दुनिया के किस देश के पास है सबसे अधिक तेल के भंडार, टॉप 10 में कहां हैं अमेरिका, रूस और ईरान?

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हार्मुज स्ट्रेट पर संभावित खतरे के बीच दुनिया के तेल भंडार को लेकर चर्चा तेज हो गई है. वेनेजुएला दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार वाला देश है, जबकि सऊदी अरब और ईरान दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं. रूस और अमेरिका भी टॉप 10 में शामिल हैं.

दुनिया का सबसे ज्यादा तेल भंडार

Top 10 Countries World’s Largest Oil Reserves: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने वैश्विक तेल बाजार की चिंता बढ़ा दी है. ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बना दिया है. सबसे ज्यादा चर्चा हार्मुज स्ट्रेट को लेकर हो रही है, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में गिना जाता है. खाड़ी देशों से निकलने वाले कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचता है. वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20 से 30 प्रतिशत हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से गुजरता है.

ऐसे माहौल में यह सवाल भी अहम हो जाता है कि दुनिया के किन देशों के पास सबसे ज्यादा तेल का भंडार मौजूद है.

दुनिया में कितनी है तेल की मांग

ओपेक की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2024 में दुनिया में तेल की औसत मांग 103.84 मिलियन बैरल प्रति दिन तक पहुंच गई. यह पिछले साल के मुकाबले 1.49 मिलियन बैरल प्रति दिन यानी लगभग 1.5 फीसदी अधिक है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2024 के अंत तक दुनिया में कुल प्रमाणित कच्चे तेल का भंडार करीब 1,566,869 मिलियन बैरल रहा. यह पिछले साल के मुकाबले लगभग 2,340 मिलियन बैरल यानी करीब 0.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है.

किस देश के पास है दुनिया का सबसे ज्यादा तेल भंडार

दुनिया में सबसे ज्यादा तेल भंडार के मामले में वेनेजुएला पहले स्थान पर है. यहां करीब 303,221 मिलियन बैरल तेल का सर्टिफाइड रिजर्व मौजूद है. यह वैश्विक कुल भंडार का लगभग पांचवां हिस्सा माना जाता है.

हाल के सालों में वेनेजुएला अंतरराष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में भी रहा है. 2026 की शुरुआत में वहां की सत्ता को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब अमेरिका ने वहां एक सैन्य अभियान चलाया. इस ऑपरेशन में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाया गया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई को अमेरिका के प्रभाव को मजबूत करने और वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार तक पहुंच सुनिश्चित करने की रणनीति बताया.

दुनिया के टॉप 10 तेल भंडार वाले देश

रैंकदेश तेल भंडार (मिलियन बैरल)
1वेनेजुएला303,221 mb
2सऊदी अरब267,200 mb
3ईरान208,600 mb
4कनाडा163,440 mb
5इराक145,019 mb
6संयुक्त अरब अमीरात113,000 mb
7कुवैत101,500 mb
8रूस80,000 mb
9लीबिया48,363 mb
10अमेरिका45,014 mb

इस लिस्ट से साफ है कि तेल रिजर्व के मामले में मध्य पूर्व के कई देश अभी भी दुनिया में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. सऊदी अरब, ईरान, इराक, यूएई और कुवैत जैसे देश वैश्विक ऊर्जा बाजार के बड़े खिलाड़ी बने हुए हैं. वहीं रूस और अमेरिका भी शीर्ष दस देशों में शामिल हैं.

भारत की स्थिति क्या है?

भारत तेल रिजर्व के मामले में दुनिया के शीर्ष देशों से काफी पीछे है. ग्लोबल लेवल पर भारत 22वें स्थान पर है. भारत में कुल 4,981 मिलियन बैरल कच्चे तेल का भंडार मौजूद है. यह 2023 की तुलना में 132 मिलियन बैरल अधिक है. हालांकि यह मात्रा वेनेजुएला, सऊदी अरब और ईरान जैसे देशों की तुलना में काफी कम है.

इसे भी पढ़ें- भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में जोरदार उछाल, 728.5 बिलियन डॉलर पहुंचा; गोल्ड रिजर्व में भी हुई बढ़ोतरी