New Renault Duster सुरक्षा में सबसे आगे! क्रैश टेस्ट में मिली 5-स्टार रेटिंग, ADAS फीचर्स से लैस
Renault Duster ने Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है. एडल्ट और चाइल्ड प्रोटेक्शन दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए SUV ने मजबूत सुरक्षा साबित की. इसमें 6 एयरबैग, ADAS और 360 कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं, जिससे यह सेगमेंट में मजबूत विकल्प बनती है.

भारतीय सड़कों पर एक बार फिर अपना दबदबा बनाने के लिए तैयार रेनॉल्ट डस्टर (Renault Duster) ने लॉन्च से पहले ही अपनी मजबूती का लोहा मनवा लिया है. भारत NCAP (B-NCAP) द्वारा किए गए हालिया क्रैश टेस्ट में डस्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है. यह रेटिंग न केवल वयस्कों (Adults) के लिए है, बल्कि बच्चों (Child Protection) की सुरक्षा के मामले में भी डस्टर ने बेहतरीन अंक प्राप्त किए हैं.
वयस्कों की सुरक्षा में ‘वजनदार’ प्रदर्शन
क्रैश टेस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 64 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर हुए फ्रंटल टेस्ट में डस्टर के स्ट्रक्चर ने सवारियों को काफी सुरक्षित रखा. ड्राइवर के सिर, गर्दन और जांघों को ‘गुड’ (बेहतरीन) रेटिंग मिली है, जबकि छाती और पैरों के निचले हिस्से की सुरक्षा को ‘एडिक्वेट’ (पर्याप्त) माना गया है. वहीं, को-ड्राइवर साइड की बात करें तो वहां सुरक्षा का स्तर और भी ऊंचा रहा, जहां शरीर के लगभग सभी हिस्सों को ‘गुड’ रेटिंग दी गई है. साइड इम्पैक्ट और पोल टेस्ट में भी डस्टर ने खुद को एक सुरक्षित व्हीकल साबित किया है.
बच्चों की सुरक्षा का रखा खास ख्याल
रेनॉल्ट डस्टर ने बच्चों की सुरक्षा (COP) के मामले में 49 में से 45 अंक हासिल किए हैं. टेस्ट के दौरान 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी के साथ किए गए परीक्षण में डस्टर ने फ्रंट और साइड दोनों तरफ से होने वाले हमलों में अधिकतम सुरक्षा दी है. ISOFIX माउंट्स और रियर-फेसिंग सीट अरेंजमेंट की वजह से बच्चों के लिए यह कार सबसे सुरक्षित विकल्पों में से एक बनकर उभरी है.
चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (COP) – 45/49
| टेस्ट पैरामीटर | स्कोर |
| डायनामिक स्कोर | 24/24 |
| CRS इंस्टॉलेशन स्कोर | 12/12 |
| व्हीकल असेसमेंट स्कोर | 9/13 |
एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (AOP) – 30.49/32
| टेस्ट पैरामीटर | स्कोर |
| फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेंबल बैरियर टेस्ट | 14.49/16 |
| साइड मूवेबल डिफॉर्मेंबल बैरियर टेस्ट | 16/16 |
| साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट | OK |
आधुनिक सुरक्षा फीचर्स से है लैस
डस्टर की इस कामयाबी के पीछे इसके स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स का बड़ा हाथ है. रेनॉल्ट ने इसमें सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया है. इस SUV में 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), और ABS के साथ EBD जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं. इसके अलावा, इसमें लेवल-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम), 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं, जो इसे तकनीकी रूप से भी सुरक्षित बनाते हैं.
यह भी पढ़ें: रोशनी, जगह और लॉक… कार पार्किंग के ये 5 नियम आपकी गाड़ी को रखेंगे पूरी तरह सेफ, रहें टेंशन फ्री
कीमत और कड़ा मुकाबला
भारतीय बाजार में रेनॉल्ट डस्टर की एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होकर 18.69 लाख रुपये तक जाती है. 5-स्टार रेटिंग मिलने के बाद अब इसका सीधा मुकाबला टाटा सिएरा, किआ सेल्टोस, हुंडई क्रेटा और टाटा कर्व जैसी कारों से होगा. इसके अलावा, यह स्कोडा कुशाक फेसलिफ्ट और फॉक्सवैगन टाइगुन को भी कड़ी टक्कर देगी. सुरक्षा के प्रति जागरूक भारतीय ग्राहकों के लिए अब डस्टर एक बेहद मजबूत विकल्प के रूप में उभरी है.