FASTag को लेकर लाखों वाहन मालिकों में कन्फ्यूजन! क्या एक टैग से चला सकते हैं दो गाड़ियां? जानें क्या कहता है नियम

क्या एक ही FASTag को दो अलग-अलग गाड़ियों में इस्तेमाल किया जा सकता है? NHAI के 'One Vehicle, One FASTag' नियम के तहत अब एक वाहन के लिए केवल एक एक्टिव FASTag ही मान्य है. यदि किसी वाहन से एक से अधिक FASTag जुड़े हैं, तो केवल सबसे हाल में जारी FASTag एक्टिव रहेगा और बाकी निष्क्रिय कर दिए जाएंगे.

फास्टैग. Image Credit: @Tv9

FASTag Rules: देशभर में टोल प्लाजा पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए FASTag व्यवस्था लागू की गई है. इसके जरिए वाहन चालक बिना रुके टोल भुगतान कर सकते हैं, जिससे समय की बचत होती है और ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होती है. हालांकि, आज भी कई वाहन मालिकों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या एक ही FASTag को दो अलग-अलग वाहनों में इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस संबंध में स्पष्ट नियम बनाए हैं.

‘One Vehicle, One FASTag’ नियम है लागू

NHAI ने ‘One Vehicle, One FASTag’ नियम को 1 अप्रैल 2024 से लागू किया है. इस नियम के तहत एक वाहन के लिए केवल एक एक्टिव FASTag ही मान्य होगा. इसका सीधा मतलब है कि किसी एक FASTag का उपयोग दो अलग-अलग गाड़ियों में नहीं किया जा सकता. यह कदम FASTag के दुरुपयोग को रोकने और टोल कलेक्शन सिस्टम को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है.

NHAI के अनुसार, प्रत्येक FASTag को एक विशेष वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर से जोड़ा जाता है. ऐसे में यदि कोई व्यक्ति एक ही FASTag का उपयोग कई वाहनों में करने की कोशिश करता है, तो सिस्टम उसे स्वीकार नहीं करेगा और उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

एक वाहन पर कई FASTag होने पर क्या होगा?

कई बार वाहन मालिक अलग-अलग बैंकों या सर्विस प्रोवाइडर्स से एक से अधिक FASTag जारी करा लेते हैं. ऐसे मामलों में भी नियम स्पष्ट है. यदि किसी वाहन से एक से अधिक FASTag जुड़े हुए हैं, तो सबसे हाल में जारी किया गया FASTag एक्टिव रहेगा. बाकी सभी FASTag को निष्क्रिय कर दिया जाएगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य डुप्लिकेट FASTag और फर्जी उपयोग को रोकना है. इसलिए वाहन मालिकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके वाहन के लिए केवल एक ही एक्टिव FASTag मौजूद हो.

FASTag का स्टेटस कैसे जांचें

अगर आपको यह पता करना है कि आपके वाहन से कितने FASTag जुड़े हुए हैं या कौन-सा FASTag एक्टिव है, तो इसकी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है. इसके लिए वाहन मालिक NPCI के NETC FASTag पोर्टल पर जाकर अपने वाहन की जानकारी दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद वाहन से जुड़े सभी FASTag का स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा. यह सुविधा उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है, जिन्हें संदेह है कि उनके वाहन के नाम पर एक से अधिक FASTag जारी हो चुके हैं.

FASTag रिचार्ज करने के कई विकल्प

वाहन मालिक अपने FASTag को किसी भी अधिकृत बैंक के माध्यम से रिचार्ज कर सकते हैं. इसके अलावा UPI, नेट बैंकिंग और BBPS जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों का भी उपयोग किया जा सकता है. इससे FASTag को रिचार्ज करना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है.

KYC अपडेट रखना भी जरूरी

FASTag उपयोगकर्ताओं के लिए KYC अपडेट रखना भी अनिवार्य है. यदि किसी FASTag का KYC अधूरा है, तो संबंधित बैंक या सर्विस प्रोवाइडर ईमेल, SMS या अपने मोबाइल ऐप के जरिए इसकी सूचना भेजता है. KYC पूरा नहीं होने पर FASTag सर्विस में परेशानी आ सकती है. NHAI और बैंकों द्वारा जारी FASTag के लिए अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, जहां उपयोगकर्ता घर बैठे अपना KYC अपडेट कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: IPL खत्म, अब बिजनेस पर करो फोकस! गूगल से कुछ सीखो, जानें उदय कोटक ने कंपनियों को क्यों दी नसीहत