सिर्फ 0.02% STT से कितना कमा लेती है सरकार, हर ट्रेडिंग पर मिलता इतना पैसा, जानकर हो जाएंगे हैरान

बजट 2026 में सरकार ने F&O ट्रेडिंग पर STT बढ़ाने का ऐलान किया जिससे बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली. सरकार का कहना है कि इसका मकसद सट्टेबाजी पर लगाम लगाना है. STT से कमाई बढ़ने की उम्मीद है. आइये जानते हैं कि सरकार की STT से कितनी कमाई होती है.

एसटीटी बढ़ोतरी Image Credit: canva

केंद्र सरकार ने बजट 2026 में सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने का ऐलान किया है. फ्यूचर्स (Futures) ट्रेडिंग पर पहले जहां 0.02% STT लगता था अब उसे बढ़ाकर 0.05% कर दिया गया है. वहीं, ऑप्शंस ट्रेडिंग पर STT बढ़ाकर 0.15% कर दिया गया है, जो कि पहले 0.1 फीसदी था. इस घोषणा के बाद शेयर बाजार धड़ाम हो गया. इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स 2,000 अंकों से अधिक टूट गया और निफ्टी 50 भी गिरकर 24,600 के स्तर से नीचे आ गया. इस गिरावट से साफ पता चलता है कि F&O ट्रेडर्स और शॉर्ट-टर्म मार्केट प्लेयर्स इस फैसले से चिंतित नजर आए. आइये जानते हैं कि सरकार की STT से कितनी कमाई होती है.

क्यों बढ़ाया गया STT

बजट के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि फ्यूचर्स और ऑप्शंस पर एसटीटी बढ़ाने का उद्देश्य अत्यधिक सट्टेबाजी पर अंकुश लगाना है. वित्त मंत्री ने दोहराया कि एसटीटी में बढ़ोतरी मामूली है और इसका एकमात्र उद्देश्य अत्यधिक सट्टेबाजी को रोकना है.

सरकार की कितनी कमाई

इससे शेयर बाजार में बढ़ती ट्रेडिंग एक्टिविटी और टैक्स रेट्स में बढ़ोतरी के चलते सरकार की सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) से होने वाली कमाई में तेज इजाफा होगा. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में STT कलेक्शन ₹53,095 करोड़ रहा था.

जेरोधा के को-फाउंडर नितिन कामत 30 जनवरी को लिंक्डइन पर बताया था कि सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए STT कलेक्शन का अनुमान ₹78,000 करोड़ रखा था लेकिन 11 जनवरी तक STT से करीब ₹45,000 करोड़ ही जुट पाए हैं. अगर 31 मार्च तक और करीब ₹12,000 करोड़ का कलेक्शन भी हो जाता है, तो कुल रकम लगभग ₹57,000 करोड़ ही पहुंचेगी, जो अनुमान से करीब 25% कम है.

अब कितना लगेगा STT

  • अगर निफ्टी फ्यूचर के एक लॉट की वैल्यू 1,0000 रुपये है. पहले के नियम के अनुसार आपको इस पर 0.02% की दर से केवल 2 रुपये का सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स देना पड़ता था. अब नए बजट प्रस्ताव के बाद इस टैक्स को बढ़ाकर 0.05 फीसदी कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि अब उसी 10000 रुपये के लॉट पर आपको 5 रुपये का टैक्स देना होगा.
  • मान लीजिए कि आपने निफ्टी ऑप्शन का एक लॉट खरीदा है जिसकी प्रीमियम वैल्यू 10000 रुपये है. पुराने नियमों के मुताबिक, इस पर 0.1% के हिसाब से 10 रुपये का STT देना होता था. अब 0.15 फीसदी के हिसाब से इस प्रीमियम पर 15 रुपये का टैक्स चुकाना होगा.