कौन हैं आरती शाह? Nvidia के CEO का उत्तराधिकारी चुनने में निभाएंगी बड़ी भूमिका
गुजरात यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाली डॉ. आरती शाह Nvidia के बोर्ड में अहम जिम्मेदारी निभा रही हैं. वह कंपनी के नए CEO के चयन की प्रक्रिया का हिस्सा हैं. Eli Lilly में करीब 27 साल काम कर चुकीं आरती को टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस और डिजिटल हेल्थ का लंबा अनुभव है. जानिए उनकी पढ़ाई और करियर की पूरी कहानी.

अमेरिका की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia के बोर्ड में शामिल भारतीय मूल की डॉ. आरती शाह इन दिनों चर्चा में हैं. गुजरात यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाली आरती शाह कंपनी के उस बोर्ड का हिस्सा हैं, जो नए CEO की तलाश में अहम भूमिका निभाएगा. उन्हें टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस और बिजनेस मैनेजमेंट का लंबा अनुभव है.
कौन हैं डॉ. आरती शाह?
डॉ. आरती शाह भारतीय मूल की एक अनुभवी कॉरपोरेट लीडर हैं. वह साल 2020 से Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हैं. उन्होंने दवा कंपनी Eli Lilly में करीब 27 साल तक काम किया. इस दौरान उन्होंने कई बड़े पदों पर जिम्मेदारी संभाली.
Eli Lilly में वह सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और चीफ इंफॉर्मेशन एंड डिजिटल ऑफिसर के पद पर रहीं. इसके अलावा उन्होंने स्टैटिस्टिक्स, रिसर्च, बायोमेट्रिक्स और ग्लोबल ब्रांड डेवलपमेंट से जुड़े काम भी संभाले. साल 2021 में उन्होंने कंपनी छोड़ दी थी.
गुजरात यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई
आरती शाह की शुरुआती उच्च शिक्षा गुजरात यूनिवर्सिटी से हुई. उन्होंने 1987 में यहां से स्टैटिस्टिक्स और मैथेमेटिक्स में बीएस और एमएस की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, रिवरसाइड से 1993 में एप्लाइड स्टैटिस्टिक्स में पीएचडी की.
उनकी विशेषज्ञता में आईटी, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, एडवांस एनालिटिक्स और डिजिटल हेल्थ जैसे क्षेत्र शामिल हैं. यही अनुभव उन्हें Nvidia के बोर्ड में अहम बनाता है.
कई बड़ी कंपनियों और संस्थाओं के बोर्ड में शामिल
Nvidia के अलावा आरती शाह कई दूसरी कंपनियों और संस्थाओं के बोर्ड में भी जिम्मेदारी निभा रही हैं. वह फार्मास्युटिकल कंपनी Sandoz Group के बोर्ड में 2023 से शामिल हैं. यहां वह साइंस, इनोवेशन और डेवलपमेंट से जुड़ी समिति का भी हिस्सा हैं.
इसके अलावा वह फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी Northwestern Mutual के बोर्ड और उसकी ऑडिट तथा टेक्नोलॉजी समितियों में शामिल हैं. उन्होंने St. Jude Children’s Research Hospital और उससे जुड़ी संस्था ALSAC में भी बोर्ड की जिम्मेदारी संभाली है.
Nvidia के नए CEO के चयन में निभाएंगी भूमिका
Nvidia के CEO पद में बदलाव के बाद कंपनी का बोर्ड नए स्थायी CEO की तलाश कर रहा है. इस प्रक्रिया में आरती शाह समेत बोर्ड के दूसरे सदस्य आंतरिक और बाहरी उम्मीदवारों पर विचार करेंगे. फिलहाल कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. इस तरह गुजरात यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने वाली आरती शाह अब दुनिया की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक के शीर्ष नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया का हिस्सा हैं.
आरती शाह का बेटा भी Nvidia में करता है काम
आरती शाह का Nvidia से एक पारिवारिक जुड़ाव भी है. कंपनी की साल 2026 की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, उनका बेटा भी Nvidia में काम करता है. वित्त वर्ष 2026 में उसे करीब 2.65 लाख डॉलर का कुल मुआवजा मिला था. हालांकि, रिपोर्ट में उसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है.