TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

ESIC के नए नियम लागू, ₹21,000 तक सैलरी वालों को मिलेगा फायदा, बीमारी और मातृत्व के लिए क्लेम करने की जरूरत नहीं

ESIC ने 2026 के नए नियम अधिसूचित कर दिए हैं. इसके तहत 21,000 रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को बीमारी और मातृत्व लाभ के लिए अलग से क्लेम नहीं करना होगा. आधार लिंक बैंक खाते में सीधे पैसा भेजने का प्रावधान किया गया है. नए नियमों में भुगतान की समयसीमा और दुर्घटना क्लेम की प्रक्रिया भी आसान बनाई गई है.

कर्मचारी राज्य बीमा निगम

Highlights

  • ₹21,000 तक सैलरी वालों के लिए ESIC की सदस्यता सीमा निर्धारित
  • बीमारी और मातृत्व लाभ के लिए ऑटोमैटिक क्लेम का प्रावधान
  • बीमारी का पैसा सात दिन में देने की समयसीमा तय

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. केंद्र सरकार ने ESIC के नए नियम 2026 अधिसूचित कर दिए हैं. इन नियमों के तहत पात्र कर्मचारियों को बीमारी और मातृत्व लाभ पाने के लिए अलग से क्लेम फाइल करने की जरूरत नहीं होगी. निर्धारित शर्तें पूरी होने पर पैसा सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किया जा सकेगा.

नए नियम 21 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गए हैं. सरकार ने ESIC स्कीम के लिए सामान्य कर्मचारियों की वेतन सीमा 21,000 रुपये प्रति महीने रखी है. वहीं, दिव्यांग कर्मचारियों के लिए यह सीमा 25,000 रुपये है. नए नियमों का मकसद कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना और क्लेम से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाना है.

₹21,000 तक सैलरी वालों को मिलेगा ESIC का फायदा

ESIC स्कीम के तहत ऐसे कर्मचारियों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े लाभ मिलते हैं, जिनकी मासिक सैलरी निर्धारित सीमा के भीतर होती है. सामान्य कर्मचारियों के लिए यह सीमा 21,000 रुपये और दिव्यांग कर्मचारियों के लिए 25,000 रुपये है.

इस स्कीम में कर्मचारी और कंपनी दोनों का योगदान होता है. कर्मचारी अपनी ग्रॉस सैलरी का 0.75 फीसदी और नियोक्ता 3.25 फीसदी योगदान देता है. हालांकि, 176 रुपये प्रतिदिन तक मजदूरी पाने वाले कर्मचारियों को अपने हिस्से का योगदान देने से छूट मिलती है. ऐसे कर्मचारियों की ओर से नियोक्ता को योगदान देना होता है.

बीमारी और मातृत्व लाभ के लिए नहीं करना होगा क्लेम

नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव बीमारी और मातृत्व लाभ को लेकर किया गया है. अब पात्र कर्मचारियों को इन लाभों के लिए अलग से क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी. निर्धारित शर्तें पूरी होने पर ESIC खुद लाभ की प्रक्रिया शुरू कर सकेगा और पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जा सकेगा.

इसके लिए कर्मचारी का मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के इंफॉर्मेशन सिस्टम के जरिए जारी होना चाहिए. संबंधित अवधि के लिए नियोक्ता को ESIC पोर्टल पर Form 8B रिटर्न जमा करना होगा. इसके अलावा कर्मचारी का बैंक अकाउंट आधार से लिंक होना चाहिए. उसका ESIC इंश्योरेंस नंबर भी आधार से जुड़ा होना जरूरी है.

नौकरी के दौरान चोट लगने पर भी मिलेगा फायदा

नए नियमों में काम के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं के मामलों में भी कर्मचारियों को राहत दी गई है. अगर ESIC किसी चोट को रोजगार से जुड़ी दुर्घटना मानता है, तो नियोक्ता की ओर से जमा की गई दुर्घटना रिपोर्ट को ही क्लेम माना जा सकेगा.

इससे कर्मचारियों को अस्थायी दिव्यांगता, स्थायी दिव्यांगता और कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार को मिलने वाले आश्रित लाभ के लिए अलग से आवेदन करने की परेशानी कम होगी.

ESIC ने भुगतान के लिए तय की समयसीमा

नए नियमों में अलग-अलग लाभ के भुगतान की समयसीमा भी निर्धारित की गई है. इसके तहत:

  • बीमारी का लाभ 7 दिनों के भीतर देने का प्रावधान है.
  • मातृत्व लाभ की पहली किस्त 14 दिनों में दी जाएगी.
  • अंतिम संस्कार के खर्च का भुगतान 15 दिनों में होगा.
  • अस्थायी दिव्यांगता लाभ की पहली किस्त एक महीने में मिलेगी.
  • स्थायी दिव्यांगता लाभ की पहली किस्त भी एक महीने में दी जाएगी.
  • कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रितों को पहला भुगतान तीन महीने में किया जाएगा.

नियोक्ता की गलती से नहीं रुकेगा कर्मचारी का लाभ

नए नियमों में नियोक्ताओं की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है. कंपनियों को कर्मचारियों की बीमारी, छुट्टी और मातृत्व लाभ से जुड़ी जानकारी ESIC पोर्टल पर जमा करनी होगी. इसके लिए Form 8B की व्यवस्था की गई है, जिसे कम से कम हर महीने जमा करना अनिवार्य होगा.

अगर नियोक्ता जरूरी जानकारी समय पर जमा नहीं करता है, तो ESIC संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए उससे संपर्क कर सकता है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कंपनी की लापरवाही के कारण पात्र कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा लाभ से वंचित न रहें.

ESIC के नए नियमों से कर्मचारियों को क्या फायदा होगा?

नए नियमों से कर्मचारियों को बीमारी, मातृत्व और नौकरी के दौरान दुर्घटना से जुड़े लाभ हासिल करने में आसानी होगी. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि पात्र कर्मचारियों के लिए कुछ लाभों की प्रक्रिया अपने आप शुरू हो सकेगी. इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और भुगतान में होने वाली देरी घटाने में मदद मिलेगी.

हालांकि, ऑटोमैटिक भुगतान के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट, नियोक्ता की रिपोर्ट और आधार से जुड़े बैंक खाते जैसी शर्तें पूरी करना जरूरी होगा. इसलिए कर्मचारियों को अपना आधार, बैंक अकाउंट और ESIC इंश्योरेंस नंबर अपडेट रखना चाहिए.

यह भी पढ़ें- भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करेगी VinFast, 2027 की शुरुआत में एंट्री की तैयारी, सालाना 10 लाख यूनिट बनाने का लक्ष्य