जंग खत्‍म होने की उम्‍मीद से ग्लोबल मार्केट में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल के संकेत, जानें Dow Jones से लेकर कच्‍चे तेल का हाल

मिडिल ईस्ट तनाव कम होने की उम्मीद से ग्लोबल बाजारों में जोरदार तेजी आई, जिससे सेंसेक्स-निफ्टी में गैप-अप शुरुआत के संकेत मिले. डोनाल्‍ड ट्रंप के बयान के बाद Dow Jones, Nasdaq और एशियाई बाजारों में तेज उछाल देखा गया, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.

share market opening hint Image Credit: canva/AI image

Share Market Opening Prediction: वेस्‍ट एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद और ग्लोबल बाजारों में आई तेजी के चलते आज भारतीय शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत देखने को मिल सकती है.अमेरिकी बाजारों में जोरदार उछाल और एशियाई बाजारों की बढ़त से सेंसेक्स और निफ्टी 50 के हरे निशान में खुलने के संकेत मिल रहे हैं. एशियाई बाजारों में आज तेजी का माहौल है, वहीं अमेरिकी बाजारों में भी सोमवार रात को बड़ी तेजी देखने को मिली. S&P 500, Nasdaq और Dow Jones जैसे प्रमुख इंडेक्स ने मई 2025 के बाद की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़त दर्ज की. इससे निवेशकों का सेंटिमेंट बेहतर हुआ है.

गिरावट के साथ बंद हुआ था भारतीय बाजार

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार, 31 मार्च को महावीर जयंती के चलते बंद रहा था. इससे पहले सोमवार को बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी. मिडिल ईस्ट तनाव और उसके भारतीय अर्थव्यवस्था पर असर की आशंका से निवेशकों ने बिकवाली की थी. सोमवार को सेंसेक्स 1,635.67 अंक यानी 2.22% टूटकर 71,947.55 पर बंद हुआ था. वहीं निफ्टी 50 भी 488.20 अंक यानी 2.14% गिरकर 22,331.40 के स्तर पर आ गया था.

Gift Nifty के संकेत

गिफ्ट निफ्टी आज करीब 22,870 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से लगभग 444 अंकों के प्रीमियम पर है. यह संकेत देता है कि भारतीय शेयर बाजार की आज शुरुआत मजबूती के साथ गैप-अप हो सकती है.

रिकवरी की जगी उम्‍मीद

ग्लोबल संकेतों में सुधार के चलते बाजार में रिकवरी की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि निवेशकों की नजर अभी भी मिडिल ईस्ट के हालात और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी रहेगी, जो आगे बाजार की दिशा तय करेंगे.अभी वेस्‍ट एशिया में जारी युद्ध के कम होने की उम्मीद ने वैश्विक बाजारों में जोरदार तेजी ला दी है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों का भरोसा लौटा और वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स में बड़ी उछाल देखने को मिली. ट्रंप ने 2 से 3 हफ्तों में ईरान के साथ जंग खत्‍म करने के संकेत दिए हैं. इतना ही नहीं उन्‍होंने इसके लिए किसी डील की जरूरत न होना भी बताया.

वैश्विक बाजार का हाल

अमेरिका में Dow Jones इंडस्ट्रियल एवरेज 1,125 अंक यानी 2.49% चढ़कर 46,341 पर बंद हुआ. वहीं S&P 500 में 2.92% और नैस्डैक कंपोजिट में 3.83% की मजबूत बढ़त दर्ज की गई. यह तेजी इस उम्मीद से आई कि ईरान के साथ जारी सैन्य टकराव जल्द खत्म हो सकता है.

एशियाई बाजार का रुख

एशियाई बाजारों में भी इस तेजी का असर दिखा. जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजारों में उछाल आया, जिससे MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स 1.6% तक चढ़ गया. जापान का Nikkei 225 इंडेक्स 3.64% उछला, जबकि Topix में 3.17% की बढ़त दर्ज की गई. दक्षिण कोरिया का Kospi इंडेक्स सबसे ज्यादा चमका और 5.32% की तेज बढ़त के साथ ट्रेड करता नजर आया, वहीं Kosdaq में भी 4.13% की मजबूती आई. हांगकांग के Hang Seng इंडेक्स फ्यूचर्स ने भी मजबूत शुरुआत के संकेत दिए, जिससे साफ है कि पूरे एशियाई बाजार में सकारात्मक माहौल बना हुआ है. निवेशकों को उम्मीद है कि अगर युद्ध खत्म होता है तो तेल सप्लाई सामान्य होगी और वैश्विक अर्थव्यवस्था को राहत मिलेगी.

डॉलर में कमजोरी

डॉलर में कमजोरी देखने को मिली. डॉलर इंडेक्स 0.59% गिरकर 99.96 पर आ गया, हालांकि यह अभी भी अपने तिमाही प्रदर्शन में मजबूत बना हुआ है. युद्ध से जुड़ी अनिश्चितता के चलते डॉलर को सेफ हेवन सपोर्ट मिलता रहा है.

कच्‍चे तेल की कीमतों में तेजी

कमोडिटी बाजार में तेल की कीमतें बढ़ी हई नजर आई. ब्रेंट कूड करीब 105.398 डॉलर प्रति बैरल के आसपास नर आया. वहीं क्रूड ऑयल की कीमत भी बढ़त के साथ 102.699 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करती नजर आई.