1.54 लाख करोड़ रुपये स्वाहा! बाजार गिरते ही दिग्गज कंपनियों की वैल्यू घटी, RIL के डूबे ₹46,078 करोड़
शेयर बाजार में आई कमजोरी ने देश की सबसे बड़ी कंपनियों को बड़ा झटका दिया है. बीते सप्ताह टॉप-10 कंपनियों में से 7 का संयुक्त मार्केट कैप 1.54 लाख करोड़ रुपये घट गया. सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ.

पिछले सप्ताह शेयर बाजार में आई कमजोरी का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी साफ दिखाई दिया. छुट्टियों के कारण छोटा रहा कारोबारी सप्ताह निवेशकों के लिए ज्यादा उत्साहजनक नहीं रहा और टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के मार्केट कैप में कुल 1.54 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान सबसे बड़ा झटका रिलायंस इंडस्ट्रीज को लगा, जबकि एसबीआई, एलएंडटी और एलआईसी जैसी कुछ कंपनियां बाजार की कमजोरी के बावजूद बढ़त हासिल करने में सफल रहीं.
रिलायंस को सबसे बड़ा नुकसान
मार्केट कैप में गिरावट के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे आगे रही. कंपनी का बाजार मूल्य 46,078 करोड़ रुपये घटकर 17.87 लाख करोड़ रुपये रह गया. इसके अलावा एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 33,333 करोड़ रुपये घटकर 11.46 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल को भी बड़ा नुकसान हुआ. कंपनी का बाजार मूल्य 25,408 करोड़ रुपये घटकर 11.14 लाख करोड़ रुपये रह गया. वहीं आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टीसीएस का मार्केट कैप 22,920 करोड़ रुपये घटकर 8.15 लाख करोड़ रुपये पर आ गया.
इन कंपनियों की वैल्यूएशन भी घटी
हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्य में 13,169 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 5.04 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 7,253 करोड़ रुपये घटकर 5.63 लाख करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 6,311 करोड़ रुपये घटकर 9 लाख करोड़ रुपये रह गया.
SBI, L&T और LIC ने दिखाई मजबूती
बाजार की गिरावट के बीच कुछ कंपनियों ने अच्छा प्रदर्शन भी किया. इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एलएंडटी का मार्केट कैप 20,608 करोड़ रुपये बढ़कर 5.60 लाख करोड़ रुपये हो गया. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की वैल्यूएशन 13,753 करोड़ रुपये बढ़कर 8.89 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई. वहीं एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 6,040 करोड़ रुपये बढ़कर 5.20 लाख करोड़ रुपये हो गया.
यह भी पढ़ें: ₹700 करोड़ की ऑर्डर बुक और हजारों करोड़ के टेंडर, क्या रॉकेट बनने को तैयार है ये 2 शिपबिल्डिंग स्टॉक्स?
सप्ताह के अंत में रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही. इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई का स्थान रहा. वहीं सेंसेक्स सप्ताह के दौरान 639 अंक और निफ्टी 171 अंक फिसल गया, जिसका असर अधिकांश बड़ी कंपनियों के मूल्यांकन पर देखने को मिला.