कम कर्ज, मजबूत फंडामेंटल और 5 साल में 130 फीसदी तक रिटर्न, इन 3 मेटल शेयरों पर रखें नजर

अगर आप मेटल सेक्टर में निवेश का मौका तलाश रहे हैं तो केवल सस्ते शेयरों पर ध्यान देना काफी नहीं है. मजबूत बैलेंस शीट, कम कर्ज, अच्छी रिटर्न क्षमता और लगातार बिक्री व मुनाफे में ग्रोथ भी जरूरी है.

मेटल स्टॉक्स Image Credit: Canva

Metal Stocks: मेटल सेक्टर में निवेश करने वाले अधिकतर निवेशक सस्ते वैल्यूएशन वाले शेयरों की तलाश करते हैं. लेकिन इस सेक्टर में केवल कम PE रेशियो देखकर निवेश करना सही रणनीति नहीं मानी जाती. मेटल कंपनियों का कारोबार और मुनाफा वैश्विक कमोडिटी कीमतों पर काफी निर्भर करता है. ऐसे में मजबूत बैलेंस शीट, कम कर्ज, बेहतर रिटर्न और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली कंपनियां लंबी अवधि में ज्यादा भरोसेमंद साबित हो सकती हैं. तो आइये ऐसे ही तीन मेटल कंपनियों के बारे में जानते है, जो अपने मजबूत फंडामेंटल की वजह से निवेशकों की वॉचलिस्ट में जगह बना सकती हैं.

Gandhi Special Tubes

गांधी स्पेशल ट्यूब्स इस लिस्ट की सबसे छोटी लेकिन मजबूत कंपनी है. कंपनी पर कोई कर्ज नहीं है और प्रमोटर की हिस्सेदारी 73.53 फीसदी है. रिटर्न ऑन इक्विटी 23.5 फीसदी और रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड 31.3 फीसदी है. कंपनी ने हाल ही में 15 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड और 780 करोड़ रुपये तक के बायबैक का ऐलान किया है. हालांकि कारोबार की ग्रोथ धीमी रही है, लेकिन मजबूत कैश रिजर्व इसे अलग पहचान देते हैं. कंपनी के शेयर शुक्रवार को 0.25 फीसदी की तेजी के साथ 876 रुपये पर बंद हुए. इसने अपने निवेशकों को पिछले पांच साल में 79 फीसदी का रिटर्न दिया है.

Aeroflex Industries

एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज स्टेनलेस स्टील फ्लेक्सिबल होज और कूलिंग सिस्टम से जुडे़ प्रोडक्ट बनाती है. कंपनी ने AI डेटा सेंटर के लिए लिक्विड कूलिंग सिस्टम के कारोबार में भी एंट्री की है. प्रमोटर हिस्सेदारी 65.47 फीसदी है और कर्ज लगभग नहीं के बराबर है. पिछले तीन साल में कंपनी की बिक्री और मुनाफा लगातार बढ़ा है. हालांकि एआई थीम के कारण शेयर का वैल्यूएशन पहले से काफी ऊपर पहुंच चुका है. कंपनी के शेयर शुक्रवार को 2.07 फीसदी की तेजी के साथ 435 रुपये पर बंद हुए. इसने अपने निवेशकों को पिछले पांच साल में 129 फीसदी का रिटर्न दिया है.

यह भी पढ़ें- Q1 में 547% उछला मुनाफा, शेयर में लगा 20 फीसदी का अपर सर्किट, आशीष कचोलिया ने भी लगाया पैसा!

Ratnamani Metals

रत्नमणि मेटल्स स्टेनलेस स्टील और कार्बन स्टील पाइप बनाने वाली प्रमुख कंपनी है. इसका कारोबार तेल गैस, पावर और केमिकल सेक्टर तक फैला है. वित्त वर्ष 2026 में बिक्री में कुछ गिरावट आई, लेकिन कंपनी ने अपने मार्जिन में सुधार किया. कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त है और उसके पास मजबूत ऑर्डर बुक मौजूद है. आने वाले समय में नए निवेश और प्रोजेक्ट इसके कारोबार को मजबूती दे सकती हैं. कंपनी के शेयर शुक्रवार को 1.10 फीसदी की गिरावट के साथ 2358 रुपये पर बंद हुए. इसने अपने निवेशकों को पिछले पांच साल में 62 फीसदी का रिटर्न दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.