Nvidia के CEO जेनसेन का एक और अफेयर आया सामने, कौन हैं कंपनी में 18 साल से काम कर रहीं शादीशुदा किम्बर्ली पॉवेल?
दोनों को मार्च में कंपनी की सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस के दौरान कैलिफोर्निया के सैन जोस स्थित एक होटल में कथित तौर पर एक-दूसरे के प्रति करीबी व्यवहार करते देखा गया था. यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब हुआंग के चीनी कारोबारी महिला Alice Huang के साथ कथित संबंधों को लेकर भी अलग विवाद चल रहा है.

दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia इन दिनों अपने CEO Jensen Huang की निजी जिंदगी से जुड़े आरोपों को लेकर चर्चा में है. कंपनी में हेल्थकेयर बिजनेस की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल (Kimberly Powell) के साथ Huang के कथित रिश्ते की खबर सामने आई है. The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों को मार्च में कंपनी की सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस के दौरान कैलिफोर्निया के सैन जोस स्थित एक होटल में कथित तौर पर एक-दूसरे के प्रति करीबी व्यवहार करते देखा गया था.
रिपोर्ट में Nvidia में काम कर चुके पांच लोगों के हवाले से यह दावा किया गया है. इनमें से दो लोगों ने कहा कि इस बातचीत का वीडियो भी बनाया गया था.
चीनी कारोबारी महिला के साथ संबंधों की चर्चा
हालांकि, जेनसेन हुआंग, किम्बर्ली पॉवेल और Nvidia ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है. यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब हुआंग के चीनी कारोबारी महिला Alice Huang के साथ कथित संबंधों को लेकर भी अलग विवाद चल रहा है. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने Alice Huang को चीनी कंपनियों तक Nvidia चिप्स की सप्लाई में मदद करने से जोड़ा है.
कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?
किम्बर्ली पॉवेल पिछले 18 साल से ज्यादा समय से Nvidia में काम कर रही हैं. उन्होंने 2008 में कंपनी में डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया था. इसके बाद लगातार तरक्की करते हुए वह कंपनी की हेल्थकेयर बिजनेस की वाइस प्रेसिडेंट बन गईं. कंपनी की कॉरपोरेट प्रोफाइल के मुताबिक, शुरुआत में पॉवेल की जिम्मेदारी मेडिकल इमेजिंग में Nvidia के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की थी.
Nvidia से जुड़ने से पहले वह एक इंजीनियर के तौर पर काम कर चुकी थीं. इसके बाद उन्होंने एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टार्टअप में प्रोडक्ट डेवलपमेंट का काम संभाला. इसी दौरान उन्होंने Nvidia से संपर्क कर कंपनी की कंप्यूटिंग चिप्स को लेकर बातचीत की थी.
कंपनी ने किया था पॉवेल से संपर्क
अगस्त में पब्लिश Lifers पॉडकास्ट के एक एपिसोड में Powell ने बताया था कि जब Nvidia ने हेल्थकेयर सेक्टर में अपनी तकनीक की संभावनाओं को पहचाना, तो कंपनी ने उन्हें अपने साथ काम करने के लिए संपर्क किया. उन्होंने इस मौके को अपने लिए ‘सपना सच होने’ जैसा बताया था.
2016 में बनीं सीनियर डायरेक्टर, 2017 में वाइस प्रेसिडेंट
LinkedIn प्रोफाइल के मुताबिक, Kimberly Powell को 2016 में सीनियर डायरेक्टर के पद पर प्रमोट किया गया. इस भूमिका में उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर फोकस करने वाली बिजनेस डेवलपमेंट टीम का नेतृत्व किया.
2017 के आखिर तक वह Nvidia की हेल्थकेयर बिजनेस की वाइस प्रेसिडेंट बन गईं. फिलहाल वह कंपनी के हेल्थकेयर कारोबार में हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, दोनों से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालती हैं. इसमें मेडिकल इमेजिंग, लाइफ साइंसेज और ड्रग डिस्कवरी से जुड़ी तकनीक शामिल हैं.
Business Insider को 2025 में दिए एक इंटरव्यू में Powell ने कहा था, ‘मैं लगभग पूरी तरह हेल्थकेयर में ही रहती और सांस लेती हूं. इसलिए मैं हर समय इसी के बारे में बात करती रहती हूं.’
