भीषण गर्मी में लू से बचाएगी जौ की रबड़ी, सरकार ने शेयर की रेसिपी; जानें कैसे बनाएं

तेज गर्मी और हीटवेव के बीच जौ की रबड़ी एक आसान, सस्ती और असरदार देसी उपाय है. इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और यह शरीर को ठंडा रखने में काफी मददगार साबित होती है. यह हरियाणा की पारंपरिक और बेहद फायदेमंद ड्रिंक मानी जाती है.

गर्मी में काम आएगी जौ की राबड़ी Image Credit: @tv9

Barley Raabri: साल 2026 की गर्मी काफी रिकॉर्ड तोड़ मानी जा रही है. अप्रैल महीने में ही देश के कई हिस्सों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि मई और जून अभी बाकी हैं. ऐसे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग समेत कई एजेंसियां लोगों को गर्मी से बचने के लिए लगातार गाइडलाइन जारी कर रही हैं. इसी बीच भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने एक खास देसी रेसिपी शेयर की है, जो शरीर को ठंडक देने में मदद करती है. इस रेसिपी का नाम है जौ की रबड़ी. यह हरियाणा की पारंपरिक और बेहद फायदेमंद ड्रिंक मानी जाती है.

जौ की रबड़ी में क्या-क्या लगता है?

जौ की रबड़ी बनाने के लिए कुल 9 चीजों की जरूरत होती है. इसमें जौ का दलिया, बेसन, गेहूं का आटा, दही, पानी, छाछ, नमक, पुदीने के पत्ते और भुना हुआ जीरा शामिल है. ये सभी चीजें मिलकर शरीर को ठंडा रखने में मदद करती हैं.

कैसे बनाएं जौ की रबड़ी?

सबसे पहले एक बाउल में दही और पानी डालकर उसे अच्छी तरह फेंट लें, ताकि एक स्मूद मिश्रण तैयार हो जाए. इसके बाद इसमें बेसन और गेहूं का आटा मिलाकर अच्छे से मिक्स करें और इसे करीब एक घंटे के लिए अलग रख दें. अब जौ को अच्छी तरह धोकर उसका पानी निकाल लें. इसके बाद एक गहरे बर्तन या प्रेशर कुकर में जौ, तीन कटोरी पानी और स्वादानुसार नमक डालकर धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें और उबाल आने तक पकाएं. फिर धीमी आंच पर इसे करीब 5 मिनट और पकने दें, ताकि जौ अच्छी तरह गल जाए.

अब इसमें पहले से तैयार दही और आटे का मिश्रण डालें और लगातार चलाते हुए उबाल आने तक पकाएं. जब यह अच्छी तरह पक जाए, तो इसे ठंडा होने दें और फिर रातभर के लिए ढककर रख दें, ताकि इसमें हल्का फर्मेंटेशन हो सके. अगले दिन इसमें छाछ डालकर अच्छे से मिलाएं और फेंट लें, ताकि कोई गुठली न रहे. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिलाकर इसकी कंसिस्टेंसी ठीक कर लें. अंत में इसमें कटी हुई पुदीने की पत्तियां और भुना हुआ जीरा डालें और ठंडा-ठंडा सर्व करें.

क्यों फायदेमंद है जौ की रबड़ी?

यह देसी ड्रिंक न सिर्फ शरीर को ठंडा रखती है, बल्कि गर्मी में लू से बचाने में भी मदद करती है. इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और पाचन को भी बेहतर बनाते हैं.

इसे भी पढ़ें- Dessert vs Tower कूलर में कौन है बेस्ट? जानें कीमत, खासियत और कौन बचाएगा बिजली बिल