विजय केडिया ने लगाया ₹33 करोड़ का दांव! अगले ही दिन 17% उछला शेयर; क्या मिलेगा कमाई का मौका?
दिग्गज निवेशक विजय केडिया की कंपनी Kedia Securities ने Zaggle Prepaid Ocean Services के 20 लाख शेयर खरीदे हैं. यह खरीदारी करीब 33 करोड़ रुपये में हुई. इसके बाद बुधवार को कंपनी का शेयर 17% से ज्यादा उछल गया.

Vijay Kedia Stock: दिग्गज निवेशक विजय केडिया की कंपनी Kedia Securities ने AI आधारित SaaS फिनटेक कंपनी Zaggle Prepaid Ocean Services में बड़ा दांव लगाया है. Kedia Securities ने NSE पर Bulk Deal के जरिए कंपनी के 20 लाख शेयर खरीदे. इस खरीदारी के बाद बुधवार को Zaggle Prepaid के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली और यह 17% से ज्यादा उछल गया.
करीब ₹33 करोड़ में खरीदे 20 लाख शेयर
NSE के Bulk Deal के आंकड़ों के मुताबिक, Kedia Securities ने मंगलवार, 18 अगस्त को Zaggle Prepaid के 20,00,000 शेयर खरीदे. यह खरीदारी 164.72 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर हुई. इस हिसाब से केडिया की कंपनी ने इस शेयर में करीब 33 करोड़ रुपये का निवेश किया है.
दिलचस्प बात यह है कि Kedia Securities ने इस कंपनी में खरीदारी ऐसे समय की, जब शेयर 52 हफ्ते के निचले स्तर के आसपास कारोबार कर रहा था. Zaggle Prepaid का शेयर 18 अगस्त 2026 को 154.36 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर तक पहुंचा था.
केडिया की खरीदारी के बाद 17% से ज्यादा उछला शेयर
बुधवार, 19 अगस्त को Zaggle Prepaid Ocean Services का शेयर पिछले बंद भाव 165.88 रुपये के मुकाबले 187.40 रुपये पर खुला. कारोबार के दौरान शेयर 17.4% तक चढ़कर 194.70 रुपये के स्तर तक पहुंच गया. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में भी शेयर 3.36% की तेजी के साथ बंद हुआ था.
कंपनी में अशोक कचोलिया की भी हिस्सेदारी
Zaggle Prepaid में दिग्गज निवेशक अशोक कचोलिया की भी हिस्सेदारी है. जून तिमाही के आखिर तक उनके पास कंपनी के 29,03,356 शेयर थे, जो 2.16% हिस्सेदारी के बराबर है. वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के पास कंपनी के 31,08,030 शेयर थे. यह 2.31% हिस्सेदारी के बराबर है.
जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में विजय केडिया की कंपनी Kedia Securities का नाम प्रमुख शेयरहोल्डर्स में शामिल नहीं था. हालांकि, एक्सचेंज के नियमों के मुताबिक 1% से कम हिस्सेदारी रखने वाले निवेशकों का नाम कंपनी को अलग से बताना जरूरी नहीं होता. इसलिए यह साफ नहीं है कि केडिया के पास पहले से 1% से कम हिस्सेदारी थी या उन्होंने हाल में पहली बार खरीदारी की है.
इस साल अब तक 47% टूट चुका है शेयर
केडिया की खरीदारी के बावजूद Zaggle Prepaid का शेयर इस साल अब तक काफी दबाव में रहा है. शेयर 2026 में अब तक करीब 47% टूट चुका है. कंपनी का 52 हफ्ते का ऊपरी स्तर ₹417.60 रहा, जो पिछले साल 19 अगस्त को बना था.
अगस्त में अब तक शेयर करीब 10% नीचे है. अगर महीने के आखिर तक यह गिरावट बनी रहती है तो शेयर लगातार चौथे महीने नुकसान में रह सकता है.
जून तिमाही में मुनाफा 32.9% घटा
Zaggle Prepaid ने 14 अगस्त को जून तिमाही के नतीजे जारी किए थे. कंपनी का टैक्स के बाद मुनाफा सालाना आधार पर 32.9% घटकर ₹17.53 करोड़ रह गया. मुनाफे का मार्जिन भी पिछले साल के 7.9% से घटकर 4.1% रह गया. हालांकि, कंपनी की ऑपरेशनल इनकम 27.5% बढ़कर ₹423.27 करोड़ पहुंच गई. समायोजित EBITDA 4% बढ़कर ₹34.74 करोड़ रहा, लेकिन इसका मार्जिन 10.1% से घटकर 8.2% पर आ गया.
इसे भी पढ़ें- BookMyShow में KKR की एंट्री, Eternal से बढ़ती कंपटीशन के बीच खरीदी हिस्सेदारी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.