India US Trade Deal: अंतिम दौर में बातचीत, लेकिन अभी नहीं लगेगी मुहर, ट्रंप मोदी फिर कर सकते हैं बात
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन अभी समझौते पर जल्द मुहर लगने की उम्मीद नहीं है. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि दोनों देशों ने बचे हुए प्रमुख मुद्दों की पहचान कर ली है और उन्हें सुलझाने पर काम जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द फिर बातचीत कर सकते हैं. पीयूष गोयल भी समझौते को लगभग तैयार बता चुके हैं.

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है. हालांकि, इस समझौते पर जल्द मुहर लगने की संभावना अभी नहीं है. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा है कि दोनों देश बातचीत के आखिरी दौर में हैं, लेकिन अभी कई मुद्दों पर सहमति बननी बाकी है. उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही फिर बातचीत कर सकते हैं. इस बातचीत में ट्रेड डील की प्रगति की समीक्षा की जा सकती है.
ट्रेड डील पर बातचीत अंतिम दौर में
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने गुरुवार को मिलवॉकी में जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि दोनों देश बातचीत के अंतिम दौर में हैं. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अभी समझौते पर तुरंत मुहर लगने की उम्मीद नहीं है. दोनों देशों ने उन मुद्दों की पहचान कर ली है जिन पर अभी सहमति बननी बाकी है. इन मुद्दों को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष लगातार काम कर रहे हैं.
ट्रंप और मोदी के बीच बातचीत
जैमीसन ग्रीर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही फिर फोन पर बात कर सकते हैं. इस बातचीत का मकसद ट्रेड डील पर हुई प्रगति और आगे की स्थिति का जायजा लेना होगा. इससे पहले 30 सितंबर को दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इस बातचीत में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा की गई थी. दोनों नेताओं ने संपर्क बनाए रखने और भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी.
पीयूष गोयल और जैमीसन ग्रीर के बीच हुई बैठक
भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार शाम मिलवॉकी में जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की. यह बैठक जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई. दोनों नेताओं के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने पर चर्चा हुई. ग्रीर ने इस बातचीत को काफी सकारात्मक बताया. वहीं, पीयूष गोयल ने भी इसे उपयोगी चर्चा बताया और कहा कि दोनों देश आपसी फायदे वाले अंतरिम समझौते को जल्द पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें – UPI Transaction: सितंबर में घटे UPI ट्रांजैक्शन, टोटल वैल्यू में भी आई गिरावट, जानिए क्या है वजह
अमेरिकी टैरिफ से बातचीत में बढ़ी चुनौतियां
फरवरी में ट्रेड डील का फ्रेमवर्क तैयार होने के बाद अमेरिका की टैरिफ नीति में बदलाव हुआ. जुलाई में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने जबरन मजदूरी से जुड़ी नीतियों के मुद्दे पर भारत समेत 60 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ अतिरिक्त 10 फीसदी टैरिफ लगाया. इस कदम से भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक बातचीत में एक और मुद्दा जुड़ गया.
भारत सरकार ने कहा था कि अमेरिका को होने वाले उसके करीब 45 फीसदी निर्यात पर इन उपायों का असर नहीं था. भारतीय वाणिज्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत अमेरिका के साथ टैरिफ से जुडे मुद्दों और द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा करने के लिए बातचीत जारी रखे हुए है.