शादीशुदा हैं पॉवेल
New York Post की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Powell की ऑनलाइन गतिविधियों से संकेत मिलता है कि वह शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं. हालांकि, उनके पति की पहचान सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है.
18 साल से ज्यादा समय से काम कर रही हैं पॉवेल
पॉवेल ने 2008 में Nvidia ज्वॉइन की थी. इस तरह वह कंपनी के CEO Jensen Huang के साथ 18 साल से ज्यादा समय से काम कर रही हैं. Huang ने 1993 में Nvidia की सह-स्थापना की थी और तब से कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं. अगस्त में Lifers पॉडकास्ट को दिए इंटरव्यू में Powell ने हेल्थकेयर सेक्टर को लेकर Huang की लंबे समय से चली आ रही दिलचस्पी और उनकी योजनाओं के बारे में भी बात की थी.
उन्होंने कहा था कि जेनसेन हुआंग को 20 साल से ज्यादा समय से हेल्थकेयर इंडस्ट्री में दिलचस्पी रही है. इसकी एक बड़ी वजह ऐसे शोधकर्ताओं को देखना था, जिनके पास इस क्षेत्र में सार्थक और प्रभावशाली काम करने के सपने थे. Nvidia के पास ऐसे लोगों के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करने वाले उपकरण हो सकते थे.
होटल में वीडियो बनाए जाने का दावा
The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के भीतर जेनसेन हुआंग और पॉवेल के कथित रिश्ते को लेकर चर्चा होती रही है. अखबार ने दो लोगों के हवाले से बताया कि मार्च में कंपनी की डेवलपर कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों को सैन जोस के एक होटल में कथित तौर पर एक-दूसरे के प्रति करीबी व्यवहार करते देखा गया था.
रिपोर्ट में कहा गया है कि जेनसेन हुआंग की सुरक्षा टीम ने एक व्यक्ति को इस बातचीत का वीडियो बनाते हुए देखा था. इसके बाद उस व्यक्ति को अलग ले जाया गया.
The New York Times की एक अन्य रिपोर्ट में तीन लोगों के हवाले से दावा किया गया कि उस व्यक्ति को नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर साइन करने का प्रस्ताव दिया गया था.
Nvidia में निजी रिश्तों को लेकर क्या नियम हैं?
इस विवाद के बाद Nvidia की वर्कप्लेस कंडक्ट पॉलिसी और कंपनी की आचार संहिता भी चर्चा में आ गई है. कंपनी की कोड ऑफ कंडक्ट की शुरुआत जेनसेन हुआंग के पत्र से होती है. इसमें निजी रिश्तों को उन गतिविधियों में शामिल किया गया है, जिनसे हितों का टकराव यानी कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट पैदा हो सकता है.
कंपनी कर्मचारियों से ऐसे हालात से बचने को कहती है, जिनमें उनके काम या फैसलों से हितों का टकराव हो सकता है. आचार संहिता में यह भी कहा गया है कि कंपनी गलत आचरण से जुड़ी शिकायतों की तुरंत जांच करती है.
जेनसेन को CEO पद से हटाने की तैयारी की खबर
जेनसेन हुआंग के निजी रिश्तों से जुड़ा विवाद अब Nvidia में उनकी नेतृत्वकारी भूमिका को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है. Wall Street Journal की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का बोर्ड 63 वर्षीय अरबपति Huang को CEO पद से हटाने की योजना बना रहा है. यह दावा उनके विवाहेतर संबंधों से जुड़ी खबरों के सामने आने के बाद किया गया है.
Nvidia के शेयरों में भारी गिरावट
इसी बीच, Huang को CEO पद से हटाए जाने की तैयारी से जुड़ी खबरों के बाद Nvidia के शेयरों में आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग के दौरान करीब 8% की गिरावट आई. बुधवार की बिकवाली को मिलाकर इस सप्ताह कंपनी का मार्केट वैल्यू करीब 600 अरब डॉलर घट चुका है.
Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का बोर्ड संभावित उत्तराधिकारियों की पहचान करने के लिए एक बाहरी फर्म के साथ काम कर रहा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि Nvidia के पास फिलहाल उत्तराधिकार की कोई स्पष्ट योजना नहीं है.
नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता
जेनसेन हुआंग को CEO पद से हटाए जाने की संभावित स्थिति करीब 4 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी में नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता पैदा कर सकती है. Huang ने 1993 में Nvidia की सह-स्थापना की थी और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप्स की दुनिया की लीडिंग सप्लायर कंपनी में बदल दिया.