Tata Punch EV Facelift ने क्रैश टेस्ट में गाड़े झंडे, हासिल की 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग

Tata Punch EV Facelift BNCAP Safety Rating: टाटा मोटर्स की इस कॉम्पैक्ट एसयूवी ने क्रैश टेस्ट में अपनी मजबूती दिखाई है और ये कई नई बात नहीं है. टाटा मोटर्स की हर गाड़ी अपनी लोहालाट मजबूती के लिए जानी जाती है. चलिए आपको बताते हैं कि पंच ईवी फेसलिफ्ट को एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी में कितने नंबर मिले हैं?

पंच ईवी फेसलिफ्ट सेफ्टी रेटिंग Image Credit: BNCAP

Tata Motors की इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट एसयूवी Punch EV Facelift ने हालिया Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फुल 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है. 2026 में किए गए इन टेस्ट में टेस्टेड मॉडल पंच.ईवी एडवेंचर 40 और एम्पावर्ड+ एस 40 वेरिएंट थे. कार ने एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (एओपी) में 32 में से 31.09 अंक और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (सीओपी) में 49 में से 45 अंक हासिल किए. फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में पंच ईवी को 16 में से 15.28 जबकि साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में 16 में से 15.80 मिले हैं. गाड़ी ने साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में भी OK रिजल्ट दर्ज किया है.

इसे डायनामिक स्कोर में 24 में से ज्यादा से ज्यादा 24 प्वाइंट और CRS इंस्टॉलेशन के लिए 12 में से पूरे 12 प्वाइंट मिले हैं. गाड़ी का असेसमेंट स्कोर 13 में से 9 रहा है. 18 महीने के बच्चे और 3 साल के बच्चे, दोनों के लिए, भारत NCAP ने Joie i-Spin Safe चाइल्ड रेस्ट्रेंट सिस्टम का इस्तेमाल किया. दोनों चाइल्ड डमी ने आगे के इम्पैक्ट टेस्ट में 8 में से ज्यादा से ज्यादा 8 और साइड इम्पैक्ट टेस्ट में 4 में से 4 स्कोर किया. चाइल्ड सीट को i-SIZE ISOFIX/LEG सेटअप का इस्तेमाल कर पीछे की ओर (RWF) पोज़िशन में इंस्टॉल किया गया था.

सेफ्टी फीचर्स

जिस मॉडल का टेस्ट किया गया, उसमें ड्राइवर और पैसेंजर के लिए स्टैंडर्ड फ्रंट एयरबैग, साइड कर्टेन एयरबैग, साइड चेस्ट एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और सीट बेल्ट रिमाइंडर लगे थे. दूसरी लाइन की बाहर की सीटों के लिए ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट दिए गए हैं.

Tata Punch EV Facelift Price in India

टाटा मोटर्स की इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमत 9 लाख 69 हजार रुपए (एक्स शोरूम) से शुरू होती है, ये दाम इस गाड़ी के बेस वेरिएंट का है. अगर आप इस गाड़ी का टॉप वेरिएंट लेते हैं तो आपको 12 लाख 79 हजार (एक्स शोरूम) खर्च करने पड़ेंगे. BaaS प्रोग्राम के साथ इस कार की शुरुआती कीमत 6 लाख 49 हजार रुपए (एक्स शोरूम) है, अगर आप इस प्रोग्राम के तहत गाड़ी लेते हैं तो आपको बैटरी के लिए प्रति किलोमीटर 2.60 रुपए चार्ज किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें- New vs Old Brezza: डिजाइन से फीचर्स तक, 2026 मॉडल में क्या-क्या बदला?