टर्बो इंजन वाली कार चलाते हैं? ये 4 गलतियां पड़ सकती हैं भारी, हो सकता है बड़ा नुकसान
आजकल कई आधुनिक कारों में टर्बो इंजन दिया जा रहा है, जो बेहतर पावर और माइलेज देता है. हालांकि टर्बो इंजन की सही देखभाल करना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि छोटी-छोटी गलतियां भी सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकती हैं. गाड़ी स्टार्ट करते ही रेस देना, लंबी ड्राइव के बाद तुरंत इंजन बंद करना और गलत इंजन ऑयल का इस्तेमाल जैसी आदतें टर्बो इंजन को प्रभावित कर सकती हैं.
Turbo Engine Maintenance: आजकल बाजार में आने वाली ज्यादातर आधुनिक कारों में टर्बो इंजन दिया जा रहा है. टर्बो इंजन बेहतर पावर और माइलेज देने के लिए जाना जाता है, लेकिन इसकी सही देखभाल करना भी उतना ही जरूरी होता है. कई बार ड्राइवर अनजाने में ऐसी छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं, जिससे टर्बो सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है. ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर कुछ आसान नियमों का ध्यान रखा जाए, तो टर्बो इंजन लंबे समय तक बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता है और महंगी मरम्मत से भी बचा जा सकता है.
सुबह स्टार्ट करते ही रेस देना बड़ी गलती
टर्बो इंजन वाली कारों में सबसे आम गलती यह होती है कि ड्राइवर गाड़ी स्टार्ट करते ही तुरंत एक्सीलरेटर दबा देते हैं. ऐसा करने से इंजन के सभी हिस्सों तक ऑयल सही तरीके से नहीं पहुंच पाता. इसी तरह लंबे सफर के बाद तुरंत इंजन बंद कर देना भी टर्बो के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इससे टर्बो में मौजूद गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और समय के साथ यह सिस्टम खराब हो सकता है.
स्टार्ट के बाद रखें आइडल टाइम
ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक सुबह गाड़ी स्टार्ट करने के बाद कम से कम 30 सेकेंड से 1 मिनट तक इंजन को आइडल मोड में चलने देना चाहिए. इससे इंजन ऑयल पूरे सिस्टम में सही तरीके से फैल जाता है और टर्बो को पर्याप्त लुब्रिकेशन मिल जाता है. यह छोटी सी आदत टर्बो की उम्र बढ़ाने में काफी मदद करती है.
लंबी ड्राइव के बाद इंजन तुरंत बंद न करें
अगर आप लंबी दूरी तय करके आए हैं या गाड़ी हाई स्पीड पर चली है, तो इंजन को तुरंत बंद नहीं करना चाहिए. बेहतर होता है कि इंजन को करीब 1 मिनट तक आइडल पर चलने दिया जाए. इससे टर्बो की गर्मी धीरे-धीरे कम हो जाती है और उसके अंदर कार्बन जमने का खतरा भी कम रहता है.
सही इंजन ऑयल का इस्तेमाल जरूरी
टर्बो इंजन के लिए सही ग्रेड का इंजन ऑयल इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है. गलत या कम गुणवत्ता वाला ऑयल टर्बो की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है. इसलिए जब भी कार की सर्विस कराएं, तो यह जरूर सुनिश्चित करें कि कंपनी द्वारा सुझाए गए ग्रेड का ही इंजन ऑयल इस्तेमाल किया जा रहा हो. ऑटो विशेषज्ञों के अनुसार इन छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर टर्बो इंजन को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और गाड़ी की परफॉर्मेंस भी बेहतर बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: दुनिया के किस देश के पास है सबसे अधिक तेल के भंडार, टॉप 10 में कहां हैं अमेरिका, रूस और ईरान?
