iPhone 18 Pro से Foldable iPhone Ultra तक, Apple मचाएगा बड़ा धमाका!
Apple सितंबर में iPhone 18 Pro सीरीज के साथ कई बड़े प्रोडक्ट लॉन्च कर सकता है. इनमें फोल्डेबल iPhone Ultra, Apple Watch Series 12, Watch Ultra 4 और नए AirPods शामिल हैं. कुछ डिवाइस अक्टूबर में भी लॉन्च हो सकते हैं.

Apple सितंबर में अपने नए प्रोडक्ट्स की बड़ी लॉन्चिंग की तैयारी कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी का अगला लॉन्च इवेंट 9 सितंबर 2026 को हो सकता है. इस इवेंट में iPhone 18 Pro सीरीज के साथ कंपनी के पहले फोल्डेबल iPhone समेत कई नए प्रोडक्ट पेश किए जा सकते हैं. हालांकि, इनमें से कुछ प्रोडक्ट अक्टूबर में भी लॉन्च किए जा सकते हैं.
iPhone 18 Pro और Pro Max में क्या होगा खास?
Apple के आगामी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च इवेंट के सबसे बड़े आकर्षण हो सकते हैं. दोनों फोन में कंपनी की नई A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा Dynamic Island को पहले के मुकाबले छोटा किया जा सकता है.
फोन के कैमरा कंट्रोल बटन में भी सुधार की बात सामने आई है. वहीं, नए मॉडल में Dark Cherry कलर ऑप्शन भी मिल सकता है. iPhone 18 Pro Max को बड़ी बैटरी के कारण थोड़ा मोटा डिजाइन मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, वेरिएबल अपर्चर कैमरा सिर्फ Pro Max मॉडल तक सीमित रखा जा सकता है.
फोल्डेबल iPhone Ultra पर टिकी नजर
Apple पहली बार फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में उतर सकता है. कंपनी के इस प्रीमियम डिवाइस को iPhone Ultra नाम दिए जाने की चर्चा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें बाहर की तरफ 5.3 इंच की स्क्रीन और फोन खोलने पर 7.7 इंच का इंटरनल डिस्प्ले मिल सकता है.
फोल्डेबल iPhone में दो रियर कैमरे और एक फ्रंट कैमरा दिए जाने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इसमें Face ID की जगह Touch ID का इस्तेमाल किया जा सकता है. Apple फोल्डेबल फोन के लिए iOS 27 में खास फीचर्स भी जोड़ सकता है, जिसमें एक साथ दो ऐप चलाने की सुविधा शामिल हो सकती है.
Apple Watch Series 12 भी हो सकती है लॉन्च
Apple Watch Series 12 को भी इस इवेंट में पेश किए जाने की उम्मीद है. इसमें नया S11 चिप, बड़ी बैटरी और बेहतर फिटनेस ट्रैकिंग फीचर्स मिल सकते हैं. कंपनी प्रीमियम लुक के लिए Ceramic केस का विकल्प भी दे सकती है.
इसके साथ Apple Watch Ultra 4 भी चर्चा में है. इसमें बेहतर परफॉर्मेंस, फिटनेस और सैटेलाइट से जुड़े फीचर्स पर फोकस किया जा सकता है. रिपोर्ट्स में सैटेलाइट मैप्स और Messages के जरिए फोटो भेजने जैसे फीचर्स का भी जिक्र है.
AirPods 5 के दो मॉडल आने की उम्मीद
Apple अपने एंट्री-लेवल AirPods को भी अपडेट कर सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, AirPods 5 के दो वेरिएंट पेश किए जा सकते हैं. इनमें से एक मॉडल में Active Noise Cancellation (ANC) मिलेगा, जबकि दूसरा मॉडल कम कीमत वाला हो सकता है और इसमें ANC नहीं दिया जाएगा.
कुछ प्रोडक्ट अक्टूबर तक हो सकते हैं लेट
अगर सामने आई रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं तो फोल्डेबल iPhone Ultra इस लॉन्च इवेंट का सबसे बड़ा सरप्राइज हो सकता है. वहीं, iPhone 18 Pro सीरीज Apple की बिक्री को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकती है. हालांकि, Apple एक से ज्यादा लॉन्च इवेंट आयोजित करता रहा है. ऐसे में Apple Watch और AirPods के कुछ नए मॉडल सितंबर के बजाय अक्टूबर में लॉन्च किए जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Airtel ने जुलाई में जोड़े 26.88 लाख मोबाइल यूजर, Jio को मिले 24.46 लाख नए ग्राहक