IPO Listing Today: छह IPO की शेयर बाजार में लिस्टिंग, LCC Projects ने दिया 30 फीसदी तक प्रीमियम
17 सितंबर को शेयर बाजार में छह IPO की लिस्टिंग हुई. LCC Projects ने करीब 30 फीसदी प्रीमियम के साथ सबसे मजबूत शुरुआत की. Karamtara Engineering के शेयर 25.98 फीसदी और Rentomojo के शेयर 19.42 फीसदी प्रीमियम पर खुले. Steamhouse India भी 16.67 फीसदी चढ़ा.

गुरुवार, 17 सितंबर को शेयर बाजार में छह IPO की लिस्टिंग हुई. इनमें Rentomojo, LCC Projects, Steamhouse India और Karamtara Engineering के शेयर इश्यू प्राइस से ऊपर खुले. वहीं Asset Reconstruction Company यानी Arcil के शेयर इश्यू प्राइस पर ही लिस्ट हुए. Manipal Payment and Identity Solutions के शेयरों ने गिरावट के साथ बाजार में शुरुआत की. इन छह कंपनियों में LCC Projects के शेयरों ने सबसे ज्यादा प्रीमियम के साथ शुरुआत की. इसके बाद Karamtara Engineering और Rentomojo के शेयरों में भी मजबूत लिस्टिंग देखने को मिली.
19 फीसदी प्रीमियम पर खुले
Rentomojo के शेयरों ने 17 सितंबर को शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत की. NSE पर कंपनी का शेयर 482.45 रुपये पर खुला, जो 404 रुपये के इश्यू प्राइस से 19.42 फीसदी ज्यादा है. वहीं BSE पर शेयर 480 रुपये पर खुला और इश्यू प्राइस के मुकाबले 18.81 फीसदी ऊपर रहा. Rentomojo के IPO को निवेशकों की ओर से अच्छी रिस्पांस मिली थी और यह इश्यू कुल 72.88 गुना सब्सक्राइब हुआ था. QIB कैटेगरी 177.29 गुना, NII कैटेगरी 67.93 गुना और रिटेल हिस्सा 15.59 गुना सब्सक्राइब हुआ था. कंपनी ने IPO के लिए 384 रुपये से 404 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था.
LCC Projects
LCC Projects के शेयरों ने आज सबसे मजबूत शुरुआत की. NSE पर कंपनी का शेयर 189 रुपये पर खुला, जो 146 रुपये के इश्यू प्राइस से 29.45 फीसदी ज्यादा है. BSE पर शेयर 191.90 रुपये पर खुला और यहां करीब 31.44 फीसदी का प्रीमियम देखने को मिला. कंपनी के IPO को कुल 48.51 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था. इसमें QIB हिस्सा 78.69 गुना, NII हिस्सा 62.99 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 25.56 गुना सब्सक्राइब हुआ था. LCC Projects ने अपने IPO के लिए 139 रुपये से 146 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था और इश्यू का आकार 427 करोड़ रुपये था.
Steamhouse India
Steamhouse India के शेयरों ने भी बाजार में सकारात्मक शुरुआत की. NSE पर शेयर 94.50 रुपये पर खुला, जो 81 रुपये के इश्यू प्राइस से 16.67 फीसदी ज्यादा है. BSE पर शेयर 93 रुपये पर खुला और इश्यू प्राइस के मुकाबले 14.81 फीसदी ऊपर रहा. कंपनी के 414 करोड़ रुपये के IPO को कुल 30.49 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था. NII कैटेगरी 44.30 गुना और QIB कैटेगरी 43.91 गुना सब्सक्राइब हुई थी. वहीं रिटेल निवेशकों के हिस्से को 16.90 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था. Steamhouse India के IPO में 353 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 61 करोड़ रुपये का OFS शामिल था.
Karamtara Engineering
Karamtara Engineering के शेयरों ने भी प्रीमियम के साथ बाजार में एंट्री की. NSE और BSE दोनों पर कंपनी का शेयर 320 रुपये पर खुला. यह 254 रुपये के इश्यू प्राइस से 25.98 फीसदी ज्यादा है. कंपनी के 875 करोड़ रुपये के IPO को कुल 62.63 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था. QIB कैटेगरी 159.59 गुना और NII कैटेगरी 48.55 गुना सब्सक्राइब हुई थी. रिटेल निवेशकों के हिस्से को 13.26 गुना बोली मिली थी. Karamtara Engineering के IPO में 675 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 200 करोड़ रुपये तक का OFS शामिल था.
Arcil
Asset Reconstruction Company India यानी Arcil के शेयरों की शुरुआत फ्लैट रही. NSE और BSE दोनों पर कंपनी का शेयर 139 रुपये पर खुला. कंपनी का इश्यू प्राइस भी 139 रुपये था, इसलिए लिस्टिंग के समय इसमें कोई प्रीमियम या डिस्काउंट नहीं दिखा. Arcil के 733 करोड़ रुपये के IPO को कुल 20.10 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था. QIB हिस्सा 52.65 गुना, NII हिस्सा 15.69 गुना और रिटेल हिस्सा 3.39 गुना सब्सक्राइब हुआ था. कंपनी का पूरा IPO OFS था, यानी इस इश्यू से मिलने वाली रकम कंपनी के पास नहीं जाएगी.
Manipal Payment
Manipal Payment and Identity Solutions के शेयरों ने इन छह IPO में सबसे अलग शुरुआत की और इश्यू प्राइस से नीचे खुले. NSE पर शेयर 330 रुपये पर खुला, जो 339 रुपये के इश्यू प्राइस से 2.65 फीसदी कम है. BSE पर शेयर 332 रुपये पर खुला और करीब 2.06 फीसदी की गिरावट के साथ लिस्ट हुआ. कंपनी के 805 करोड़ रुपये के IPO को कुल 1.42 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था. QIB कैटेगरी 1.26 गुना, NII कैटेगरी 1.22 गुना और रिटेल हिस्सा 2.19 गुना सब्सक्राइब हुआ था. इस IPO में 320 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 485 करोड़ रुपये तक का OFS शामिल था.