Anthropic ने लॉन्च किया Fable 5 मॉडल, लेकिन क्यों डर रही हैं सरकारें और साइबर सुरक्षा एजेंसियां?

दुनिया की अग्रणी AI कंपनी Anthropic ने अपना सबसे ताकतवर मॉडल Fable 5 लॉन्च कर दिया है. कंपनी का दावा है कि यह मॉडल कोडिंग, रिसर्च और इमेज एनालिसिस में बेहद सक्षम है, लेकिन साइबर सुरक्षा चिंताओं के चलते इसकी कई क्षमताओं पर सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं. आखिर ऐसा क्या कर सकता है Fable 5, जिससे सरकारें और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं?

एंथ्रोपिक सीईओ Image Credit: Money9 Live

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक बड़ा अपडेट आया है. ‘क्लॉड’ एआई मॉडल बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने मंगलवार को अपने सबसे शक्तिशाली और एडवांस एआई मॉडल को आम जनता के लिए जारी कर दिया है. इसे ‘फेबल 5’ (Fable 5) नाम दिया गया है. यह कंपनी की सबसे आधुनिक ‘माइथोस’ क्लास का पहला ऐसा मॉडल है, जो आम लोगों तक पहुंचा है. हालांकि, इसकी खतरनाक क्षमताओं को देखते हुए कंपनी ने इसके इस्तेमाल पर कुछ सख्त पाबंदियां भी लगाई हैं.

कोडिंग में उस्ताद, लेकिन हैकर्स से बचाने का इंतजाम

AFP की रिपोर्ट में एंथ्रोपिक के हवाले से बताया गया है कि फेबल 5 सॉफ्टवेयर कोड लिखने, उसे डीबग करने, जटिल रिसर्च के जवाब देने और तस्वीरों का विश्लेषण करने में माहिर है. लेकिन इसकी असली ताकत साइबर सुरक्षा से जुड़ी है. यह मॉडल बिजली ग्रिड, बैंकिंग और बड़े सॉफ्टवेयर जैसे क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर की कमियों को पलक झपकते ही पकड़ सकता है. यानी अगर यह क्षमता गलत हाथों या हैकर्स के पास चली गई, तो वे पूरे देश के पावर ग्रिड और बैंकिंग नेटवर्क को ठप कर के खतरनाक साइबर हमले कर सकते हैं.

यही वजह है कि इसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए एंथ्रोपिक ने संवेदनशील साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों को अपने निचले स्तर के मॉडल ‘ओपस 4.8’ पर रूट करने का फैसला किया है.

चुनिंदा कंपनियों के लिए ‘अनरिस्ट्रिक्टेड’ वर्जन

एक तरफ जहां आम जनता के लिए पाबंदियां हैं, वहीं दूसरी तरफ एंथ्रोपिक अपनी पार्टनर कंपनियों को इसका पूरी तरह खुला वर्जन ‘क्लॉड माइथोस 5’ (Claude Mythos 5) दे रहा है. कंपनी के ‘प्रोजेक्ट ग्लासविंग’ के तहत दुनिया के 15 से अधिक देशों की लगभग 200 कंपनियों और सुरक्षा एजेंसियों को इसका एक्सेस मिला हुआ है.

अमेरिकी सरकार भी इस मॉडल की सुरक्षा जांच कर चुकी है, जिसके बाद व्हाइट हाउस ने अब सभी बड़ी एआई कंपनियों के मॉडल्स को रिलीज से पहले टेस्ट करने की व्यवस्था बनाई है.

अमेरिकी सरकार और पेंटागन से विवाद

अपनी सुरक्षा नीतियों को लेकर एंथ्रोपिक का अमेरिकी प्रशासन के साथ बड़ा विवाद भी रहा है. बड़े पैमाने पर निगरानी और घातक स्वायत्त हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति न देने पर कंपनी अड़ गई थी. इस स्टैंडऑफ के बाद अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने एंथ्रोपिक के साथ अपने सारे कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिए थे.

यह भी पढ़ें: WWDC 2026 में Apple का बड़ा दांव! Siri हुई सुपर स्मार्ट, iPhone-Mac में भी आए कई कमाल के फीचर्स

भारी-भरकम कीमत और अरबों का खर्च

फेबल 5 को इस्तेमाल करना जेब पर काफी भारी पड़ने वाला है. इसकी कीमत 10 डॉलर प्रति मिलियन इनपुट टोकन और 50 डॉलर प्रति मिलियन आउटपुट टोकन रखी गई है, जो पुराने मॉडल से दोगुनी है. एंथ्रोपिक की कमाई तो तेजी से बढ़ रही है, लेकिन मुनाफा अभी दूर है. कंपनी कंप्यूटिंग पावर के लिए भारी खर्च कर रही है और हाल ही में उसने एलन मस्क से 1.25 अरब डॉलर प्रति महीने के किराए पर एक डेटा सेंटर लीज पर लिया है.

यह लॉन्च ऐसे समय पर हुआ है जब बाजार में एआई को लेकर भारी उत्साह है. एंथ्रोपिक और उसकी प्रतिद्वंदी कंपनी ओपनएआई दोनों ने ही हाल ही में अपने आईपीओ के प्लान दाखिल किए हैं.