30,000 रुपये तक महंगी होने वाली हैं Maruti की कारें! 14 जून से पहले बुकिंग कर बचाएं बड़ा पैसा

अगर आप मारुति सुजुकी की वैगनर, ऑल्टो के10, सेलेरियो या एस-प्रेसो जैसी बजट कार खरीदने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए राहत भरी हो सकती है. कंपनी ने हाल ही में प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम की घोषणा की है, जिसके तहत ग्राहक आगामी मूल्य वृद्धि से पहले पुरानी कीमतों पर ही इन कारों को बुक कर सकते हैं. मारुति सुजुकी ने मई में घोषणा की थी कि वह जून से अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाएगी.

यह वृद्धि इनपुट और मैन्युफैक्चरिंग लागत में बढ़ोतरी के कारण होगी और रिपोर्ट्स के अनुसार, अलग-अलग मॉडल्स पर यह ₹30,000 तक हो सकती है. हालांकि, यदि आप 14 जून तक इनमें से किसी भी छोटी कार की बुकिंग कर लेते हैं, तो आपको बढ़ी हुई कीमत की चिंता नहीं करनी पड़ेगी. कंपनी का यह कदम सिर्फ ग्राहक-हितैषी नहीं, बल्कि एक व्यापारिक रणनीति भी है. भारतीय कार बाज़ार में एसयूवी की बढ़ती लोकप्रियता के कारण हैचबैक सेगमेंट की बिक्री में गिरावट आई है.

मारुति इस स्कीम के ज़रिए पहली बार कार खरीदने वाले एंट्री-लेवल ग्राहकों को बाज़ार से बाहर होने से बचाना चाहती है. इस योजना का लाभ उठाकर ग्राहक अपनी पसंदीदा कार को पुरानी कीमतों पर खरीद कर हज़ारों रुपये की बचत कर सकते हैं.

Short Videos