Sugar Stocks Rally: चीनी कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी, Dhampur Sugar 14% तक उछला, जानें वजह

चीनी कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली. Dhampur Sugar का शेयर 14 फीसदी से ज्यादा उछल गया, जबकि Shree Renuka Sugars और Uttam Sugar में भी बड़ी बढ़त दर्ज की गई. ISMA ने 2026-27 में भारत का चीनी उत्पादन घटने का अनुमान लगाया है. जानें उत्पादन, मांग और सप्लाई से जुड़ी पूरी जानकारी.

शुगर सेक्‍टर के स्‍टॉक्‍स में आया उछाल Image Credit: freepik

Sugar Stocks Rally: शेयर बाजार में गुरुवार, 26 नवंबर को चीनी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली. Dhampur Sugar, Uttam Sugar Mills, Shree Renuka Sugars और Bajaj Hindusthan Sugar समेत कई कंपनियों के शेयर शुरुआती कारोबार में 14 फीसदी तक उछल गए. इस तेजी के पीछे चीनी उत्पादन को लेकर आई एक अहम रिपोर्ट है.

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने अनुमान लगाया है कि मार्केटिंग ईयर 2026-27 में भारत का चीनी उत्पादन पिछले सीजन के मुकाबले कम रह सकता है. उत्पादन घटने की आशंका से बाजार में चीनी की सप्लाई कम होने और कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका है. इसी खबर के चलते निवेशकों ने चीनी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी की.

शुगर स्टॉक्स में बंपर तेजी

गुरुवार को चीनी कंपनियों के शेयरों में चौतरफा तेजी देखने को मिली. Dhampur Sugar Mills का शेयर इंट्राडे में 14.34 फीसदी उछलकर 181.80 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, Uttam Sugar Mills के शेयर में 11.8 फीसदी की तेजी आई और यह 388.10 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.

Shree Renuka Sugars का शेयर 12 फीसदी चढ़कर 18.88 रुपये पर पहुंच गया, जबकि Bajaj Hindusthan Sugar में 9 फीसदी की तेजी आई और शेयर 17.42 रुपये के स्तर पर पहुंच गया. इसके अलावा Dwarikesh Sugar Industries का शेयर 8.7 फीसदी उछलकर 45.31 रुपये पर पहुंच गया.

अन्य चीनी कंपनियों की बात करें तो Balrampur Chini Mills में 6.7 फीसदी, Dalmia Bharat Sugar में 6.4 फीसदी, EID Parry में 3.5 फीसदी और Triveni Engineering and Industries में 3.3 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई.

ISMA ने चीनी उत्पादन घटने का लगाया अनुमान

शुगर स्टॉक में तेजी की सबसे बड़ी वजह ISMA का ताजा अनुमान है. एसोसिएशन के मुताबिक, मार्केटिंग ईयर 2026-27 में भारत का कुल चीनी उत्पादन घटकर 265.21 लाख टन रह सकता है. पिछले मार्केटिंग ईयर 2025-26 में देश का कुल चीनी उत्पादन 312.13 लाख टन रहा था.

हालांकि, दोनों वर्षों के उत्पादन की तुलना करते समय एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल को भी समझना जरूरी है. पिछले सीजन में 32.42 लाख टन चीनी का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन के लिए किया गया था. इसके बाद देश में शुद्ध चीनी उत्पादन (Net Sugar Production) 279.71 लाख टन रहा था.

वहीं, 2026-27 में एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का इस्तेमाल नहीं होने का अनुमान है. ऐसे में इस सीजन का कुल और शुद्ध उत्पादन दोनों 265.21 लाख टन रहने का अनुमान है. इस तरह पिछले सीजन के शुद्ध उत्पादन के मुकाबले इस बार उत्पादन में करीब 5 फीसदी की गिरावट आ सकती है.

महाराष्ट्र-UP में घट सकता है उत्पादन

ISMA के मुताबिक, देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में गन्ने का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है. इसकी प्रमुख वजह गन्ने की खेती का रकबा कम होना, मानसून के दौरान कम बारिश और मौसम में बदलाव है.

एसोसिएशन के अनुमान के मुताबिक, 2026-27 में देश में गन्ने की खेती का कुल रकबा घटकर 55.53 लाख हेक्टेयर रह सकता है, जबकि पिछले सीजन में यह 57.35 लाख हेक्टेयर था. यानी इसमें करीब 3.2 फीसदी की कमी आने का अनुमान है.

राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन पिछले सीजन के 95.42 लाख टन से घटकर 88.96 लाख टन रह सकता है. वहीं, महाराष्ट्र में उत्पादन 112.45 लाख टन से घटकर 86.85 लाख टन रहने का अनुमान है. महाराष्ट्र में उत्पादन में गिरावट का असर देश के कुल उत्पादन पर भी पड़ सकता है.

भारत में हर साल चीनी की मांग करीब 280-285 लाख टन रहने का अनुमान है. ऐसे में अगर उत्पादन घटकर 265.21 लाख टन रह जाता है, तो मांग के मुकाबले सप्लाई कम पड़ सकती है. इससे चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी होगी.

यह भी पढ़ें: SC Agrotech: 17 दिन से लग रहा अपर सर्किट, 1 महीने में 171% उछला स्टॉक, 4 फ्री शेयर दे रही कंपनी, रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.