बिजली बिल अचानक ज्यादा आ रहा है? जानिए कैसे करें गलत बिल को चैलेंज और कहां करें शिकायत
क्या आपका बिजली बिल अचानक बढ़ गया है? स्मार्ट मीटर को लेकर देशभर में शिकायतें बढ़ रही हैं, जहां उपभोक्ता 15-30% ज्यादा बिल का आरोप लगा रहे हैं. जानिए आप अपने बिजली बिल को कैसे चैलेंज कर सकते हैं.

क्या आपके घर का बिजली बिल अचानक आसमान छूने लगा है? क्या आपको भी लगता है कि पंखे और लाइट वही हैं, लेकिन मीटर की रफ्तार दोगुनी हो गई है? देश भर में लगाए जा रहे ‘स्मार्ट मीटर’ इस समय विवादों के घेरे में हैं. एक तरफ सरकार इसे बिजली चोरी रोकने और पारदर्शिता लाने वाला क्रांतिकारी कदम बता रही है, तो दूसरी तरफ लाखों उपभोक्ता इसे अपनी जेब पर डकैती मान रहे हैं. आइए जानते हैं इस ‘स्मार्ट’ खेल के पीछे की हकीकत.
बिल में उछाल- तकनीकी खराबी या कुछ और?
उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत है कि पुराने एनालॉग या डिजिटल मीटर के मुकाबले स्मार्ट मीटर 15% से 30% ज्यादा बिल दिखा रहे हैं. स्मार्ट मीटर का सबसे परेशान करने वाला पहलू है ‘रिमोट डिस्कनेक्शन’. बिल जमा करने में देरी हुई नहीं कि दफ्तर में बैठा ऑपरेटर एक क्लिक से आपके घर की बत्ती गुल कर देता है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिना किसी नोटिस या चेतावनी के बिजली काटना मानवीय अधिकारों का उल्लंघन है, खासकर तब जब सर्वर डाउन होने के कारण पेमेंट अपडेट नहीं हो पाता.
यह भी पढ़ें: गर्मी में किचन बना ‘भट्ठी’? इन साइंटिफिक ट्रिक्स से 5 डिग्री तक कम करें तापमान, कुकिंग होगी आसान
गलत बिल को कैसे चैलेंज करें?
अगर आपको लगता है कि आपका मीटर ‘सुपरफास्ट’ दौड़ रहा है, तो चुपचाप बिल न भरें. इन स्टेप्स को अपनाएं:
- चेक मीटर की मांग: बिजली विभाग में आवेदन देकर ‘पैरलेल चेक मीटर’ लगवाएं. इससे पता चल जाएगा कि मुख्य मीटर सही रीडिंग दे रहा है या नहीं.
- लोड ऑडिट: सुनिश्चित करें कि आपके घर का लोड (KW) आपके कनेक्शन के अनुसार ही है. अतिरिक्त लोड भारी जुर्माने का कारण बनता है.
- कंज्यूमर फोरम: यदि विभाग सुनवाई न करे, तो ‘विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच’ (CGRF) में शिकायत दर्ज कर सकते हैं.