iPhone या Samsung, किसका सॉफ्टवेयर है ज्यादा दमदार? AI से लेकर मल्टीटास्किंग तक समझें अंतर

Apple का iOS 27 बेहतर स्पीड और स्मार्ट Siri पर फोकस करता है, जबकि Samsung One UI 9 में ज्यादा कस्टमाइजेशन, मल्टीटास्किंग और Galaxy AI फीचर्स मिलते हैं. ऐसे में सवाल है कि दोनों में से किसका सॉफ्टवेयर ज्यादा काम का है?

iOS 27 vs One UI 9 Image Credit:

स्मार्टफोन खरीदते समय लोग कैमरा, बैटरी और प्रोसेसर के साथ उसके सॉफ्टवेयर पर भी ध्यान देने लगे हैं. ऐसे में Apple और Samsung अपने नए सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए यूजर्स को बेहतर अनुभव देने की कोशिश करते हैं. Apple ने iOS 27 में ऐप्स की स्पीड बढ़ाने, Siri को ज्यादा स्मार्ट बनाने और अपने डिवाइस के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने पर काम किया है. वहीं Samsung One UI 9 में मल्टीटास्किंग, फोन को अपनी पसंद के हिसाब से बदलने और AI फीचर्स पर जोर दिया गया है. दोनों के फीचर्स अलग-अलग तरह के यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं.

iOS 27 में पहले से तेज होंगे काम

Apple का iOS 27 रोजमर्रा के कामों को पहले से तेज बनाने पर फोकस करता है. कंपनी के मुताबिक, इस अपडेट में ऐप्स 30% तक तेजी से खुल सकते हैं. Photos लाइब्रेरी में नई तस्वीरें 70% तक तेजी से लोड होती हैं, जबकि AirDrop से फाइल ट्रांसफर की स्पीड में 80% तक सुधार हुआ है.

इसके अलावा Liquid Glass डिजाइन में भी बदलाव किए गए हैं. अब यूजर्स स्लाइडर की मदद से इंटरफेस की पारदर्शिता को अपनी पसंद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं.

Samsung One UI 9 में मल्टीटास्किंग का दम

मल्टीटास्किंग के मामले में Samsung One UI 9 ज्यादा विकल्प देता है. इसमें सपोर्टेड डिवाइस पर दो या तीन ऐप्स एक साथ स्क्रीन पर चलाए जा सकते हैं. यानी यूजर्स एक ऐप में काम करते हुए दूसरे ऐप को भी देख सकते हैं.

Samsung ने DeX फीचर को भी बेहतर किया है, जिससे ऐप्स की विंडो को स्क्रीन के अलग-अलग हिस्सों में सेट करना आसान हो गया है. Galaxy Z Flip8 में कवर स्क्रीन पर विजेट जोड़ने, हटाने और उनकी जगह बदलने के विकल्प भी दिए गए हैं.

AI में Siri और Galaxy AI का मुकाबला

AI फीचर्स की बात करें तो Apple ने iOS 27 में Siri को ज्यादा स्मार्ट बनाया है. अब Siri यूजर के मैसेज, ईमेल और फोटो से जुड़ी जानकारी समझकर सवालों के जवाब दे सकती है. यह स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट को भी समझ सकती है.

दूसरी तरफ Samsung ने Galaxy AI में Now Nudge, My FanCam, Photo Assist और Now Brief जैसे फीचर्स दिए हैं. Now Nudge काम के हिसाब से सुझाव देता है, जबकि My FanCam वीडियो में चुने गए व्यक्ति को अपने आप फ्रेम के बीच में रखता है. Photo Assist में बोलकर फोटो एडिट की जा सकती है.

कनेक्टिविटी और इस्तेमाल में कौन आगे?

कनेक्टिविटी के मामले में Apple अपने इकोसिस्टम की मदद से आगे नजर आता है. AirDrop, Handoff और Universal Clipboard की मदद से iPhone, iPad और Mac के बीच फाइल शेयर करना और काम जारी रखना आसान होता है.

वहीं Samsung अपने Galaxy फोन, टैबलेट, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स के साथ Windows कंप्यूटर को भी कनेक्ट करने की सुविधा देता है. कुल मिलाकर iOS 27 उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जिन्हें आसान इंटरफेस और Apple डिवाइस के बीच बेहतर तालमेल चाहिए. वहीं One UI 9 ज्यादा कस्टमाइजेशन, मल्टीटास्किंग और AI फीचर्स पसंद करने वालों के लिए उपयोगी है.