Microsoft की सर्विस में बड़ी गड़बड़ी, 5 घंटे तक नहीं चले Outlook, Teams और Copilot; हजारों यूजर्स का काम ठप

Microsoft की सर्विस में आई तकनीकी खराबी से अमेरिका में हजारों यूजर्स परेशान हुए. Outlook, Teams और AI सर्विस Copilot करीब पांच घंटे तक प्रभावित रहे. कंपनी के कई सर्वर अचानक जवाब देना बंद कर गए, जिससे यूजर्स को कनेक्ट होने में दिक्कत हुई. Microsoft ने कुछ क्षेत्रों में सीमित सुधार की जानकारी दी.

माइक्रोसॉफ्ट Image Credit:

Microsoft की कई सर्विस में गुरुवार को आई तकनीकी खराबी से अमेरिका में हजारों यूजर्स का काम प्रभावित हुआ. Outlook, Teams और कंपनी की AI सर्विस Copilot तक यूज करने में लोगों को परेशानी हुई. आउटेज शुरू होने के करीब पांच घंटे बाद भी कंपनी सर्विस को पूरी तरह बहाल नहीं कर पाई थी. Microsoft के मुताबिक, कुछ क्षेत्रों में सीमित सुधार हुआ और यूजर्स धीरे-धीरे दोबारा कनेक्ट होने लगे थे.

Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, इस रुकावट का असर अमेरिका में कामकाजी दिन के बड़े हिस्से तक रहा. Microsoft के प्रोडक्ट कारोबार, सरकारी एजेंसियों और शैक्षणिक संस्थानों में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होते हैं. ऐसे में इनकी सर्विस प्रभावित होने से कई संगठनों का कामकाज बाधित हुआ.

Downdetector पर 1.38 लाख तक पहुंचीं शिकायतें

Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, Outlook से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें दोपहर करीब 1 बजे ET पर 138058 तक पहुंच गई थीं. शाम तक इनकी संख्या घटकर करीब 34490 रह गई. हालांकि, शिकायतें कम होने के बावजूद सर्विस पूरी तरह सामान्य नहीं हुई थीं.

Microsoft ने बताई आउटेज की वजह

Microsoft ने शुरुआत में बताया कि बढ़ते लोड के बीच उसके कई सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रह गए थे. कंपनी ने साफ किया कि इसकी वजह ट्रैफिक में अचानक बढ़ोतरी नहीं थी. एक प्रवक्ता ने कहा कि Microsoft 365 सर्विस में आ रही दिक्कतों की जांच की जा रही है, खासकर Exchange Online से जुड़ी समस्याओं की.

बाद की जांच में पता चला कि प्रभावित सर्वर पर चलने वाली एक मुख्य प्रक्रिया जरूरत से ज्यादा दबाव में आ रही थी. इससे सर्वर जवाब देना बंद कर रहे थे और उनकी क्षमता घट रही थी.

कंपनी ने शाम 5:11 बजे ET के अपडेट में कहा कि अब तक उठाए गए कदमों से उम्मीद के मुताबिक राहत नहीं मिली है. Microsoft प्रभावित सर्वर को बहाल करने और यूजर्स के ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर भेजने में जुटा था. कंपनी के मुताबिक, दोबारा चालू किए गए सर्वर स्थिर तरीके से काम कर रहे थे.

यह भी पढ़ेंः Netflix, 84 दिन की वैलिडिटी और डेली 2GB डेटा, Jio का ये प्लान है Airtel से ₹430 सस्ता

OpenAI और Anthropic की सर्विस भी प्रभावित

आउटेज का असर दूसरी टेक कंपनियों पर भी पड़ा. OpenAI ने Microsoft कनेक्टर्स से जुड़ी समस्याओं की जांच शुरू की. कंपनी ने बताया कि यूजर्स नए कनेक्शन स्थापित नहीं कर पा रहे थे और कुछ टूल उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे थे.

Anthropic ने भी अपने एक अपस्ट्रीम प्रोवाइडर से जुड़ी समस्या की जानकारी दी, जिससे उसका Microsoft 365 कनेक्टर प्रभावित हुआ.

अमेरिकी इलेक्ट्रिक ट्रक निर्माता Workhorse Group ने भी इस आउटेज के कारण कामकाज प्रभावित होने की बात कही. कंपनी ने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करने की तारीख 12 नवंबर से बढ़ाकर 16 नवंबर कर दी.