Haldiram लेकर आएगी IPO, कंपनी ने शुरू कर दी तैयारी; 10000 करोड़ रुपये का हो सकता है इश्यू साइज
Haldiram IPO: हल्दीराम स्नैक्स फूड ने अपने IPO की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है. अगले साल भारत के कंज्यूमर सेक्टर में एक और बड़ी लिस्टिंग देखने को मिल सकती है. कोका-कोला इंडिया अपने बॉटलिंग बिजनेस, 'हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स' को लिस्ट कराने की योजना बना रही है.
Highlights
- यह कंपनी 2027 के आखिर में पब्लिक लिस्टिंग पर विचार कर रही है.
- हल्दीराम स्नैक्स फूड ने अपने IPO की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है.
- वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में 'हल्दीराम स्नैक्स फूड' का रेवेन्यू 7,762 करोड़ रुपये रहा.
Haldiram IPO: भारत के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) मार्केट में इन दिनों काफी हलचल देखने को मिल रही है. लगातार एक के बाद एक कंपनियां दलाल स्ट्रीट का रुख कर रही हैं. आईपीओ लाने वाली कंपनियों की लिस्ट में अब हल्दीराम स्नैक्स फूड का भी नाम जुड़ रहा है. ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, हल्दीराम स्नैक्स फूड ने अपने IPO की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है.
1 अरब डॉलर हो सकता है इश्यू साइज
इस मामले की सीधी जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि कंपनी ने कंप्लायंस मैनेजमेंट और अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल बिठाने के लिए EY को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफिस (PMO) की जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने बताया कि पारंपरिक भारतीय मिठाइयां और नमकीन बनाने वाली यह कंपनी 2027 के आखिर में पब्लिक लिस्टिंग पर विचार कर रही है.
इसका इश्यू साइज लगभग 10,000 करोड़ रुपये (करीब 1 अरब डॉलर) होने का अनुमान है, जबकि कंपनी की कुल वैल्यूएशन 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है.
प्रोसेस में कितना समय लग सकता है?
ईटी के अनुसार, एक एग्जीक्यूटिव ने कहा, ‘प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफिस टीम के साथ पब्लिक लिस्टिंग की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है. कंपनी का बिजनेस काफी फैला हुआ और जटिल है, इसलिए इस पूरी प्रक्रिया में 6 से 12 महीने या उससे ज्यादा का समय लग सकता है.’
उन्होंने आगे बताया कि इस प्रस्तावित IPO में मौजूदा शेयरधारकों द्वारा शेयरों की बिक्री (ऑफर फॉर सेल) और नए शेयरों का इश्यू (फ्रेश इश्यू) दोनों शामिल हो सकते हैं. हालांकि, हल्दीराम स्नैक्स फूड की तरफ से अभी आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा गया है.
कतार में कोका-कोला इंडिया भी
अगले साल भारत के कंज्यूमर सेक्टर में एक और बड़ी लिस्टिंग देखने को मिल सकती है. कोका-कोला इंडिया अपने बॉटलिंग बिजनेस, ‘हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स’ को लिस्ट कराने की योजना बना रही है, जिसकी वैल्यू भी 1 अरब डॉलर आंकी गई है. इस बेवरेज कंपनी ने पिछले हफ्ते ही भारतीय सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया है.
मर्जर के बाद हल्दीराम स्नैक्स फूड का हुआ गठन
हल्दीराम स्नैक्स फूड का गठन दिल्ली की ‘हल्दीराम स्नैक्स’ और नागपुर की ‘हल्दीराम फूड्स इंटरनेशनल’ के विलय के बाद हुआ था. कंपनी में निवेश करने वाले प्रमुख वैश्विक निवेशकों में टेमासेक (Temasek), इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी, अल्फा वेव ग्लोबल और एल कैटरटन (L Catterton) शामिल हैं.
पैक्ड स्नैक्स मार्केट पर निवेशकों का दांव
अमेरिकी निवेशक ‘एल कैटरटन’ (L Catterton) ने दिसंबर 2025 में निवेश किया, जबकि सिंगापुर की ‘टेमासेक’ (Temasek), ‘अल्फा वेव ग्लोबल’ (Alpha Wave Global) और UAE की ‘इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी’ ने मार्च-अप्रैल 2025 के दौरान हिस्सेदारी खरीदी.
इन निवेशकों ने भारत के तेजी से बढ़ते पैक्ड स्नैक्स मार्केट पर दांव लगाया है. साथ ही, इसका मकसद अमेरिका और पश्चिम एशिया जैसे उन देशों में कंपनी के ग्लोबल विस्तार को तेज करना है, जहां बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं.
कंज्यूमर सेक्टर की बड़ी डील
पिछले साल मार्च-अप्रैल में हुआ यह निवेश भारत के कंज्यूमर सेक्टर में अब तक की सबसे बड़ी प्राइवेट इक्विटी डील थी. इस डील के तहत स्नैक्स बनाने वाली इस कंपनी की वैल्यू 10 अरब डॉलर (उस समय के हिसाब से 85,000 करोड़ रुपये) आंकी गई थी.
इन तीन ग्लोबल निवेशकों ने मिलकर ‘हल्दीराम स्नैक्स फूड’ में लगभग 15 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी, जबकि उस समय कंपनी के फाउंडर-प्रमोटर अग्रवाल परिवार के पास 85 फीसदी हिस्सेदारी थी. दिसंबर में हुई खरीदारी के बाद कंपनी में ‘एल कैटरटन’ की कितनी हिस्सेदारी है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
‘क्रिसिल रेटिंग्स’ (Crisil Ratings) की एक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में ‘हल्दीराम स्नैक्स फूड’ का रेवेन्यू 7,762 करोड़ रुपये रहा, और इसका ऑपरेटिंग मार्जिन लगभग 19% था. क्रिसिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026 में रेवेन्यू में 9-10% की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.
हालांकि, इस दौरान बिजनेस को एक साथ समेटने (कंसोलिडेशन) से जुड़ी शुरुआती चुनौतियां और अमेरिकी टैरिफ के कारण एक्सपोर्ट में आई कमी का असर भी देखने को मिल सकता है.
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार, एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी और अलग-अलग कैटेगरी में नए प्रोडक्ट लाने की वजह से मध्यम अवधि में रेवेन्यू में डबल-डिजिट की ग्रोथ बनी रहने की उम्मीद है. इसके अलावा, कॉस्ट मैनेजमेंट और ऑपरेटिंग लीवरेज की मदद से ऑपरेटिंग मार्जिन भी स्थिर रहने की संभावना है.’
Latest Stories
क्या सबसे बड़ा होगा एंथ्रोपिक का IPO? 1.3 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन चाहती है कंपनी; $61 अरब जुटाने की योजना
Coca-Cola की बॉटलिंग कंपनी का IPO आएगा, SEBI के पास फाइल किए ड्राफ्ट पेपर; जानें पूरी डिटेल
इस IPO में पैसा लगाने वालों की चांदी, पहले ही दिन मिला 90 फीसदी रिटर्न, हर शेयर पर ₹142 का फायदा
