30% से ज्यादा महंगे हो सकते हैं प्रीमियम फोन, 1 लाख के पार जा सकती है कीमत
काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट सामने आई है जिसमें इस बात का जिक्र है कि एआई डेटा सेंटर की मांग बढ़ने से मेमोरी चिप की लागत भी तेजी से बढ़ी है. इस वजह से 2026 के अंत तक प्रीमियम फोन 30 फीसदी से ज्यादा महंगे होकर 1 लाख से भी ऊपर जा सकते हैं.

मेमोरी चिप की लागत में तेज वृद्धि के कारण ज्यादातर कंपनियों के महंगे और एडवांस स्मार्टफोन्स की कीमतें इस साल के अंत तक 30 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर एक लाख रुपए के पार पहुंच सकती है. बाजार शोध कंपनी काउंटरपॉइंट ने शुक्रवार को यह अनुमान जताया है.
ग्राहकों की भी बढ़ रही उम्मीदें
कंपनी के अनुसार, स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने के साथ ही लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ रही हैं. अब ग्राहक फोन की प्रोसेसिंग स्पीड, कैमरा, बैटरी, मजबूती और बिक्री के बाद मिलने वाली सेवाओं सहित अन्य सुविधाओं में बेहतर अनुभव चाहते हैं.
काउंटरपॉइंट रिसर्च ने रिपोर्ट में कहा, ‘कुछ साल पहले भारत में एक लाख रुपए का स्मार्टफोन मिलना दुर्लभ था. आज महंगे स्मार्टफोन की कीमतें लगातार बढ़ने के साथ यह कीमत आम होती जा रही है. प्रीमियम सेगमेंट के सबसे एडवांस स्मार्टफोन की कीमतें 2025 की तुलना में 2026 के अंत तक 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ने का अनुमान है.
रिपोर्ट के मुताबिक, स्मार्टफोन की कुल सामग्री लागत में मेमोरी चिप की हिस्सेदारी 2025 की शुरुआत के करीब 13 प्रतिशत से बढ़कर अब 40 प्रतिशत से अधिक हो गई है. साल के अंत तक इसके 43 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है.
काउंटरपॉइंट रिसर्च के शोध निदेशक तरुण पाठक ने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) डेटा सेंटर की बढ़ती मांग के कारण डीआरएएम और एनएएनडी मेमोरी की लागत बढ़ी है. इससे स्मार्टफोन की कुल सामग्री लागत में मेमोरी की हिस्सेदारी 2025 की शुरुआत के करीब 13 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत से अधिक हो गई है. इसके कारण स्मार्टफोन कंपनियां लागत को कंट्रोल करने के लिए फोन के फीचर, कलपुर्जों और उत्पाद रणनीति की समीक्षा कर रही हैं.
22 फीसदी तक महंगे हो चुके हैं आईफोन
रिपोर्ट के अनुसार, ओप्पो के महंगे स्मार्टफोन की कीमतों में सालाना आधार पर सबसे अधिक 82-87 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. वहीं, अल्ट्रा-प्रीमियम सेगमेंट में बाजार की अग्रणी कंपनी एपल के आईफोन की कीमतों में सालाना आधार पर 20-22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
ये भी पढ़ें- 7000mAh बैटरी वाला Lava Smart 4 Pro हुआ लॉन्च, कीमत 10,999 रुपए