ़ी टेंशन! सेमीकंडक्टर शेयरों में बिकवाली तेज; 4% तक टूटे कई स्टॉक
चीन द्वारा अपनी इमर्शन डीप अल्ट्रावायलेट (DUV) लिथोग्राफी मशीन बनाने की योजना की खबर के बाद ग्लोबल चिप उपकरण कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखा है. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) का शेयर 2.98 फीसदी टूटकर 395 रुपये पर पहुंच गया.
Indian Semiconductor Stocks: मंगलवार, 28 जुलाई के कारोबार में भारतीय सेमीकंडक्टर से जुड़े शेयरों में दबाव देखने को मिला है. चीन द्वारा अपनी इमर्शन डीप अल्ट्रावायलेट (DUV) लिथोग्राफी मशीन बनाने की योजना की खबर के बाद वैश्विक चिप उपकरण कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखा है.
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
गिरावट वाले शेयरों में CG Power & Industrial Solutions सबसे आगे रहा. कंपनी का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा गिरकर 842.20 रुपये पर आ गया. इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) का शेयर 2.98 फीसदी टूटकर 395 रुपये पर पहुंच गया. वहीं MosChip Technologies का शेयर 1.99 फीसदी गिरकर 204 रुपये और SPEL Semiconductor का शेयर 2.27 फीसदी टूटकर 155 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
क्यों आई गिरावट?
चीन अपनी DUV लिथोग्राफी मशीन विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है. अगर चीन इसमें सफल होता है, तो इसका सीधा असर डच कंपनी ASML के कारोबार पर पड़ सकता है. ASML फिलहाल दुनिया में सबसे एडवांस चिप बनाने वाली लिथोग्राफी मशीनों की प्रमुख सप्लायर मानी जाती है.
लिथोग्राफी मशीनें सिलिकॉन वेफर पर बेहद छोटे इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बनाने का काम करती हैं. जितनी बेहतर यह तकनीक होगी, उतने ही अधिक क्षमता वाले चिप तैयार किए जा सकते हैं.
ग्लोबल शेयरों में भी बिकवाली
इस खबर के बाद वैश्विक चिप उपकरण कंपनियों के शेयरों में भी तेज गिरावट आई. ASML का शेयर 7 फीसदी से ज्यादा टूट गया, जो 8 जून के बाद इसकी सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट रही. इसके अलावा BE Semiconductor Industries के शेयर 8.5 फीसदी, Soitec के शेयर 5 फीसदी और Infineon Technologies के शेयर करीब 3 फीसदी तक गिर गए.
बाजार को चिंता है कि अगर चीन की तकनीक सफल होती है, तो ASML और दूसरी पश्चिमी कंपनियों पर निर्भरता कम हो सकती है. इससे इन कंपनियों की फ्यूचर की बिक्री प्रभावित होने के साथ-साथ अमेरिका के निर्यात प्रतिबंधों का असर भी कमजोर पड़ सकता है.
इन भारतीय कंपनियों पर रहेगी नजर
- MosChip Technologies: यह फैबलेस सेमीकंडक्टर और सिस्टम डिजाइन कंपनी है, जो ASIC और IoT समाधान उपलब्ध कराती है.
- SPEL Semiconductor: कंपनी देश में इंटीग्रेटेड सर्किट (IC) असेंबली और टेस्टिंग का कारोबार करती है.
- CG Power & Industrial Solutions: कंपनी OSAT (Outsourced Semiconductor Assembly and Test) प्लांट प्रोजेक्ट्स से जुड़ी हुई है.
- भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL): सरकारी रक्षा कंपनी, जो रक्षा और नागरिक उपयोग के लिए स्वदेशी माइक्रोकंट्रोलर और विशेष चिप विकसित कर रही है.
डिस्क्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.
इसे भी पढ़ें- फेसबुक-इंस्टाग्राम से क्यों हटता है वीडियो? क्या है Meta की पॉलिसी, समझें पूरी गाइडलाइन