Kia Sorento: सामने आई नई फ्लैगशिप SUV की पहली झलक, प्रीमियम डिजाइन के साथ हाईटेक इंटीरियर
Kia Sorento की पहली आधिकारिक तस्वीरें सामने आ गई हैं. नई फ्लैगशिप SUV में दमदार एक्सटीरियर, प्रीमियम 7-सीटर केबिन, एडवांस टेक्नोलॉजी और हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है. भारत में लॉन्च के साथ यह प्रीमियम SUV सेगमेंट में नई चुनौती पेश कर सकती है.

Kia ने अपनी फ्लैगशिप SUV Sorento की पहली आधिकारिक एक्सटीरियर और इंटीरियर तस्वीरें जारी कर दी हैं. तस्वीरों से साफ है कि कंपनी ने इस SUV को पहले के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम, आकर्षक और टेक्नोलॉजी से भरपूर बनाने पर जोर दिया है. नई Sorento का डिजाइन काफी दमदार नजर आता है, जबकि केबिन में लग्जरी और आधुनिक फीचर्स का इस्तेमाल किया गया है.
बाहर से ऐसा दिखेगा नया डिजाइन
नई Kia Sorento के एक्सटीरियर में कंपनी ने SUV को ज्यादा स्कल्प्टेड और मजबूत लुक देने की कोशिश की है. इसका फ्रंट डिजाइन काफी चौड़ा और आकर्षक दिखाई देता है. SUV की बॉडी पर साफ-सुथरी लाइंस और मजबूत शेप इसे सड़क पर एक अलग पहचान देने में मदद करती हैं.
Kia ने Sorento को अपनी मौजूदा डिजाइन लैंग्वेज के हिसाब से आधुनिक रूप दिया है. इसमें प्रीमियम लुक के साथ SUV की मजबूत पहचान को भी बरकरार रखा गया है. कंपनी का फोकस इसे एक ऐसी फ्लैगशिप SUV बनाने पर है, जो देखने में बड़ी और महंगी कारों को टक्कर दे सके.
प्रीमियम और टेक्नोलॉजी से भरपूर केबिन
नई Sorento का इंटीरियर इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है. आधिकारिक तस्वीरों में केबिन को टैन और ब्लैक डुअल-टोन कलर थीम में दिखाया गया है. सीटों और डोर पैनल पर डायमंड-क्विल्टेड स्टिचिंग दी गई है, जिससे केबिन का लुक काफी प्रीमियम दिखाई देता है.
डैशबोर्ड और डोर स्पीकर ग्रिल्स के आसपास पर्पल/वायलेट एम्बिएंट लाइटिंग दी गई है. यह सेटअप SUV के इंटीरियर को सामान्य सफेद या नीली एम्बिएंट लाइटिंग से अलग और ज्यादा प्रीमियम फील देता है.
7-सीटर SUV के तौर पर होगी पेश
Sorento ग्लोबल मार्केट में तीन-row वाली 7-सीटर SUV के तौर पर उपलब्ध है. अलग-अलग बाजारों में इसमें डीजल, हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन के विकल्प मिलते हैं. Kia के अनुसार इसके कुछ वेरिएंट ऑल-व्हील ड्राइव के साथ भी आते हैं.
हालांकि भारत में आने वाली Sorento के इंजन, वेरिएंट और फीचर्स की पूरी जानकारी कंपनी की ओर से अलग से स्पष्ट की जानी बाकी है. इसलिए ग्लोबल मॉडल के फीचर्स को सीधे भारतीय मॉडल से जोड़ना अभी सही नहीं होगा.
भारत में कब आएगी नई Kia Sorento?
Kia Sorento को भारत में कंपनी की फ्लैगशिप SUV के तौर पर पेश करने की तैयारी कर रही है. TOI Auto की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में इसकी लॉन्चिंग 4 सितंबर को होने की उम्मीद है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि Sorento में AWD विकल्प मिलेगा और यह Kia की पहली स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पेशकशों में शामिल होगी.
नई Sorento के जरिए Kia का मुकाबला भारत के प्रीमियम SUV सेगमेंट में मौजूद मजबूत खिलाड़ियों से होगा. इसके डिजाइन, बड़े केबिन, तीन-row सीटिंग और हाईटेक फीचर्स को देखते हुए यह SUV उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जो एक प्रीमियम और ज्यादा फीचर वाली बड़ी SUV चाहते हैं. भारत में इसकी कीमत और पावरट्रेन की आधिकारिक जानकारी लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- लॉन्च से पहले दिखी 2026 Bajaj Pulsar 125, मिलेगा TFT डिस्प्ले