भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी VinFast, 2027 की शुरुआत में एंट्री की तैयारी, सालाना 10 लाख यूनिट बनाने का लक्ष्य
वियतनाम की ऑटो कंपनी VinFast 2027 की शुरुआत में भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी शुरुआत में दो मॉडल पेश करेगी और भविष्य में सालाना 10 लाख यूनिट बनाने की क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है. इसके लिए तमिलनाडु में अलग प्रोडक्शन लाइन, डीलर नेटवर्क और बैटरी स्वैपिंग सिस्टम तैयार किया जा रहा है.

वियतनाम की ऑटोमोबाइल कंपनी VinFast अब भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. कंपनी 2027 की शुरुआत में भारत में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर सकती है. इसके लिए तमिलनाडु स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में अलग प्रोडक्शन लाइन तैयार की जा रही है. कंपनी शुरुआत में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर मॉडल पेश करेगी.
VinFast की योजना भारत में सालाना 10 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने की क्षमता विकसित करने की है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि शुरुआत में इतनी बड़ी क्षमता पर निवेश नहीं किया जाएगा. बाजार में ग्राहकों की प्रतिक्रिया और डिमांड के हिसाब से प्रोडक्शन बढ़ाया जाएगा.
2027 में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर से होगी शुरुआत
VinFast भारत में शुरुआती दौर में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर मॉडल उतारने की योजना बना रही है. कंपनी के इंडिया टू-व्हीलर बिजनेस के CEO अनुराग सक्सेना के मुताबिक, भारतीय बाजार के लिए तैयार किए जाने वाले स्कूटर वियतनाम में बिकने वाले मॉडल से अलग होंगे.
इनकी डिजाइन में कुछ समानताएं हो सकती हैं, लेकिन साइज, स्पेस और स्पेसिफिकेशन भारतीय ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से तैयार किए जाएंगे. कंपनी फैमिली इस्तेमाल से लेकर व्यक्तिगत जरूरतों और परफॉर्मेंस पसंद करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर अलग-अलग प्रोडक्ट पेश करना चाहती है.
10 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने की क्षमता का प्लान
कंपनी के एशिया CEO तपन घोष के मुताबिक, भारत में टू-व्हीलर कारोबार के लिए सालाना 10 लाख यूनिट तक की प्रोडक्शन क्षमता विकसित की जा सकती है. हालांकि, कंपनी शुरुआत में इतनी क्षमता स्थापित करने के लिए तुरंत निवेश नहीं करेगी.
पहले नए स्कूटर लॉन्च किए जाएंगे और उसके बाद ग्राहकों की प्रतिक्रिया के आधार पर उत्पादन बढ़ाया जाएगा. भारत में कंपनी का यह विस्तार उसके 2 अरब डॉलर के निवेश प्लान का हिस्सा है. इसमें से 500 मिलियन डॉलर का निवेश पहले ही किया जा चुका है.
34 शहरों में 50 से ज्यादा डीलर से करार
VinFast ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की लॉन्चिंग से पहले अपना डीलर नेटवर्क तैयार करना शुरू कर दिया है. कंपनी अब तक 15 राज्यों के 34 शहरों में 50 से ज्यादा डीलरों के साथ करार कर चुकी है.
कंपनी का लक्ष्य इस नेटवर्क को बढ़ाकर 100 शहरों में 300 डीलरशिप तक पहुंचाना है. टू-व्हीलर और पैसेंजर व्हीकल के लिए कंपनी अलग-अलग डीलरशिप नेटवर्क तैयार कर रही है.
बैटरी स्वैपिंग और चार्जिंग नेटवर्क पर भी फोकस
इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वाले ग्राहकों की सबसे बड़ी चिंताओं में से एक बैटरी की रेंज और चार्जिंग की सुविधा है. इसे ध्यान में रखते हुए VinFast बैटरी स्वैपिंग और दूसरे चार्जिंग विकल्पों पर भी काम कर रही है.
बैटरी स्वैपिंग की सुविधा से ग्राहकों को बैटरी चार्ज होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. कंपनी बैटरी की ओनरशिप से जुड़े जोखिम को कम करने के लिए भी नए विकल्प तलाश रही है. इसके अलावा कंपनी लॉन्च से पहले स्थानीय कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने और कस्टमर सर्विस सिस्टम तैयार करने पर काम कर रही है.
तमिलनाडु में बढ़ेगा मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क
VinFast का तमिलनाडु के थूथुकुडी में करीब 450 एकड़ में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है. कंपनी ने राज्य सरकार के साथ अतिरिक्त 500 एकड़ जमीन के लिए भी समझौता किया है.
फिलहाल कंपनी अपने नए टू-व्हीलर मॉडल CKD किट के जरिए भारत लाने की तैयारी में है. CKD यानी कंप्लीटली नॉक्ड डाउन किट में वाहन के अलग-अलग हिस्से विदेश से लाकर भारत में असेंबल किए जाते हैं.
कंपनी के प्लांट में फिलहाल करीब 15% लोकलाइजेशन है. उत्पादन बढ़ने के साथ भारत में ही ज्यादा पार्ट्स की खरीद और निर्माण करने की योजना है. भविष्य में भारत से राइट हैंड ड्राइव वाले देशों में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एक्सपोर्ट करने पर भी कंपनी का फोकस रहेगा.