Titan Q2 Results: ज्वेलरी से वॉच तक मजबूत प्रदर्शन, रेवेन्यू 25% बढ़ा; CaratLane की बिक्री 32% बढ़ी

Titan ने वित्त वर्ष 2026 27 की सितंबर तिमाही में रेवेन्यू में सालाना आधार पर 25 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की है. कंपनी के ज्वेलरी कारोबार में 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. Tanishq, Mia, Zoya और beYon ने करीब 20 फीसदी ग्रोथ दर्ज की, जबकि CaratLane 32 फीसदी बढ़ा. वॉच कारोबार में 30 फीसदी और EyeCare कारोबार में 28 फीसदी की ग्रोथ रही.

Titan का Q2 रेवेन्यू 25 फीसदी बढ़ी. Image Credit: money9 live

Titan ने सितंबर तिमाही के कारोबार के आंकडे़ जारी किए हैं. कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इस ग्रोथ में ज्वेलरी, वॉच और आईकेयर कारोबार का योगदान रहा. ज्वेलरी कारोबार में 21 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है. हालांकि पिछली तीन तिमाहियों के मुकाबले रेवेन्यू ग्रोथ की रफ्तार धीमी हुई है. कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान ग्राहकों की मांग मजबूत रही. फेस्टिव कैलेंडर में बदलाव के कारण तिमाही के अंत में मांग में कुछ नरमी देखने को मिली.

रेवेन्यू ग्रोथ 25 फीसदी रही

Titan ने वित्त वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही में रेवेन्यू में सालाना आधार पर 25 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की. यह ग्रोथ कंपनी के ज्वेलरी, वॉच और आईकेयर कारोबार से आई. हालांकि क्रमिक आधार पर कंपनी की ग्रोथ की रफ्तार कम हुई है. वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू 40 फीसदी बढ़ा था. मार्च तिमाही में यह ग्रोथ 46 फीसदी और जून तिमाही में 41 फीसदी रही थी.

ज्वेलरी कारोबार में 21 फीसदी ग्रोथ

Titan के कुल कारोबार में ज्वेलरी कारोबार की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है. वित्त वर्ष 2025 26 में कंपनी के 75000 करोड़ रुपये से ज्यादा के रेवेन्यू में ज्वेलरी कारोबार की हिस्सेदारी 91.5 फीसदी थी. सितंबर तिमाही में इस कारोबार ने 21 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की. कंपनी के मुताबिक, ग्राहकों की मांग मजबूत रही. हालांकि फेस्टिव सीजन के कैलेंडर में बदलाव के कारण तिमाही के अंत में मांग कुछ धीमी हुई.

स्टडेड ज्वेलरी की बिक्री मजबूत

Titan ने बताया कि Festival of Diamonds कैंपेन और ब्रांड स्तर पर चलाए गए प्रमोशन से स्टडेड ज्वेलरी की बिक्री को फायदा मिला. इस कारोबार में शुरुआती 30 फीसदी के आसपास ग्रोथ दर्ज हुई. वहीं प्लेन गोल्ड ज्वेलरी की बिक्री सालाना आधार पर 20 फीसदी बढ़ी. निवेश के लिए खरीदे जाने वाले गोल्ड कॉइन की मांग में ऊंचे बेस के कारण गिरावट आई. कंपनी ने बताया कि कॉइन की मांग में हाई सिंगल डिजिट की गिरावट रही.

Tanishq और CaratLane का प्रदर्शन

ज्वेलरी कारोबार में Tanishq, Mia, Zoya और beYon ने तिमाही के दौरान करीब 20 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की. वहीं डिजिटल फर्स्ट ज्वेलरी रिटेलर CaratLane का प्रदर्शन इससे बेहतर रहा. CaratLane की ग्रोथ 32 फीसदी रही. कंपनी के मुताबिक पूरे ज्वेलरी कारोबार में खरीदारों की संख्या मिड सिंगल डिजिट में बढ़ी. वहीं औसत टिकट साइज में डबल डिजिट की ग्रोथ दर्ज की गई.

वॉच कारोबार 30 फीसदी बढ़ा

Titan के वॉच कारोबार में सितंबर तिमाही के दौरान 30 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई. कंपनी ने बताया कि प्रीमियम प्रोडक्ट की मांग बढ़ने से कारोबार को फायदा मिला. एनालॉग वॉच कारोबार में शुरुआती तीस फीसदी के आसपास मजबूत ग्रोथ रही. स्मार्टवॉच कारोबार में भी सुधार देखने को मिला. पिछले कुछ तिमाहियों से गिरावट के बाद स्मार्टवॉच कारोबार में सितंबर तिमाही में हाई सिंगल डिजिट की ग्रोथ दर्ज हुई.

आईकेयर और नए कारोबार भी बढे़

Titan के EyeCare कारोबार में 28 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई. कंपनी ने बताया कि स्टोर नेटवर्क को बेहतर करने और प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बदलाव से ग्राहक अनुभव बेहतर हुआ है. उभरते कारोबारों में कुल 21 फीसदी की ग्रोथ रही.