Mobile Recharge Hike: फिर पड़ेगी महंगे रीचार्ज की मार, बढ़ने वाला है मोबाइल किराया!
आने वाले दिनों में मोबाइल रिचार्ज महंगा होने वाला है, जिससे करोड़ों उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा. टेलिकॉम कंपनियों की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है, जिसके चलते रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (वीआई) जैसी प्रमुख टेलिकॉम कंपनियां टैरिफ में 10% से 15% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं.
मोतीलाल ओसवाल की एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि कंपनियों को फाइनेंशियल ईयर 27 तक अपनी आय में दो अंकों की वृद्धि बनाए रखनी है, तो करीब 15% तक रिचार्ज महंगा करना पड़ सकता है. यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से 5G नेटवर्क पर किए गए भारी निवेश की लागत वसूलने और एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) को बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है. डेटा खपत में रिकॉर्ड उछाल और बढ़ते टेलिकॉम बाजार के बीच, कंपनियों को मजबूत वित्तीय स्थिति बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया है. पिछले दो वर्षों में रिचार्ज प्लान महंगे होने के बावजूद, कंपनियों की राजस्व वृद्धि की रफ्तार धीमी हुई है. ग्राहक संख्या बढ़ने के बावजूद, प्रति ग्राहक आय में अपेक्षित वृद्धि न होने के कारण, यह टैरिफ बढ़ोतरी अब अपरिहार्य मानी जा रही है.