X यूजर्स की मौज! अब 18 महीने पहले ही शेड्यूल कर सकेंगे पोस्ट, Android के लिए आया फीचर
X ने Android यूजर्स के लिए एक ऐसा फीचर लॉन्च किया है, जिसका लंबे समय से इंतजार था. अब यूजर्स अपनी पोस्ट 18 महीने पहले ही शेड्यूल कर सकेंगे.

X Post Scheduling Feature: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले Twitter) इस्तेमाल करने वालों के लिए अच्छी खबर है. कंपनी ने Android ऐप में पोस्ट शेड्यूल करने का फीचर रोलआउट कर दिया है. इसकी मदद से यूजर्स अपनी पोस्ट पहले से तैयार करके उसके पब्लिश होने की तारीख और समय तय कर सकते हैं. खास बात यह है कि इस फीचर से 18 महीने तक पहले पोस्ट शेड्यूल की जा सकेगी. इसमें टेक्स्ट के साथ फोटो और वीडियो भी जोड़े जा सकते हैं. अभी तक यह सुविधा X की वेबसाइट और iOS ऐप पर मिलती थी, लेकिन अब Android यूजर्स भी इसका फायदा उठा सकेंगे.
Android यूजर्स को भी मिला फीचर
X के स्टाफ सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवगेनी मात्सियुक ने 26 नवंबर को एक पोस्ट के जरिए इस नए फीचर की जानकारी दी. उन्होंने इसके इस्तेमाल का एक वीडियो भी शेयर किया. इस फीचर की मदद से Android यूजर्स अपनी पोस्ट लिखकर उसके पब्लिश होने का समय पहले ही तय कर सकते हैं. यूजर्स चाहें तो पोस्ट में फोटो और वीडियो भी जोड़ सकते हैं. इसके बाद तय तारीख और समय पर X खुद पोस्ट पब्लिश कर देगा.
18 महीने पहले तक कर सकेंगे पोस्ट शेड्यूल
इस फीचर की सबसे खास बात इसकी टाइम लिमिट है. X यूजर्स अपनी पोस्ट को 18 महीने पहले तक शेड्यूल कर सकेंगे. यानी अगर किसी यूजर को आने वाले कई महीनों के लिए पोस्ट तैयार करनी है, तो वह अभी से उनकी तारीख और समय तय कर सकता है. इसके लिए पोस्ट तैयार करने के बाद Set Schedule का विकल्प मिलेगा. इस पर टैप करके अपनी पसंद की तारीख और समय चुनना होगा. पोस्ट शेड्यूल होने के बाद यूजर को ऐप खुला रखने की जरूरत नहीं होगी.
Drafts में सेव रहेंगी सभी पोस्ट
X पर शेड्यूल की गई सभी पोस्ट Drafts सेक्शन में सेव रहेंगी. यूजर्स इस सेक्शन में जाकर अपनी शेड्यूल पोस्ट देख सकते हैं. अगर किसी पोस्ट में बदलाव करना है, तो उसे एडिट करने के साथ पब्लिश होने की तारीख और समय भी बदला जा सकता है. बदलाव करने के बाद Save Changes पर टैप करना होगा. वहीं, अगर यूजर बदलाव नहीं रखना चाहता है, तो उन्हें हटाने का विकल्प भी मिलेगा. जरूरत पड़ने पर शेड्यूल पोस्ट को पूरी तरह डिलीट भी किया जा सकता है.
पोस्ट शेड्यूल होने पर मिलेगा नोटिफिकेशन
पोस्ट शेड्यूल करने के बाद X की तरफ से यूजर को नोटिफिकेशन भेजा जाएगा. इससे पता चल जाएगा कि पोस्ट सफलतापूर्वक शेड्यूल हो गई है. इसके बाद यूजर X ऐप पर सामान्य तरीके से ब्राउजिंग कर सकता है या फोन में दूसरे काम कर सकता है. इस अपडेट के बाद Android यूजर्स को भी वे सुविधाएं मिलने लगी हैं, जो पहले वेबसाइट और iOS ऐप पर उपलब्ध थीं. कंपनी ने हाल ही में 13 से 17 साल के यूजर्स के अकाउंट के लिए Parental Controls फीचर भी जारी किया है.
यह भी पढ़ें: Black Friday Sale में iPhone से लेकर MacBook तक सस्ते, यहां मिल रहे दमदार ऑफर्स