Vishal Mega Mart में बड़ी ब्लॉक डील से शेयर 7% फिसला, मजबूत Q3 रिजल्ट के बावजूद क्यों भाग रहे निवेशक
Vishal Mega Mart के शेयरों में आज तेज गिरावट देखने को मिली. बड़ी ब्लॉक डील के खबरों के बीच शेयर 7% से ज्यादा टूट गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रमोटर Samayat Services ने शेयर बिक्री का साइज बढ़ाया है. मजबूत तिमाही नतीजों के बावजूद, भारी सौदों ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है.
Vishal Mega Mart Block Deal: वैल्यू रिटेल सेगमेंट की दिग्गज कंपनी विशाल मेगा मार्ट के शेयरों में आज जोरदार गिरावट देखने को मिली. बड़ी मात्रा में हुए सौदों और ब्लॉक डील की खबरों के बीच निवेशकों की नजर इस शेयर पर टिक गई. हालांकि कंपनी के तिमाही नतीजे मजबूत रहे हैं, लेकिन शेयर की चाल ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि बाजार में खबरों और सौदों का असर कितना तेज होता है.
क्यों टूटे विशाल मेगा मार्ट के शेयर
कारोबार के दौरान विशाल मेगा मार्ट के शेयर करीब 7.6 फीसदी तक टूट गए और बीएसई पर इंट्रा-डे लो ₹117.8 तक पहुंच गए. हालांकि सुबह 10:45 बजे कंपनी के शेयरों थोड़ा ऊपर की तरफ आए और 119 रुपये पर ट्रेड करने लगे.
शेयर में आई इस गिरावट की बड़ी वजह ब्लॉक डील मानी जा रही है. ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक करीब 66.96 करोड़ शेयरों में बड़े सौदे हुए. हालांकि इन सौदों में खरीदार और विक्रेता के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार प्रमोटर यूनिट समायत सर्विसेज ने शेयर बिक्री के ऑफर को बढ़ा दिया था. पहले जहां 30.5 करोड़ शेयर बेचने की योजना थी, उसे बढ़ाकर करीब 65.25 करोड़ शेयर कर दिया गया. इस शेयर बिक्री के जरिए करीब ₹7,504 करोड़ जुटाने की बात कही जा रही है, जिसमें फ्लोर प्राइस ₹115 तय किया गया था.
शेयरहोल्डिंग का मौजूदा हाल
बीएसई के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक दिसंबर 2025 तक प्रमोटर समायत सर्विसेज एलएलपी के पास कंपनी में 54.09 फीसदी हिस्सेदारी थी. बाकी हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है. इसमें म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी करीब 23.92 फीसदी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 15.52 फीसदी रही.
यह भी पढ़ें: आज मार्केट में 2 IPOs की हुई एंट्री, एक ने डुबाेए ₹55200, तो दूसरे की 5% प्रीमियम पर हुई लिस्टिंग
Q3 में मजबूत नतीजे
नतीजों की बात करें तो विशाल मेगा मार्ट ने Q3FY26 में अच्छा प्रदर्शन किया है. कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 19.1 फीसदी बढ़कर ₹312.9 करोड़ रहा. वहीं ऑपरेशंस से रेवेन्यू 17 फीसदी की बढ़त के साथ ₹3,670.3 करोड़ पहुंच गया. EBITDA भी करीब 19.8 फीसदी बढ़कर ₹605.1 करोड़ रहा.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
