Closing Bell: मार्केट में लौटी तेजी, Sensex 879 अंक उछला, Nifty 22500 के पार, ITC और TCS में जोरदार तेजी

भारतीय शेयर मार्केट में शुक्रवार को जोरदार तेजी रही. सेंसेक्स 879.09 अंक चढकर 72,472.33 पर और निफ्टी 288.65 अंक बढकर 22,520.45 पर बंद हुआ. ITC के शेयर में 5.08 फीसदी और TCS में 4.71 फीसदी की तेजी आई. IT और FMCG शेयरों में खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर बयान से मार्केट को सहारा मिला.

सेंसेक्स 879 अंक उछलकर 72,472 पर बंद, निफ्टी 22,500 के पार पहुंचा. Image Credit: Tv9

शेयर मार्केट में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. पिछले कारोबारी दिन की भारी गिरावट के बाद मार्केट ने शानदार वापसी की. सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 फीसदी की बढ़त के साथ 72472.33 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 50 में 288.65 अंक यानी 1.30 फीसदी की तेजी आई और यह 22520.45 पर बंद हुआ. मार्केट में इस तेजी के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर बयान और IT तथा FMCG शेयरों में खरीदारी का अहम योगदान रहा. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई.

सेंसेक्स के टॉप गेनर बने ITC और TCS

शुक्रवार को सेंसेक्स के शेयरों में ITC सबसे ज्यादा तेजी के साथ बंद हुआ. ITC का शेयर 5.08 फीसदी उछलकर 266.95 रुपये पर पहुंच गया. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS में 4.71 फीसदी की तेजी आई और यह 2173 रुपये पर बंद हुआ. इन्फोसिस का शेयर भी 3.20 फीसदी चढा. HCL टेक्नोलॉजीज में 3.15 फीसदी और अडानी पोर्ट्स में 3.49 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. HDFC बैंक, L&T, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर भी तेजी के साथ बंद हुए.

Eternal के शेयरों में गिरावट

मार्केट में ज्यादातर बडे़ शेयरों में तेजी रही, लेकिन कुछ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए. रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.50 फीसदी फिसल गया. वहीं Eternal के शेयर में 0.31 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स के 30 शेयरों में ये दोनों ही शेयर गिरावट के साथ बंद हुए. दूसरी ओर SBI, ट्रेंट, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा और भारती एयरटेल के शेयरों में बढ़त देखने को मिली. इससे साफ रहा कि शुक्रवार के कारोबार में मार्केट में खरीदारी का रुख मजबूत रहा.

इन सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी

सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी IT सबसे आगे रहा. यह 3.02 फीसदी बढ़कर 28,574.90 पर बंद हुआ. TCS, इन्फोसिस और HCL टेक्नोलॉजीज में खरीदारी से IT सेक्टर को सहारा मिला. निफ्टी FMCG इंडेक्स में 2.20 फीसदी की तेजी आई, जबकि निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 1.63 फीसदी चढ़ा. निफ्टी बैंक में 1.36 फीसदी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.33 फीसदी की बढत दर्ज की गई. ऑटो, प्राइवेट बैंक, हेल्थकेयर, मेटल, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर भी तेजी के साथ बंद हुए. हालांकि, निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.09 फीसदी गिरकर बंद हुआ.

ट्रंप के बयान से मार्केट को सपोर्ट

शुक्रवार को मार्केट में तेजी की एक वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर बयान भी रहा. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पॉजिटिव बातचीत चल रही है और अमेरिका मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं करेगा. इससे मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने की आशंका कुछ कम हुई और निवेशकों की धारणा को सपोर्ट मिला.

ये भी पढ़ें- Starlink, Jio या OneWeb, कस्टमर खुद चुनेंगे सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी; मोबाइल कांग्रेस में बोले सिंधिया

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी भारतीय शेयर मार्केट को सपोर्ट दिया. ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.34 फीसदी गिरकर 102.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं अमेरिकी WTI क्रूड 0.99 फीसदी फिसलकर 90.584 डॉलर प्रति बैरल पर रहा. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है, इसलिए तेल की कीमतों में नरमी से आयात बिल और महंगाई को लेकर चिंता कम हो सकती है.