Aadhaar Card में लगी पुरानी फोटो बदलवाना है? घर बैठे बुक करें अपॉइंटमेंट, जानें फीस और पूरा प्रोसेस
क्या आपके Aadhaar Card में भी कई साल पुरानी फोटो लगी है? अब इसे बदलवाने के लिए किसी एजेंट के पास जाने की जरूरत नहीं है. आप घर बैठे UIDAI की वेबसाइट से अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं.

आधार कार्ड आज के समय में सबसे जरूरी दस्तावेजों में से एक है. बैंक से जुड़े काम हों या सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो, कई जगह इसकी जरूरत पड़ती है. अगर आपके आधार कार्ड में लगी फोटो पुरानी हो गई है और आप इसे बदलवाना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने फोटो अपडेट कराने की प्रोसेस को आसान बनाया है. इसके लिए आप ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकते हैं. आइए जानते हैं पूरा प्रोसेस, फीस और जरूरी दस्तावेज.
घर बैठे ऐसे बुक करें अपॉइंटमेंट
Aadhaar Card की फोटो बदलवाने के लिए सबसे पहले UIDAI के आधिकारिक अपॉइंटमेंट पोर्टल bookappointment.uidai.gov.in पर जाना होगा. यहां अपनी सुविधा के अनुसार शहर और आधार सेवा केंद्र चुनें. इसके बाद आधार अपडेट का विकल्प चुनकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें. मोबाइल पर आए ओटीपी से वेरीफाई करने के बाद फोटो या बायोमेट्रिक अपडेट का विकल्प चुनें. अब अपनी पसंद के अनुसार तारीख और समय का स्लॉट बुक करके अपॉइंटमेंट कन्फर्म कर दें.
आधार केंद्र पर ऐसे बदलेगी फोटो
अपॉइंटमेंट बुक होने के बाद तय तारीख और समय पर आधार सेवा केंद्र पहुंचना होगा. वहां ऑपरेटर को फोटो अपडेट कराने के बारे में बताना होगा. इसके बाद आपकी पहचान और आधार से जुड़ी जानकारी की जांच की जाएगी. जरूरत पड़ने पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी होगा. फिर केंद्र पर ही कैमरे से आपकी नई फोटो ली जाएगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको एक रसीद मिलेगी, जिस पर अपडेट रिक्वेस्ट नंबर होगा. इसकी मदद से आप आवेदन का स्टेटस देख सकते हैं.
फोटो बदलवाने के लिए कितनी लगेगी फीस
UIDAI की मौजूदा फीस लिस्ट के अनुसार, सामान्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये देने होते हैं. आधार कार्ड में फोटो बदलवाना भी इसी श्रेणी में आता है. हालांकि, कुछ आयु वर्ग के बच्चों को इसमें छूट मिलती है. 5 से 7 साल की उम्र में पहली बार होने वाला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट फ्री है. इसी तरह 15 से 17 साल की उम्र में निर्धारित अनिवार्य अपडेट भी फ्री कराया जा सकता है. इसके अलावा 7 से 15 साल के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2027 तक फ्री है.
कौन से दस्तावेज लेकर जाना होगा
अगर आप केवल आधार कार्ड की फोटो बदलवाना चाहते हैं तो आमतौर पर अलग से पहचान या पते का प्रमाण जमा करने की जरूरत नहीं होती. फिर भी आधार नंबर, आधार कार्ड या ई-आधार की कॉपी और अपॉइंटमेंट की पुष्टि साथ लेकर जाना बेहतर है. अगर आप फोटो के साथ अपना नाम, पता या जन्मतिथि भी बदलवाना चाहते हैं तो इसके लिए UIDAI के नियमों के अनुसार संबंधित दस्तावेज देने पड़ सकते हैं.
कितने दिन में अपडेट होगी नई फोटो
आधार कार्ड में फोटो अपडेट होने के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है. UIDAI के मुताबिक, करीब 90 फीसदी आधार अपडेट रिक्वेस्ट 30 दिनों के भीतर पूरी हो जाती हैं. हालांकि, कुछ मामलों में पूरी प्रक्रिया में 90 दिन तक का समय लग सकता है. इसलिए फोटो अपडेट कराने के बाद मिली रसीद और रिक्वेस्ट नंबर को संभालकर रखना जरूरी है. इससे आप अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Jio का बड़ा धमाका! ₹399 और ₹3,999 वाले प्लान में मिलेगा अनलिमिटेड डाटा, ₹15 में भी 5G का मजा