बजट 2026: फूड, फर्टिलाइजर और फ्यूल सब्सिडी खर्च में 4.47% की कटौती, सरकार को फिस्कल बैलेंस की राहत
यूनियन बजट 2026-27 में सरकार ने खाद्य, उर्वरक और ईंधन सब्सिडी पर खर्च 4.47% घटाने का प्रस्ताव रखा है. वहीं, सरकार को FY27 में कुल सब्सिडी ₹4.10 लाख करोड़ रहने का अनुमान है. इससे फिस्कल बैलेंस मजबूत होगा और सरकार को विकास कार्यों में ज्यादा निवेश का मौका मिलेगा.
यूनियन बजट 2026-27 में सरकार ने फूड, फर्टिलाइजर और फ्यूल सब्सिडी पर खर्च को काबू में रखने की दिशा में अहम कदम उठाया है. इससे एक ओर फिस्कल डेफिसिट पर दबाव कम होगा, वहीं दूसरी ओर सरकार के पास इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपेक्स और सोशल सेक्टर में ज्यादा निवेश की गुंजाइश बनेगी. बजट के मुताबिक, FY27 में इन तीनों मदों पर कुल सब्सिडी खर्च 4.47% घटकर ₹4,10,495 करोड़ रहने का अनुमान है.
क्या है अनुमान
सरकार के अनुमान के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 में फूड, फर्टिलाइजर और ईंधन पर ₹4,29,735 करोड़ की सब्सिडी दी जाएगी जबकि अगले वित्त वर्ष में यह बोझ कम होने की उम्मीद है. इस कटौती की बड़ी वजह खाद्य, उर्वरक और पेट्रोलियम सब्सिडी के संशोधित अनुमान कम होना है.
खाद्य सब्सिडी में मामूली कमी
FY27 में खाद्य सब्सिडी ₹2,27,629 करोड़ रहने का अनुमान है जो FY26 के संशोधित अनुमान ₹2,28,154 करोड़ से थोड़ा कम है. खाद्य सब्सिडी का बड़ा हिस्सा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के तहत आता है, जिसके जरिए सरकार 81 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराती है.
फर्टिलाइजर सब्सिडी में सबसे ज्यादा कटौती
अगले वित्त वर्ष में फर्टिलाइजर सब्सिडी ₹1,70,805 करोड़ रहने का अनुमान है, जो FY26 के संशोधित अनुमान ₹1,86,460 करोड़ से काफी कम है. इसमें यूरिया सब्सिडी ₹1,16,805 करोड़ और नॉन-यूरिया उर्वरक सब्सिडी ₹54,000 करोड़ शामिल है.
फ्यूल सब्सिडी भी घटेगी
FY27 में पेट्रोलियम सब्सिडी ₹12,085 करोड़ रहने का अनुमान है जबकि चालू वित्त वर्ष में इसका संशोधित अनुमान ₹15,121 करोड़ है. इससे साफ है कि सरकार ईंधन सब्सिडी के बोझ को भी धीरे-धीरे कम करने की रणनीति पर काम कर रही है.
| मद | FY26 (संशोधित अनुमान) | FY27 (अनुमान) |
|---|---|---|
| फ़ूड सब्सिडी | 2,28,154 | 2,27,629 |
| फर्टिलाइजर सब्सिडी | 1,86,460 | 1,70,805 |
| यूरिया | — | 1,16,805 |
| नॉन-यूरिया | — | 54,000 |
| पेट्रोलियम सब्सिडी | 15,121 | 12,085 |
| कुल सब्सिडी | 4,29,735 | 4,10,495 |
इसे भी पढ़ें: सिर्फ 0.02% STT से कितना कमा लेती है सरकार, हर ट्रेडिंग पर मिलता इतना पैसा, जानकर हो जाएंगे हैरान




