इस हॉस्पिटल शेयर में मची भगदड़! एक दिन में 10% तक टूटे भाव, Q2 में मुनाफा 31% घटा; मार्जिन पर भी दबाव

Park Medi World के शेयर शुक्रवार को Q2 FY27 के नतीजों के बाद इंट्राडे में करीब 10 फीसदी टूट गए. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 31 फीसदी घटकर 54.5 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, रेवेन्यू 24.6 फीसदी बढ़कर 511 करोड़ रुपये पहुंचा. बढ़ते खर्च और EBITDA मार्जिन में गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई.

हॉस्पिटल शेयर Image Credit:

शेयर बाजार में शुक्रवार को हॉस्पिटल सेक्टर की कंपनी Park Medi World के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली. कंपनी के सितंबर तिमाही (Q2 FY27) के नतीजे सामने आने के बाद निवेशकों ने शेयरों में बिकवाली शुरू कर दी. कारोबार के दौरान शेयर करीब 10 फीसदी तक टूट गया. इसकी सबसे बड़ी वजह कंपनी के मुनाफे में गिरावट और EBITDA मार्जिन पर बढ़ता दबाव रहा.

इंट्राडे में 10% तक टूटे शेयर

Park Medi World के शेयर शुक्रवार को कारोबार के दौरान BSE पर गिरकर 231 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गए. यह करीब 9.9 फीसदी की गिरावट थी. शेयर अपने 10 फीसदी के लोअर सर्किट 230.80 रुपये के बेहद करीब पहुंच गया. सुबह 11:55 बजे के आसपास शेयर करीब 5.6 फीसदी गिरकर 242 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इस दौरान सेंसेक्स भी करीब 0.45 फीसदी नीचे था. हालांकि, गिरावट के बावजूद कंपनी का शेयर अपने IPO प्राइस 162 रुपये से करीब 58 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था. कंपनी का शेयर पिछले साल 17 दिसंबर को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था.

Q2 में 31% घट गया कंपनी का मुनाफा

Park Medi World के वित्तीय नतीजों पर नजर डालें तो कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट इस साल सितंबर तिमाही में घटकर 54.5 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 78.7 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. यानी सालाना आधार पर मुनाफे में करीब 31 फीसदी की गिरावट आई है. तिमाही आधार पर भी कंपनी का मुनाफा करीब 38 फीसदी घटा है. जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 88.5 करोड़ रुपये था.

रिकॉर्ड रेवेन्यू के बावजूद क्यों बिगड़े नतीजे?

कंपनी के लिए राहत की बात यह रही कि उसका रेवेन्यू अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. सितंबर तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 511 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की समान तिमाही में यह 410 करोड़ रुपये था. इस तरह रेवेन्यू में सालाना आधार पर 24.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.

हालांकि, मटेरियल और कर्मचारियों पर बढ़ते खर्च ने कंपनी की कमाई पर दबाव डाला. इसका असर EBITDA पर भी देखने को मिला. सितंबर तिमाही में EBITDA 9.7 फीसदी घटकर 101.7 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल यह 112.6 करोड़ रुपये था.

मार्जिन में भी आई बड़ी गिरावट

कंपनी का EBITDA मार्जिन भी 27.5 फीसदी से घटकर 19.9 फीसदी रह गया. यानी इसमें 758 बेसिस पॉइंट की गिरावट आई है. कंपनी के मैनेजमेंट के मुताबिक, पिछले छह महीनों में रुद्रपुर और पंचकूला के जरिए 680 नए बेड जोड़े गए हैं. इससे कंपनी की कुल बेड क्षमता बढ़कर 4,290 हो गई है. नई सुविधाओं को पूरी क्षमता से संचालित होने और बेहतर ऑक्यूपेंसी हासिल करने में समय लगता है. इसी वजह से फिलहाल मुनाफे और ऑक्यूपेंसी पर दबाव बना हुआ है.

FY27 में 1,430 नए बेड जोड़ने की तैयारी

कंपनी की विस्तार योजना भी जारी है. दिल्ली के फेब्रिस, गुरुग्राम के पालम विहार विस्तार, जिरकपुर के मेहर हॉस्पिटल और कानपुर की नई फैसिलिटी के जरिए कंपनी वित्त वर्ष 2027 में कुल 1,430 बेड जोड़ने की योजना बना रही है. यह पिछले वित्त वर्ष की कुल क्षमता के मुकाबले करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी होगी.

यह भी पढ़ें- 52 हफ्ते के निचले स्तर से 94% चढ़ा ये पावर शेयर, फिर भी 47% तेजी की उम्मीद; Jefferies ने दिया बड़ा टारगेट!