Vedanta Aluminium पर ब्रोकरेज फर्म Emkay ने दी BUY रेटिंग, 20% तक आ सकती है तेजी; जानें टारगेट प्राइस

ब्रोकरेज फर्म Emkay Global Financial ने Vedanta Aluminium Metal पर BUY रेटिंग देते हुए 550 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है. ब्रोकरेज का अनुमान है कि मौजूदा स्तर से शेयर में करीब 20 फीसदी तक तेजी आ सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक एल्युमिनियम बाजार में 2028 तक सप्लाई की कमी बनी रह सकती है, जिससे कंपनी को फायदा मिलने की संभावना है.

वेदांता Image Credit: Getty image

Vedanta Aluminium: ब्रोकरेज फर्म Emkay Global Financial ने Vedanta Aluminium Metal (VAML) के शेयर पर कवरेज शुरू करते हुए BUY रेटिंग दी है. ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 550 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है. मौजूदा स्तर के मुकाबले इसमें करीब 20 फीसदी की संभावित तेजी का अनुमान जताया गया है. ब्रोकरेज का मानना है कि वैश्विक एल्युमिनियम बाजार की मजबूत स्थिति और कंपनी की लागत घटाने की रणनीति आने वाले वर्षों में बेहतर कमाई का आधार बनेगी.

550 रुपये का टारगेट प्राइस

Emkay Global Financial ने अपनी 1 जुलाई 2026 की रिसर्च रिपोर्ट में कहा है कि Vedanta Aluminium के लिए 550 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया गया है. यह वैल्यूएशन FY28E EV/EBITDA के 6 गुना के आधार पर किया गया है. ब्रोकरेज का मानना है कि बाजार अभी कंपनी की लंबी अवधि की आय क्षमता का पूरा वैल्यूएशन नहीं कर रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की कमाई में स्ट्रक्चरल सुधार की मजबूत संभावना है, जिसका असर आने वाले वर्षों में शेयर के प्रदर्शन पर दिखाई दे सकता है.

2028 तक मजबूत रह सकता है एल्युमिनियम बाजार

Emkay Global Financial का मानना है कि वैश्विक एल्युमिनियम बाजार में कैलेंडर वर्ष 2028 तक मांग और सप्लाई के बीच कमी बनी रह सकती है. हालांकि, इंडोनेशिया ने नई उत्पादन क्षमता बढ़ाने की घोषणा की है, लेकिन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में संभावित देरी इसका असर सीमित कर सकती है.

इसके अलावा, चीन की प्रभावी 45 मिलियन टन उत्पादन सीमा भी वैश्विक सप्लाई को नियंत्रित रखने में अहम भूमिका निभा सकती है. ऐसे में एल्युमिनियम की कीमतों को समर्थन मिलने की संभावना बनी रहेगी, जिसका फायदा इस क्षेत्र की कंपनियों को मिल सकता है.

लागत घटाने पर कंपनी का फोकस

ब्रोकरेज के मुताबिक, Vedanta Aluminium अपनी बैकवर्ड इंटीग्रेशन रणनीति पर लगातार काम कर रही है. कंपनी बॉक्साइट, एल्युमिना, कोयला और बिजली जैसे प्रमुख कच्चे माल में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निवेश कर रही है. इस रणनीति से कंपनी की नकद उत्पादन लागत में कमी आने की उम्मीद है.

साथ ही ऑपरेटिंग लीवरेज बेहतर होगा और फ्री कैश फ्लो (FCF) मजबूत हो सकता है. Emkay का मानना है कि इन प्रयासों के बाद Vedanta Aluminium दुनिया की सबसे कम लागत पर एल्युमिनियम उत्पादन करने वाली एकीकृत कंपनियों में शामिल हो सकती है.

कैसा है शेयर का हाल

अगर शेयर की बात करें, तो गुरुवार को इंट्रा-डे कारोबार में Vedanta Aluminium Metal का शेयर 1.56 फीसदी बढ़कर 458 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. ऐसे में ब्रोकरेज के टारगेट प्राइस के मुताबिक, इसमें करीब 20 फीसदी की तेजी आने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: बीयर बनाने वाली कंपनी Carlsberg लाएगी IPO, $700 मिलियन जुटाने का प्लान; फाइल किए ड्राफ्ट पेपर्स

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.