Samsung का बड़ा धमाका! लॉन्च किए Galaxy Z8 Series के 3 नए फोल्डेबल स्मार्टफोन्स, आज रात से शुरू होगी प्री-ऑर्डर

Samsung ने अपनी नई Galaxy Z8 Series के तहत Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 लॉन्च कर दिए हैं. भारत में इन नए फोल्डेबल स्मार्टफोन्स की Pre-Order आज रात से शुरू होगी. नई सीरीज में पहले से पतला डिजाइन, बड़ा डिस्प्ले, AI और Gemini AI आधारित फीचर्स, बेहतर मल्टीटास्किंग और नई तकनीक दी गई है.

सैमसंग Image Credit: Getty Images

Galaxy Z8 Series: दिग्गज टेक कंपनी Samsung Electronics ने अपनी नई Galaxy Z8 Series से पर्दा उठा दिया है. कंपनी ने इस सीरीज के तहत तीन नए फोल्डेबल स्मार्टफोन्स Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 लॉन्च किए हैं. Samsung का दावा है कि नई Galaxy Z8 Series पहले की तुलना में अधिक पतली, हल्की और बड़े डिस्प्ले के साथ आती है, जिससे यूजर्स को बेहतर मल्टीटास्किंग और AI आधारित अनुभव मिलेगा. भारतीय ग्राहकों के लिए भी अच्छी खबर है. कंपनी ने घोषणा की है कि भारत में Galaxy Z8 Series की प्री-ऑर्डर आज रात से शुरू होगी, जबकि इन स्मार्टफोन्स की बिक्री अगले महीने की शुरुआत से शुरू की जाएगी.

तीन मॉडल, तीन अलग अनुभव

Samsung ने इस बार अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन मॉडल पेश किए हैं. Galaxy Z Fold8 Ultra उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो अधिक प्रोडक्टिविटी और बड़े डिस्प्ले पर कंटेंट का शानदार अनुभव चाहते हैं. वहीं, Galaxy Z Fold8 को कंपनी ने पासपोर्ट के साइज का कॉम्पैक्ट फोल्डेबल स्मार्टफोन बताया है. इसमें पहले की तुलना में डिस्प्ले की क्रीज कम दिखाई देती है और इसे प्रोफेशनल यूजर्स की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है.

दूसरी ओर, Galaxy Z Flip8 कंपनी का अब तक का सबसे पतला फ्लिप स्मार्टफोन है. इसे खास तौर पर उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है, जो स्टाइल, सेल्फ एक्सप्रेशन और चलते-फिरते तेजी से फोन इस्तेमाल करने का अनुभव चाहते हैं.

बड़े डिस्प्ले के साथ आसान होगी मल्टीटास्किंग

Samsung के मुताबिक, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Fold8 Ultra में पहले से बड़ा डिस्प्ले दिया गया है, जिससे एक साथ कई ऐप्स पर काम करना और मल्टीटास्किंग पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी. वहीं, Galaxy Z Flip8 में AI आधारित फ्लेक्सविंडो दिया गया है, जो फोन खोले बिना ही जरूरी जानकारी, नोटिफिकेशन और शॉर्टकट्स तक तुरंत पहुंच उपलब्ध कराता है.

Gemini AI देगा स्मार्ट एक्सपीरियंस

नई Galaxy Z8 Series में Gemini AI को भी बेहतर तरीके से इंटीग्रेट किया गया है. कंपनी का कहना है कि AI फीचर्स यूजर्स के रोजमर्रा के कामों को तेज और आसान बनाएंगे. इसके साथ ही प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. Samsung Electronics के सीईओ, प्रेसिडेंट और डिवाइस एक्सपीरियंस (डीएक्स) डिवीजन के प्रमुख टी एम रोह ने कहा कि जैसे-जैसे AI अधिक एडवांस होगा, मोबाइल डिवाइस हर यूजर के लिए और अधिक पर्सनल बनेंगे तथा उनकी जरूरतों के अनुसार खुद को बेहतर तरीके से ढाल सकेंगे.

नई तकनीक से और पतला हुआ फोल्डेबल फोन

Samsung ने इस सीरीज में नई फ्लेक्स टाइटेनियम तकनीक का इस्तेमाल किया है. कंपनी के अनुसार, यह टाइटेनियम आधारित डिस्प्ले स्ट्रक्चर फोल्डेबल फोन को पहले से अधिक पतला बनाने में मदद करता है, जबकि इसकी मजबूती भी बरकरार रहती है. इसके अलावा, नई तकनीक की मदद से हिंज मैकेनिज्म, डिस्प्ले टेंशन और मैग्नेटिक फोर्स को बेहतर बनाया गया है, जिससे फोन को खोलने और बंद करने का अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद हो गया है.

अब तक का सबसे पतला Galaxy Z Fold

Samsung का कहना है कि Galaxy Z Fold8 अब तक का सबसे पतला और हल्का फोल्ड सीरीज स्मार्टफोन है. गौरतलब है कि Galaxy Z Fold सीरीज की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी और अब यह अपनी आठवीं पीढ़ी में पहुंच चुकी है. शुरुआत में फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में Samsung का लगभग एकाधिकार था, लेकिन अब वीवो और मोटोरोला जैसी कंपनियां भी इस सेगमेंट में तेजी से अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं.

भारत में Apple से होगी सीधी टक्कर

भारतीय बाजार में Samsung की नई Galaxy Z8 Series की सीधी प्रतिस्पर्धा Apple के सुपर प्रीमियम स्मार्टफोन्स से होगी. यह वह श्रेणी है, जिसमें 1,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक कीमत वाले स्मार्टफोन्स शामिल हैं. विश्लेषकों का मानना है कि AI, बेहतर डिजाइन, हल्का वजन और मजबूत फोल्डेबल टेक्नोलॉजी के दम पर Samsung प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय ग्राहक नई Galaxy Z8 Series को कितना पसंद करते हैं और क्या यह फोल्डेबल स्मार्टफोन सेगमेंट में Samsung की बढ़त को और मजबूत कर पाती है.

यह भी पढ़ें: India-US ट्रेड डील लगभग तैयार, जयशंकर और रुबियो की मुलाकात के बाद अमेरिका का बड़ा बयान